जंगल में जुआ खेल रहे 16 जुआरी गिरफ्तार, खड़गवां पुलिस ने ₹2.36 लाख से अधिक का मशरूका किया जब्त

जंगल में जुआ खेल रहे 16 जुआरी गिरफ्तार, खड़गवां पुलिस ने ₹2.36 लाख से अधिक का मशरूका किया जब्त

13-Nov-2026    7:47:53 am    98    सावन कुमार- संपादक

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में खड़गवां पुलिस ने ग्राम बहालपुर के जंगल में देर रात घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 16 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹75,150 नगद सहित करीब ₹2 लाख 36 हजार 790 रुपये का मशरूका जब्त किया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एवं एमसीबी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध कारोबार और जुआ-सट्टा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बहालपुर के जंगल में कुछ लोग देर रात जुआ खेल रहे हैं।

सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी खड़गवां निरीक्षक रमेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने 10 नवंबर 2026 की देर रात जंगल में घेराबंदी कर दबिश दी और जुआ खेलते हुए 16 आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹75,150 नगद, 12 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग ₹1 लाख 61 हजार रुपये बताई गई है, 52 पत्ती ताश, दो गड्डी, दो दरी और एक सीएफएल बल्ब सहित कुल लगभग ₹2,36,790 का सामान जब्त किया।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना खड़गवां में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रमेश कुमार जायसवाल सहित पुलिस टीम के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस तरह के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।