Breaking News
आम मुद्दे
विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रही सरकार की योजनाएं/जिले के तीन जनपद के छः ग्राम पंचायतों में हुआ आयोजन/हर कार्यक्रम में उमड़ी रही भीड़, हितग्राही सीधे ले रहे योजनाओं का लाभ’
मनेन्द्रगढ़/ केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हितग्राहियों तक सीधे पहुंचाने के लिए आज 19 दिसंबर को विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से जिले तीन जनपदों के 6 ग्राम पंचायतों में विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। जिले के तीन जनपद पंचायत जिसमें मनेन्द्रगढ़ के ग्राम पंचायत बरबसपुर प्रथम पाली में तथा द्वितीय पाली में उजियारपुर, जनपद पंचायत खड़गवां ग्राम पंचायत पोडीडीह में प्रथम पाली में तथा द्वितीय पाली में ग्राम पंचायत कोडागी में इसी प्रकार जनपद पंचायत जनकपुर के ग्राम पचंायत मैनपुर प्रथम पाली में तथा द्वितीय पाली में बेनीपुरा में कार्यक्रय का आयोजन किया गया। जिसमें विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के तहत प्रत्येक व्यक्ति को शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिये वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिसके परिणाम स्वरूप कार्यक्रम में बड़े स्तर पर भीड़ जमा हो रही है। जिसके अंतर्गत जिले में चिन्हित किये गये स्थानों में प्रशासनिक अमला शिविर स्थल में आए आमजन को शासन की अनेक योजनाओं से जोड़ने तथा उससे उनको लाभ दिलाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे है।
कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित अभियान में सम्मिलित योजनायें- आयुष्मान भारत, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, दीनदयाल अन्त्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएम आवास योजना (ग्रामीण), पीएम उज्वला योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम पोषण अभियान, हर घर जल जल जीवन मिशन, गांवों का सर्वेक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में तात्कालिक प्रौद्योगिकी के साथ मानचित्रण (स्वामित्व), जनधन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीएम प्रणाम योजना, नैनो फर्टिलाईजर इसके अतिरिक्त सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, एकलव्य आवासीय विध्यालय में पंजीयन, स्कॉलरशीप योजना, वन अधिकार पट्टा-व्यक्तिगत एवं सामूहिक, वन धन विकास केन्द्र शामिल है।
स्वास्थ्य मेला में ग्रामीण करा रहे बी.पी., शुगर की जांच:- विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में ग्रामीण जनता स्वास्थ्य मेला का बहुत ज्यादा लाभ उठा रही है। जहां-जहां भी स्वास्थ्य शिविर का मेला लग रहा है। वहां पर स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला जांच दल के साथ लगा रहता है। आज बरबसपुर तथा उजियारपुर में एनसीडी स्क्रीनिंग 460, सिकलसेल की जांच 309, आयुष्मान कार्ड 85, टी.बी स्क्रीनिंग 254, हीमोग्लोबिन टेस्ट 309, बुखार जांच 63 तथा 46 लोगों ने सर्दी-खांसी की जांच करायी।
कार्यक्रम स्थलों पर मोबाइल वैन रथ का स्वागत गीत व नृत्य के साथ किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल में समूह की दीदियों द्वारा धरती कहे पुकार एवं स्कूली छात्रों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम में मेरी जुबानी मेरी कहानी के अन्तर्गत अलग-अलग योजनाओं से हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किया। केन्द्र सरकार की योजनाओं से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राही ग्राम पंचायत कोडागी निवासी श्रीमती फूल कुमारी कुजूर मुस्कराते हुए बताया कि मुझे प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ मिल रहा है। मुझे आज भोजन बनाने में बहुत सुविधा हो रही है। पहले मैं लकड़ी से चुल्हा में खाना बनाती थी। लकड़ी के धुएं से मुझे कॉफी परेशानी होती थी। आज उज्जवला गैस मिलने से राहत है। इसे योजना ने मेरे परिवार की जीवन शैली बदल दी। इसके लिए मैं केन्द्र सरकार योजनाओं की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त करती हूंॅ।
25 दिसंबर 2023 को जिले के समस्त ग्राम पंचायतों में मनाया जायेगा ’’सुशासन दिवस’’
25 दिसंबर 2023 को आयोजित कार्यक्रम में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों आम जनता की गरिमामय उपस्थिति में प्रातः 10ः00 बजे अटल चौक में प्रारंभ किया जाना है। ’’सुशासन दिवस’’ के अवसर पर अटल चौक में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के छायाचित्र पर मल्यार्पण कर, दीप प्रज्ज्वलन पश्चात उपस्थित निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता द्वारा ग्राम तथा ग्राम पंचायत में ’’सुशासन स्थापित’’ करने का संकल्प भी लिया जाना है।
अतः उपरोक्तानुसार गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किये जाने हेतु आपके जिले के समस्त जनपद, ग्राम पंचायतों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किया जावे एवं उपरोक्तानुसार कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित करते हुये। आयोजित कार्यक्रम के फोटोग्राफ एवं पालन प्रतिवेदन संचालक, पंचायत संचालनालय छत्तीसगढ़, नया रायपुर को प्रेषित किया जाना सुनिश्चित किया जाये।
नेशनल लोक अदालत में कुल 4,85,813 प्रकरणों का हुआ निराकरण, जिसमें कुल 7 अरब, 89 करोड, 98 लाख 37 हजार 892 रूपये का अवार्ड पारित किये गये
5 वर्ष अवधि वाले 932, 10 वर्ष या उससे अधिक अवधि वाले 82 तथा वरिष्ठजन के 328 प्रकरणों को राजीनामा के आधार पर निराकृत किये गये.........सालसा
बिलासपुर/राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली के निर्देशानुसार वर्ष 2023 में आयोजित होने वाले नेशनल लोक अदालत के अनुक्रम में माननीय श्री न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय एवं मुख्य संरक्षक, छ0ग0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन एवं माननीय श्री न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी, मुख्य न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय एवं कार्यपालक अध्यक्ष, छ0ग0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देश में नालसा द्वारा जारी गाईड लाईन के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य में उच्च न्यायालय से लेकर तालुका स्तर तक सभी न्यायालयों में 16-12-2023 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाकर राजीनामा योग्य प्रकरणों में पक्षकारों की आपसी सहमति व सुलह समझौता से निराकृत किये गये हैं।
अवलोकनीय है कि सालसा के माननीय कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी के द्वारा जिला न्यायालय धमतरी एवं कांकेर का भ्रमण कर उक्त लोक अदालत की कार्यवाही का निरीक्षण किया गया, इस दौरान उनके द्वारा न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों का लोक अदालत के प्रति उत्साहवर्धन किया गया साथ ही दाम्पत्य प्रकरणांे के निराकरण पर पक्षकारों को पौधा प्रदान किया गया। उपरोक्त लोक अदालत में पिछले आयोजित तीन लोक अदालत की तुलना में सबसे ज्यादा कुल 4,85,813 प्रकरणों का निराकरण किया गया है जिसमें प्री-लिटिगेशन के 4,34,931 एवं लंबित मामलों के 50,882 प्रकरणों शामिल है जिसमें कुल 7 अरब, 89 करोड, 98 लाख 37 हजार 892 रूपये का अवार्ड पारित किया गया है।
इस लोक अदालत के संबंध मंे सालसा के सदस्य सचिव आनंद प्रकाश वारियाल के द्वारा यह भी बताया गया कि सालसा के द्वारा इस बार विशेष तौर से 5 वर्ष, 10 वर्ष से अधिक अवधि के तथा वरिष्ठजनों से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत किये जाने हेतु विशेष अभियान के तहत उक्त लोक अदालत में 5 वर्ष अवधि वाले 932, 10 वर्ष या उससे अधिक अवधि वाले 82 तथा वरिष्ठजन के 328 प्रकरणों को राजीनामा के आधार पर निराकृत किये गये हैं, जो कि एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। ज्ञात हो कि मुख्य न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा के निर्देशानुसार वर्ष 2023 में पूर्व आयोजित तीनों लोक अदालतों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों, जिला न्यायाधीशों एवं फैमिली कोर्ट न्यायाधीश को सम्मानित करने के लिये सालसा द्वारा छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में दिनांक 14 अक्टूबर 2023 को भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर सम्मानित किया गया, जिसके परिणाम स्वरूप ही इस बार की लोक अदालत में निराकृत प्रकरणों की संख्या में वृद्धि हुई है।
गौरतलब है कि नालसा के निर्देशानुसार वर्ष 2023 के प्रथम नेशनल लोक अदालत दिनांक 11-2-2023 में कुल 3,11,607, द्वितीय नेशल लोक अदालत दिनांक 13-5-2023 में कुल 3,94,573, तृतीय नेशनल लोक अदालत दिनांक 09-09-2023 में 4,72,177 प्रकरणों का निराकरण किया गया है, जिससे स्पष्ट है कि प्रत्येक लोक अदालतों में निराकृत प्रकरणों की संख्या में निरंतर वृद्धि हुई है।
बच्चों में कुपोषण दूर करने विभाग समन्वय से करें काम : कलेक्टर/कलेक्टर ने स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के कामकाज की समीक्षा की
बिलासपुर/कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने आज विभागवार समीक्षा के क्रम में स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के कामकाज की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि कुपोषण का कुचक्र एक बच्चे के संपूर्ण जीवन को बुरी तरह प्रभावित करता है। इसे दूर करने महिला बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग समन्वित प्रयास एवं सहभागिता से कार्य करें ताकि हमारा जिला कुपोषण मुक्त हो सके। जिला अस्पताल के पोषण पुनर्वास केन्द्र को 30 बिस्तर का बनाने प्रस्ताव तैयार करने कहा। आंगनबाड़ी केन्द्रों में कम्यूनिटी किचन गार्डन बनाने के निर्देश दिए। कुपोषण दूर करने के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों की सहभागिता सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को जिला स्वास्थ्य समिति की नियमित बैठक कराने के निर्देश दिए। जिले के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने कहा। संस्थागत प्रसव की कम दर पर असंतोष जताते हुए इसे बढ़ावा देने के निर्देश दिए। विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में जांच के दौरान मिल रहे सिकल सेल एनीमिया, बीपी और शुगर के मरीजों को दवा एवं पर्याप्त उपचार के निर्देश दिए।
जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग के कामकाज की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए इसका प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु का अंकेक्षण उचित रूप से करने के निर्देश दिए। सिकलसेल एनीमिया मिशन उन्मूलन की समीक्षा करते हुए विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में जांच के दौरान मिल रहे मरीजों को पर्याप्त उपचार मुहैया कराने कहा। टीबी उन्मूलन के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर की ब्रांडिग का कार्य 22 दिसम्बर तक हर हाल में पूरा करने कहा। महिला एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए आंगन बाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाल संप्रेक्षण गृह की जानकारी ली और नियमित निरीक्षण के निर्देश अधिकारियों को दिए। भवनविहीन आंगनबाड़ी केन्द्रों की समीक्षा की । जिले में कुपोषण की जानकारी लेते हुए अब तक किए गए प्रयासों की समीक्षा की। कुपोषित बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सही पोषणयुक्त भोजन देने पर जोर दिया। उन्हें आंगनबाड़ी केन्द्रों तक लाने सामुदायिक जागरूकता के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। पोषण टैªकर मानिटरिंग एप्प के जरिए कुपोषित बच्चों की सतत निगरानी करने कहा। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेश शुक्ला, सिविल सर्जन श्री अनिल गुप्ता, डीपीएम प्यूली मजूमदार, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री तारकेश्वर सिन्हा सहित दोनों विभाग के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे।
शिविरों में बैंकों के कमजोर प्रदर्शन पर कलेक्टर नाराज/कलहप्रिय शिक्षक हटाएं जाएंगे, मानसिक रोगियों का होगा सर्वे/कलेक्टर ने टीएल बैठक में की योजनाओं की गहन समीक्षा
बिलासपुर/कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविरों में बैंकों के कमजोर प्रदर्शन पर गहरी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने आगे की शिविरों के लिए बैंक प्रबंधन को अपने कार्य में सुधार एवं प्रगति लाने की सख्त हिदायत दी है। श्री शरण आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक टीएल बैठक में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत मिल रहे आवेदनों एवं इनके निराकरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने दो टूक कहा है कि केवल आवेदन संकलन के लिए ये शिविर नहीं लगाये जा रहे हैं। वास्तवविक रूप से पात्र हितग्राहियों को केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का प्रत्यक्ष रूप से लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाये। कलेक्टर ने स्कूल स्टॉफ के आपसी झगड़ों की वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायतों पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने ऐसे कलहप्रिय शिक्षकों एवं स्टॉफ के अन्यत्र हटाए जाने को लेकर डीईओ से प्रस्ताव भी मंगाए हैं।
कलेक्टर श्री शरण ने बैठक में राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिले में मानसिक रोगियों का सर्वेक्षण शुरू करने को कहा है। ताकि उनका समुचित इलाज एवं व्यवस्थान किया जा सके। उन्होंने कहा कि शहर में आमतौर पर मानसिक रोगियों के मिलने की ज्यादा संभावना होती है। श्री शरण ने एनजीओ के सहयोग लेकर इनका सर्वेक्षण कार्य को पूर्ण करने को कहा है। उन्होंने सेन्दरी स्थित मानसिक चिकित्सालय की क्षमता एवं गतिविधियों की भी जानकारी ली। कोनी में निमार्णाधीन सिम्स सुपर स्पेशियालिटी अस्पताल के जल्दी निर्माण को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों के बच्चों को भी चिरायु योजना के तहत स्वास्थ्य परीक्षण किया जायेगा। इसकी तैयारी अभी से कर लिया जाये। कलेक्टर ने एयरपोर्ट में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने को कहा है। उन्होंने कहा कि बंद चखना सेन्टर फिर से खुलने नहीं चाहिए। अधिकारी गण एवं पुलिस लगातार इन पर निगाह बनाये रखें। उन्होंने धान बेचने के लिए पंजीकृत किसानों का त्रुटिवश शून्य रकबा अथवा रकबा संशोधन के काम बचे हैं तो इसे शीघ्र निपटाएं। उन्होंने राजस्व विवाद मुक्त एवं कुपोषण मुक्त गांव बनाने के लिए कार्य-योजना बनाकर काम करने को कहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबंध में निगम आयुक्त श्री कुणाल दुदावत एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अजय अग्रवाल ने दिशा-निर्देश दिए।
ग्राम पंचायतों में 19 को होगी ग्राम सभा/कलेक्टर ने जारी किए निर्देश
बिलासपुर/भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा पूर्व वर्षाे की भांति इस वर्ष भी वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिये जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत विकास योजना निर्माण हेतु जन योजना अभियान 2023-24 का आयोजन किया जा रहा है। 2 अक्टूबर 2023 से 31 मार्च 2024 तक अभियान के दौरान जिला पंचायत, जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायत में क्रमशः सामान्य सभा व ग्राम सभा का आयोजन कर वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिये कार्य योजना का निर्माण किया जाना है। आदर्श आचार सहिता के कारण निर्धारित समय सीमा में ग्राम सभा का आयोजन नही किया जा सका है जिस कारणवश ग्राम पंचायत विकास योजना निर्माण हेतु ग्राम सभा का आयोजन 19 दिसंबर 2023 को समस्त ग्राम पंचायतो में किया जाएगा। कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने सभी ब्लॉक के सीईओ को इस संबंध में दिशा-निर्देश देते हुए पत्र जारी किया है।
जारी निर्देशों के अनुसार ग्राम सभा में जीपीडीपी निर्माण हेतु एलएसडीजी कि 09 थीमों में से कम से कम 01 थीम पर संकल्प लेकर वाईब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल में उसकी एण्ट्री करना अनिवार्य है। चयनित संकल्प को पूर्ण करने हेतु संबंधित गतिविधियों की प्राथमिकता निर्धारित किया जाये। ग्राम सभा की बैठक में लाईन विभाग से संबंधित अधिकारी/कर्मचारी द्वारा अपने-अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत किया जाये। प्रारूप जीपीडीपी में समस्त विभाग की योजनाओं के साथ-साथ लो कोस्ट-नो कोस्ट गतिविधियों को भी सम्मिलित किया जाये शामिल है। उक्त ग्राम सभा की बैठक में अतिरिक्त एजेण्डा के रूप में स्वच्छ भारत मिशन के निम्न बिन्दुओ पर भी चर्चा किया जाएगा। जिनमें ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्रामों में शौचालय विहीन परिवार का चिन्हांकन एवं उनकी सूची का अनुमोदन उपरान्त जनपद पंचायत/जिला पंचायत को प्रेषित किया जाएगा। ओ.डी.एफ प्लस के मापदण्डों को पूरा करने वाले ग्रामो को ओ.डी.एफ प्लस घोषित करने की घोषणा की जाएगी। गोबरधन योजनान्तर्गत स्थापित बायोगैस संयंत्रो के समुचित उपयोग एवं संधारण हेतु जिम्मेदारी का निर्धारण किया जाएगा। ग्राम सभा में लिये गये निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकार्डिंग की जाएगी तथा वीडियो को ग्राम सभा निर्णय (GS NIRNAY) मोबाईल एप्प में अपलोड किया जाएगा। ग्राम सभा संकल्प एवं गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल (https://meetingonline.gov.in) एवं जीपीडीपी पोर्टल में शत प्रतिशत अपलोड किये जाने के निर्देश दिये गये है।
नेशनल लोक अदालत का आयोजन 16 को
बिलासपुर/राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली तथा छ.ग. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देश एवं मार्गदर्शन में 16 दिसम्बर को नेशनल लोक अदालत आयोजित की जानी है। उक्त लोक अदालत जिला न्यायालय बिलासपुर एवं अधिनस्थ समस्त तालुका न्यायालयों के साथ-साथ राजस्व न्यायालय, ट्रिब्यूनल एवं पेंशन लोक अदालत में आयोजित की जावेगी। उक्त नेशनल लोक अदालत में मामलों के निराकरण के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर द्वारा जिला बिलासपुर एवं गौरेला पेण्ड्रा मरवाही में न्यायिक अधिकारियों की कुल 36 खण्डपीठ तथा राजस्व न्यायालयों की कुल 46 खण्डपीठ एवं पेंशन लोक अदालत की 01 खण्डपीठ सहित कुल 83 खण्डपीठों का गठन किया गया है।
सामुदायिक भवन, वार्ड क्र. 07 (पंचशील मोहल्ला) एवं वार्ड क्र. 09, परसदा, तिफरा, बिलासपुर में मोहल्ला लोक अदालत का आयोजन -
छ.ग. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशन तथा जिला न्यायाधीश श्री रमाशंकर प्रसाद के मार्गदर्शन में न्यायालय स्थायी लोक अदालत (जनोपयागी सेवाएं) बिलासपुर के पीठासीन अधिकारी श्री मोहम्मद रिजवान खान द्वारा सामुदायिक भवन, वार्ड क्र. 07 (पंचशील मोहल्ला) एवं वार्ड क्र. 09, परसदा, तिफरा, बिलासपुर में मोहल्ला लोक अदालत का आयोजन किया जावेगा। उक्त मोहल्ला लोक अदालत में आम-जनों से संबंधित जनोपयोगी सेवाएं जैसे नगर निगम के जलकर, सम्पतिकर, सार्वजनिक विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल से संबंधित प्रकरणों का नागरिकों तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर निराकरण किया जावेगा।
जिले में 19 दिसम्बर को होगा ग्राम सभा का आयोजन
कोरिया / कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने छ.ग. पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 6 (1) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले के समस्त ग्राम पंचायतों में 19 दिसम्बर 2023 को ग्राम सभा आयोजित करने का आदेश दिया है। उन्होंने पंचायती राज अधिनियम की धारा के तहत गणपूर्ति के साथ-साथ ग्राम सभा की सदस्यों की शत-प्रतिशत उपस्थिति का दायित्व सरपंच, पंच एवं सचिव का होगा।
राज्य वीरता पुरस्कार 2023 हेतु प्रविष्टियां 27 दिसम्बर तक आमंत्रित
कोरिया /महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा प्रदेश के बच्चों को किसी घटना विशेष में उनके द्वारा प्रदर्शित अदम्य साहस, एवं बुद्धिमत्ता के लिए राज्य वीरता पुरस्कार प्रदान किया जाना है। इसके तहत 05 बालक/बालिकाओं को 25 हजार रूपये की राशि तथा प्रशस्ति पत्र सम्मान के रूप में प्रदान किया जाएगा। इस पुरस्कार हेतु पात्र अभ्यर्थी अपना आवेदन 27 दिसम्बर 2023 तक कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग बैकुण्ठपुर में जमा कर सकते है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग से सम्पर्क कर सकते है।
दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ स्कूल के अधीक्षक हटाए गए
बिलासपुर/दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ स्कूल तिफरा के प्रभारी अधीक्षक अखण्ड प्रताप गौतम को हटा दिया गया है। वे अब अपने मूल प्रभार पुनर्वास अधिकारी के रूप में काम करेंगे। कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने आज स्कूल का दौरा किया था। नये अधीक्षक के रूप में ब्रेल प्रेस तिफरा के उप नियंत्रक श्री हरीश सक्सेना को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
एलईडी के माध्यम से शहर वासियों ने देखा शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण/लखीराम सभागार में मुख्य कार्यक्रम
बिलासपुर/प्रदेश के नवनियुक्त मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं उनके मंत्रीमण्डल के सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह का आम जनता तक सीधा प्रसारण पंहुचा ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न स्थानों में प्रसारण सुनिश्चित किया गया मुख्य कार्यक्रम लखीराम अग्रवाल सभागार में आयोजित किया गया जिसमे संभाग कमिश्नर केडी कुंजाम, निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत व जिला पंचायत सीईओ अजय अग्रवाल भी यहाँ मौजूद रहे।
जिला प्रशासन द्वारा आम जनता तक शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण सुनिश्चित करते हुए लखीराम सभागार के साथ ही शहर के चौक चौराहों, मुख्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों के अलावा अन्य प्रमुख स्थानों में एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। लखीराम सभागार में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को फ्लेक्स व बैनर के माध्यम से प्रदर्शित भी किया गया। जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग पंहुचे। नई सरकार के गठन को लेकर पूरे राज्य के साथ ही जिले वासियों में भी काफी उत्साह रहा।
हर घर नल कनेक्शन देने के काम में तेजी लाएं - कलेक्टर/कलेक्टर ने की जल जीवन मिशन के कामकाज की समीक्षा
बिलासपुर/ कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने आज विभागवार समीक्षा के क्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्याे को पूरी गुणवत्ता के साथ अभियान चलाकर समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे काम जो शुरू हो चुके हैं वो किसी भी स्थिति में बंद न हो। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के कार्यो में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के क्रियान्वयन से हर घर में नल से जल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो कार्य पूरे हो चुके हैं उन नलों से जल की आपूर्ति हो रही है या नहीं, इसका निरीक्षण जरूर करें। कलेक्टर ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन के लिए बारीकी से कार्ययोजना बनाकर उस पर अमल करने से ही प्रगति आएगी। उन्होंने जो कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं उनकी निविदा की प्रक्रिया पूरी करते हुए जल्द कार्य शुरू करने कहा। पीएचई के कार्यपालन अभियंता श्री यू के राठिया ने बताया कि कुल 2 लाख 46 हजार 673 ग्रामीण परिवारों में नल कनेक्शन देने का लक्ष्य है जिसमें से अब तक एक लाख 63 हजार 153 परिवारों के घर में नल कनेक्शन दिया जा चुका है, जो कि लक्ष्य का 66.14 प्रतिशत है। जिले के कुल 668 गांवो में नल कनेक्शन देना है जिसमें से 22 गांवों में शत प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। 121 गांवों में 90 प्रतिशत से अधिक का कार्य पूरा हो चुका है। कलेक्टर ने नल जल मित्र प्रोग्राम के तहत प्लम्बर और ऑपरेटर की ट्रेनिंग जल्द कराने के निर्देश दिए। बैठक में पीएचई विभाग के सभी अधिकारी, एसडीओ और तकनीकी अमले के लोग भी मौजूद थे।
कलेक्टर ने दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ स्कूल का किया निरीक्षण/बाउण्ड्री वॉल एवं डाइनिंग टेबल की दी स्वीकृति/बच्चों के साथ एकांत में बैठकर कलेक्टर ने सुनी समस्याएं
बिलासपुर, 13 दिसम्बर 2023/कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने तिफरा स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ हायर सेकेण्डरी स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण किया। लगभग 2 सौ की संख्या में विशेष योग्यता वाले दृष्टि एवं श्रवण बाधित बच्चे ब्रेललिपी एवं सांकेतिक भाषा से पढ़ाई करते हैं। श्री शरण ने बच्चों को साथ लेकर पढ़ाई के कमरे एवं छात्रावास का अवलोकन किया। बच्चों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्कूल की तमाम व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश प्रबंधन को दिए।
गौरतलब है कि इस विशेष स्कूल के बच्चों के प्रतिनिधि मण्डल ने कल जिला कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर से मुलाकात की थी और उन्हें स्कूल पहुंचकर स्कूल की मौजूदा सुविधाओं का निरीक्षण करने आमंत्रित किया था। कलेक्टर ने बच्चों के साथ एकांत में बैठकर उनकी तमाम समस्याएं सुनी और जल्द ही उनके समाधान का भरोसा दिलाते हुए मौके पर कई स्वीकृतियां भी दी। कलेक्टर ने निरीक्षण उपरांत डीएमएफ मद से स्कूल की बाउण्ड्रीवाल निर्माण एवं बच्चों के सुविधापूर्वक भोजन करने के लिए डाइनिंग टेबल एवं कुर्सियां की स्वीकृति प्रदान की। पूरक पोषण आहार के लिए एक प्रस्ताव देने को भी कहा है। उन्होंने लाइब्रेरी के लम्बे समय से बंद होने पर नाराजगी जाहिर की और नियमित रूप से खोलने के निर्देश दिए। बच्चों की कला प्रतिभा को निखारने के लिए म्यूजिक उपकरण उपलब्ध कराने को भी कहा है। उन्होंने बसों के समय पर चलाने, भोजन की गुणवत्ता में सुधार और नियमित रूप से पेरेन्टस-टीचर मीटिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने हर पखवाड़े एसडीएम एवं तहसीलदारों को स्कूल का दौरा कर यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने को कहा है। इस अवसर पर एसडीएम श्री सुभाष सिंह राज, तहसीलदार अतुल वैष्णव, संयुक्त संचालक समाज कल्याण श्रृद्ध मैथ्यू भी उपस्थित थीं।
पटेल/36/1371
भाजपा मंडल अध्यक्ष के निधन पर पहुंचे सांसद विधायक और जिले के सभी जनप्रतिनिधि वही जिले के सभी पंचायतों में शोक की लहर
जयनगर प्रखंड के भाजपा परसाबाद मंडल अध्यक्ष शशि भूषण चौधरी का इलाज रांची रिम्स में चल रहा था । अचानक रात्रि में स्थिति बिगड़ने के कारण लगभग 11:00 बजे अंतिम सांस ली। अंतिम सांस की खबर सुनकर परिवार में हड़कंप मच गई। क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी। भारतीय जनता पार्टी के अभिन्न अंग परसाबाद मंडल के अध्यक्ष शशि भूषण चौधरी के निधन पर लोगों ने शोक जताया। मंडल अध्यक्ष के निधन की खबर मोबाइल एवं व्हाट्सएप के माध्यम से फेसबुक के माध्यम से लोगों तक पहुंच गया। घर वालों का रो रो का बुरा हाल था। सभी लोगों ने मोटरसाइकिल से रैली निकाल कर पिपचो चौक से उनके आवास तक मंडल अध्यक्ष शशि भूषण चौधरी अमर रहे नारा लगाते हुए पहुंचे।
निधन की खबर सुन कोडरमा सांसद सह शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव, जिला अध्यक्ष नितेश चंद्रवंशी, जिला उपाध्यक्ष बिंदेश्वरी प्रसाद बिहारी, जिला उपाध्यक्ष जयनगर प्रखंड प्रमुख अंजू देवी, जिला महामंत्री, अनूप जोशी, जिला महामंत्री राजकुमार यादव, जिला उपाध्यक्ष शिवलाल सिंह,जिला मंत्री सुधीर सिंह ,जिला परिषद केदारनाथ यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष रामचंद्र सिंह पूर्व जिला मंत्री वीरेंद्र स्वर्णकार, पूर्व प्रमुख जयप्रकाश राम, भाजपा भाजपा किसान मोर्चा कोषाध्यक्ष सुरेंद्र भाई मोदी, पूर्व जिला परिषद मुनिया देवी, सीता देवी,सांसद प्रतिनिधि किशुन यादव, प्रखंड उपाध्यक्ष राज नारायण सिंह,विधायक प्रतिनिधि रामजी यादव, महिला मोर्चा सांसद प्रतिनिधि कविता कुमारी, मंडल महामंत्री महेश रजक, काफी संख्या में लोग उपस्थित हुए जयनगर परसाबाद से संजय गुप्ता की रिपोर्ट
नेताप्रतिपक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने शहर के गणमान्य नागरिकों से सहयोग के लिय किया अपील
नेताप्रतिपक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने शहर के गणमान्य नागरिकों से सहयोग के लिय किया गया है अपील कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है. अब इससे आम जनजीवन भी काफी हद तक प्रभावित होता दिख रहा है. इस ठिठुरन वाली ठंड में कुछ लोगों के जीवन पर ही संकट बन जाता है. खासतौर पर उन लोगों के लिए यह समय काफी चुनौतीपूर्ण होता है, जिनकी आर्थिक स्थिति बिल्कुल ठीक नहीं होती यानी जो लोग अपने लिए खाने-पहनने तक का इंतजाम नहीं कर पाते. उनके लिए ठंड अनेक मुश्किलों को साथ लेकर आता है.
खाद्य एवं औषधि विभाग ने की कार्रवाई/त्यौहारी सीजन आते ही सतर्क हुआ प्रशासन/सेम्पल जांच के लिए भेजा राज्य औषधी परीक्षण केन्द्र रायपुर
मनेन्द्रगढ़/ नियंत्रक, आयुक्त खाद्य संरक्षा छत्तीसगढ़ एवं कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा के निर्देशानुसार जिले के समस्त मिठाई दुकानों का सतत् एवं सघन निरीक्षण किया जा रहा है। दीपावली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए नकली खोवा तथा गुणवत्ताहीन मिठाई की बिकी की संभावना बढ़ जाती है। सीमावर्ती राज्यों से मिलावटी खोवा, मावा, कुंदा इत्यादि खाद्य की आपूर्ति की आशंका होती है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। मिलावट की आशंका के मद्देनजर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता व टीम द्वारा मेसर्स पेड़ा भण्डार, गांधी चौक, मनेन्द्रगढ़ से मिठाई पेड़ा का मेसर्स राहुल स्वीट्स, झगराखण्ड, मनेन्द्रगढ़ से रसगुल्ला और मैसर्स गणेश ट्रेडर्स, गोदरीपारा चिरमिरी से गुड़ का विधिक नमूना जब्त कर परीक्षण एवं विश्लेषण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला कालीबाड़ी रायपुर भेजा गया है। राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला कालीबाड़ी रायपुर से परीक्षण तथा विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 नियम 2011 के सुसंगत प्रावधानों के अन्तर्गत कार्यवाही की जायेगी।
गोगपा ने अमर शहीद शंकरशाह एवं रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस कार्यक्रम हर्षो उल्लास के साथ मनाया
बीते शुक्रवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ब्लाक इकाई भरतपुर के तत्वावधान में एक दिवसीय आमसभा एवं गोंडवाना साम्राज्य के महाराजा शंकरशाह पुत्र कँवर रघुनाथशाह जी की बलिदान दिवस जनकपुर की पवित्र भूमि पर मनाया गया।

मतदाता जागरूकता का कार्यक्रम मतदाता जागरूकता के तहत पैदल रैली का आयोजन
कलेक्टर श्री लंगेह ने प्रतिभागियों को मतदान करने की दिलाई शपथ
कोरिया / आगामी विधानसभा निर्वाचन के दौरान मतदान शतप्रतिशत किया जाने के उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक करने व नव मतदाताओं को मतदान के महत्व से अवगत कराने के उद्देश्य से स्वीप कैलेण्डर अनुसार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन जिला से ग्राम स्तर तक किए जा रहे है। मतदाता जागरूकता कार्यकम के तहत ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में एक भी मतदाता छुट न जाये के थीम के साथ बीएलओ व अन्य स्थानीय अमलों के द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय में मतदाता जागरूकता के तहत पैदल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री लंगेह ने युवाओं को जागरूकता का संदेशवाहक कहा एवं उपस्थित समस्त प्रतिभागियों को मतदान करने की शपथ दिलाई।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी व स्वीप कोर समिति के अध्यक्ष श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत 22 सितम्बर को स्वीप कार्यक्रम विकासखण्ड बैकुण्ठपुर के समस्त विभागीय अधिकारी कर्मचारी व समस्त शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान के कर्मचारी व प्रशिक्षार्थी व स्कूली छात्र/छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता पैदल यात्रा जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर के प्रांगण से प्रारंभ कर मुख्य मार्ग कुमार चौक से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुज के स्कूल ग्राउंड तक निकाली गई, इस दौरान नारों व बैनरों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण संस्थानों से आये विद्यार्थियों के द्वारा मतदाता जागरूकता पर आधारित कलाकृतियों का प्रदर्शन भी किया गया। रैली में शामिल विद्यार्थियों व अधिकारी/कर्मचारियों के द्वारा मानव श्रृंखला का निर्माण कर जिले के मतदाताओं से मतदान करने एवं मतदान करवाने हेतु प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता विकास प्राधिकरण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर, प्राचार्य डाईट कोरिया विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, शासकीय रामानुज सिंहदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैकुण्ठपुर व शासकीय नवीन महाविद्यालय बैकुण्ठपुर के स्वीप नोडल प्राध्यापक, कॉलेज कैंपस एमेस्डर व राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक व अन्य अधिकारी कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय जागरूक नागरिकों की भी उपस्थिति रही।
चिरमिरी /तीन दिवसीय उर्स ख़्वाज़गान-ए-चिश्त का कार्यक्रम आयोजित/ विदाई महफ़िल के साथ उर्स का समापन
एमसीबी जिले के चिरमिरी छोटी बाज़ार में तीन दिवसीय उर्स ख़्वाज़गान-ए-चिश्त का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें शनिवार को विदाई महफ़िल के साथ उर्स का समापन हुआ कार्यक्रम का आयोजन हजरत सैय्यदी शाह मोहम्मद उबैदुल्लाह क़ादरी चिश्ती रदी अल्लाहो अन्हो की याद में किया जाता है। चिरमिरी के छोटी बाजार में हर साल की तरह इस साल भी तीन दिवसीय उर्स ख़्वाज़गान-ए-चिश्त का आयोजन किया गया। जिसमे उत्तरप्रदेश के लखनऊ व मध्यप्रदेश जबलपुर के कव्वालों ने रंग, शमा और विदाई महफ़िल में खूबसूरत सूफियाना कलाम पढ़े। विदाई महफ़िल शनिवार को सुबह 9 बजे प्रारंभ हुई जिसका समापन गुलाब की होली अपने पीर के साथ खेलकर दोपहर 2 बजे हुआ। जिसमें नियाज़ी सिलसिले सहित क्षेत्र के सैकड़ों मुस्लिम शामिल हुए और अपने पीर के आसपास बैठकर सूफियाना कव्वाली में मंत्रमुग्ध हो गए कार्यक्रम में महिलाएं और पुरुष सभी सम्मिलित रहे। यह उर्स वर्ष 1996 से लगातार 27 वर्षों से बदस्तूर जारी है। चिरमिरी में आयोजित होने वाले उर्स को हजरत सैय्यदी शाह मोहम्मद उबैदुल्लाह क़ादरी चिश्ती रदी अल्लाहो अन्हो फुलपुरी की याद में आयोजित किया जाता है।
पटाखा लायसेंस के लिए आवेदन 6 अक्टूबर तक
दीपावली पर्व के दौरान अस्थायी पटाखा लायसेंस लेने हेतु जिला कार्यालय बिलासपुर के लायसेंस शाखा में 6 अक्टूबर तक आवेदन किये जा सकते है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने बताया कि अस्थायी पटाखा लायसेंस के नवीन एवं पूर्व से जारी लायसेंस के नवीनीकरण के लिए आवेदन पत्र संबंधित कार्यालय में निर्धारित प्रपत्र में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदक नियत तिथि तक जमा कर सकते हैं। अंतिम तिथि के पश्चात आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।











