कोरिया में हड़ताली पटवारियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो निलंबित, 50 के सेवा-विच्छेद के आदेश कोरिया।

कोरिया में हड़ताली पटवारियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो निलंबित, 50 के सेवा-विच्छेद के आदेश कोरिया।

12-Nov-2026    9:51:26 am    41    सावन कुमार- संपादक

कोरिया। जिले में 13 अक्टूबर से जारी पटवारियों की हड़ताल को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। हड़ताल में शामिल 50 पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सभी के सेवा-विच्छेद (ब्रेक इन सर्विस) के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं, दो पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही अक्टूबर माह का वेतन भी किसी हड़ताली पटवारी को जारी नहीं किया गया है।

कलेक्टर कार्यालय की ओर से 11 नवंबर 2026 को सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को भेजे गए पत्र में कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी गई है। पत्र के अनुसार, निलंबित दोनों पटवारियों के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा हड़ताल में शामिल सभी 50 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरिया जिले में कुल 59 पटवारी पदस्थ हैं, जिनमें से 50 पटवारी हड़ताल पर हैं। बैकुंठपुर तहसील में 19 में से 17, पटना में 17 में से 15, पोड़ी-बचरा में 11 में से 9 तथा सोनहत तहसील में 12 में से 9 पटवारी हड़ताल में शामिल हैं।

प्रशासनिक कार्रवाई के तहत पटना और सोनहत तहसील के एक-एक पटवारी को निलंबित किया गया है। वहीं, जिले के नौ पटवारी हड़ताल से अलग रहे, जिनमें आठ परिवीक्षाधीन और एक नियमित पटवारी शामिल हैं।

पटवारियों की हड़ताल के बीच जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजरें हड़ताल और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।