दस साल से बदहाल हिरागिरी सुलभ कॉम्प्लेक्स, गंदगी के बीच सुविधा तलाशने मजबूर वार्डवासी
चिरमिरी। नगर निगम चिरमिरी के हल्दीबाड़ी स्थित वार्ड क्रमांक 14 का हिरागिरी सुलभ कॉम्प्लेक्स इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। जिस परिसर का निर्माण आम नागरिकों को शौचालय और स्नान जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था, आज वही परिसर गंदगी और अव्यवस्थाओं का केंद्र बन चुका है। विडंबना यह है कि पिछले करीब दस वर्षों से इस सार्वजनिक सुविधा केंद्र की समुचित देखरेख नहीं होने के कारण इसकी स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हिरागिरी सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण एसईसीएल द्वारा कराया गया था। प्रारंभिक दौर में इसके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी एसईसीएल के पास थी, लेकिन लगभग दस वर्ष पूर्व इसे नगर पालिक निगम चिरमिरी को हस्तांतरित कर दिया गया। इसके बाद रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम के पास आ गई। बावजूद इसके, स्थानीय लोगों का आरोप है कि हस्तांतरण के बाद से कॉम्प्लेक्स की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
न पानी की व्यवस्था, न सफाई; बदहाल हो रही सार्वजनिक सुविधा
मौजूदा हालात यह हैं कि कॉम्प्लेक्स में नियमित पानी की व्यवस्था तक उपलब्ध नहीं है। साफ-सफाई के अभाव में परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। लंबे समय से न तो आवश्यक मरम्मत कराई गई है और न ही रंग-रोगन हुआ है। ऐसे में शौचालय और स्नान की सुविधा के लिए बनाए गए इस परिसर की उपयोगिता ही सवालों के घेरे में आ गई है।
शिकायतों के बाद भी नहीं बदली तस्वीर
स्थानीय वार्डवासियों का कहना है कि कॉम्प्लेक्स की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार वार्ड पार्षद के समक्ष समस्या उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आई। सार्वजनिक सुविधा केंद्र की इस दुर्दशा का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। खासकर उन लोगों को अधिक परेशानी होती है, जिनके आसपास ऐसी वैकल्पिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
दस साल से उपेक्षा, आखिर कब जागेगा नगर निगम?
सवाल यह है कि लाखों रुपये खर्च कर निर्मित सार्वजनिक संपत्तियों के रखरखाव की जिम्मेदारी तय होने के बावजूद उनकी ऐसी दुर्दशा क्यों हो रही है? एसईसीएल से नगर निगम को हस्तांतरण के बाद क्या निगम प्रशासन ने कभी इसकी स्थिति का निरीक्षण किया? यदि नहीं, तो आखिर वार्डवासियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए कब तक परेशान होना पड़ेगा?
अब वार्डवासियों ने नगर निगम प्रशासन से हिरागिरी सुलभ कॉम्प्लेक्स की तत्काल साफ-सफाई, नियमित जलापूर्ति, आवश्यक मरम्मत और रंग-रोगन कराने की मांग की है, ताकि वर्षों से उपेक्षित यह सार्वजनिक सुविधा केंद्र दोबारा आम नागरिकों के उपयोग बन सके।









-Banner.jpg)







