Breaking News
ताज़ातरीन
मतदान दलों के वाहनों की जीपीएस से होगी निगरानी/कलेक्टर ने मतदान दलों के दूसरे चरण के प्रशिक्षण का लिया जायजा
बिलासपुर/कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने मतदान दलों के दूसरे चरण के प्रशिक्षण में आज कोटा विकासखण्ड में आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान दलों की चुनावी क्लास लगाकर अब तक लिए गए प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने मतदान दलों से कहा कि इव्हीएम की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी आपकी है। उन्होंने बताया कि मतदान दलों के वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया जा रहा है। जीपीएस से आपकी लोकेशन ट्रेस होगी। कलेक्टर ने मास्टर ट्रेनर को इव्हीएम मशीन के व्यावहारिक प्रशिक्षण पर जोर देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रशिक्षार्थियों से पूछा कि व्हीव्हीपैट मशीन खराब ना हो इसके लिए क्या करना चाहिए, तब किसी ने बताया कि मशीन के सेंसर को प्रकाश से बचाना होगा। कलेक्टर ने इव्हीएम मशीन एवं चुनाव प्रकिया से जुड़े कई रोचक सवाल किए और उनकी शंकाओं का समाधान किया। नगर निगम आयुक्त एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्री कुणाल दुदावत एवं जिला पंचायत के सीईओ श्री अजय अग्रवाल भी इस दौरान उपस्थित थे।
कलेक्टर ने प्रशिक्षण में मतदान दल के अधिकारियों को उनके दायित्व का बोध कराया। बताया गया कि पोलिंग अधिकारी एक, दो एवं तीन के क्या कर्तव्य होते हैं। उन्होंने बताया कि पीठासीन अधिकारी को अपनी पहली रिपोर्टिंग अपने सेक्टर अफसर को करनी होती है। मतदान के दिन हर दो घण्टे में मतदान की रिपोर्टिंग करनी होगी। उन्होंने चुनाव आयोग की पीठासीन अधिकारी की पुस्तिका को अच्छी तरह पढ़ने की समझाइश दी।
कचरा कलेक्शन वाहन देंगे मतदाता जागरूकता का संदेश /सफाई कर्मियों को दिलाई गई मतदान करने की शपथ
बिलासपुर/जिले में शत प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को पूर्ण करने के उद्ेदश्य से जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता हेतु विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। जिसके तारतम्य में नगर निगम बिलासपुर द्वारा डोर टू डोर कचरा कलेक्शन हेतु संलग्न समस्त वाहनों के माध्यम से वोट 100 प्रतिशत की आकृति का निर्माण कर 100 प्रतिशत मतदान का संदेश दिया गया। इन सभी वाहनों में मतदान की तिथि व समय से संबंधित सूचना का प्रदर्शन किया गया है। ये वाहन सभी वार्डाे में जाकर मतदाता जागरूकता हेतु कार्य करेंगे। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ एवं स्वीप के जिला नोडल अधिकारी श्री अजय अग्रवाल ने सभी सफाई कर्मियों को मतदान करने के लिए शपथ दिलाई।
शतायु मिंतु बेगम और 87 बरस की/उजियारो बाई बनी लोकतंत्र की साक्षी/दिव्यांग विकास और शारदा पड़वार के हौसला मजबूत/इनके जीवटता नई पीढ़ी के मतदाता के लिए हैं प्रेरक
कोरिया/‘शरीर से कमजोर हूं बाबू, चल-फिर नहीं पाती। लेकिन जानती-समझती सब हूं। मैं तो बरसों से वोट देते आ रही हूं... अल्लाह जाने और कब तक वोट डालूंगी, क्योंकि शरीर अब साथ नहीं दे रही है।’ यह बात तलवापारा, बैकुण्ठपुर निवासी श्रीमती मिंतु बेगम पति स्व. हाजी मोहम्मद अमीन ने आज से शुरू हुए 80 बरस या उससे अधिक उम्र के मतदाताओं तथा 40 प्रतिषत या उससे अधिक के दिव्यांग वाले मतदाताओं को पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान अधिकारी उनके घर गए थे, तब यह बात कही। बता दें भारत निर्वाचन आयोग ने इस बार बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष रणनीति के तहत उन्हें घर पर ही पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने की सुविधा प्रदान की है।
स्वास्थ्य खराब किंतु कर्त्तव्य निभाया-
इसी कड़ी में आज खालपारा, ओड़गी निवासी 87 वर्षीय श्रीमती सखुन बरगाह के घर मतदान टीम पहुंची हुई थीं। श्रीमती सखुन की स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी उनके परिवारों वालों ने दी और कहा कि बिस्तर पर उनसे मतदान करवा लीजिए, मतदान टीम तुरंत तैयार हुआ और सखुन बाई की तबीयत खराब होने के बावजूद उन्होंने मतदान कर अपना कर्त्तव्य पूरा किया।
चेहरा फूल की तरह खिली-
इसी तरह 82 वर्षीय श्रीमती फूल बसिया यादव के घर मतदान टीम पहुंची तो उन्होंने, सभी का अभिवादन किया। सबका हाल-चाल जाना। कहां से आए हो...क्या काम है..? हम लोगों का घर मिट्टी का है बाबू...। मतदान टीम ने उन्हें बताया कि हम लोग निर्वाचन कार्यालय से आए हैं, आपका वोट लेने और इस तरह फूल बसिया की चेहरा एक पल के लिए फूल की तरह खिल गई। बोलने लगी जरूर बाबू मैं बोट जरूर करहूं।
विकास का हौसला बुलंद-
जब मतदान अधिकारियों का दल दिव्यांग विकास साहू के घर पहुंचे तो वे जमीन पर सोए मिले। मतदान अधिकारियों ने उन्हें बताया कि 17 नवम्बर को मतदान होना है, उसके पहले जो दिव्यांग मतदाता, मतदान केन्द्र नहीं पहुंच पाएंगे, उसके लिए निर्वाचन आयोग ने घर पर पोस्टल बैलेट के माध्यम से वोट लेने की व्यवस्था की है। तब विकास साहू ने कहा कि 14 बरस पहले एक सड़क दुर्घटना होने के कारण उठ-बैठ नहीं पा रहा हूं लेकिन बातचीत कर लेता हूं। इस तरह दिव्यांग विकास ने लोकतंत्र के मजूबत विकास के लिए सहर्ष मतदान किया और उनके हौसले देखकर कहीं नहीं लगा कि वह एक दिव्यांग है।
आज घलो वोट डाल हूं-उजियारो
इसके बाद मतदान दल रवाना हुए खालपारा निवासी श्रीमती 87 वर्षीय उजियारो राजवाड़े के घर। श्रीमती उजियारो ने बताया कि पहले वह पेन से हस्ताक्षर कर लेती थी, लेकिन अब हाथ कांपने के कारण हस्ताक्षर करने में दिक्कत हो रही है। बुजुर्ग उजियारो के चेहरे में कहीं षिकन, चिंता तक नहीं दिखी बल्कि मतदान टीम को कहने लगी, ‘पहली बार आए हो... चाय पीकर जाना। जब मतदान अधिकारियों ने कहा कि आप ल वोट डालना हे। तब वह कहने लगी... मैं तो कई बार वोट डाल हरे हवं...। आज घलो वोट डाल हूं... कोई चिंता-फिकर के बात नई हे।’ इस तरह दो लड़के और दो लडकियों की 87 बरस की मां उजियारो की आत्मविष्वास ने नई पीढ़ी को वोट डालने के लिए जरूर प्रेरणा देगी।
शरीर कमजोर लेकिन मन मजबूत- शारदा पड़वार
इसी तरह खालपारा, ओड़गी निवासी दिव्यांग 32 वर्षीय कुमारी शारदा पड़वार के घर मतदान कराने दल पहुंची थी। इनके परिजनों ने बताया कि शारदा बचपन से ही दिव्यांग है। आज 32 बरस की हो गई है। मतदान कर्मियों ने उनसे पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान कराया।
कलेक्टर ने मतदान टीम को दी शुभकामनाएं-
इसके पहले आज कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह ने 16 रूट में जाने वाले मतदान टीम व उनके वाहनों को रवाना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निष्पक्ष, गोपनीयता के साथ मतदान कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जो सीख मिली है, उसके अनुसार ही कार्य करें कोई भी परेशानी होने पर संबंधित अधिकारियों से जरूर सम्पर्क करे।
बता दे कोरिया जिले के अंतर्गत बैकुण्ठपुर विधानसभा क्रमांक 03 तथा सोनहत के 80 वर्ष व उससे अधिक उम्र के मतदाताओं व 40 प्रतिषत व उससे अधिक के दिव्यांग मतदाताओं के लिए 16 रूट तैयार की है। इन रूट के माध्यम से 88 मतदान केन्द्रों में दो मतदान अधिकारी, एक पुलिसकर्मी, एक वीडियोग्राफर, एक माइक्रो ऑब्जर्वर तथा एक बीएलओ उपस्थित हैं।
जिला कार्यालय एवं प्रशिक्षण स्थलों में सुविधा केन्द्र की स्थापना/चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारी कर सकते हैं डाक मतदान
बिलासपुर/मतदान ड्यूटी में लगे अधिकारी-कर्मचारियों के मताधिकार का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए सुविधा केन्द्रों की स्थापना की गई है। ये केन्द्र जिला कार्यालय सहित सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान दलों के द्वितीय प्रशिक्षण स्थल पर बनाये गये हैं। इन केन्द्रों पर डाक मतपत्र से मतदान सहित संपूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जायेगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवनीश शरण ने मतदान ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों को डाक मतपत्र के जरिए अपने मताधिकार का उपयोग करने का आह्वान किया है।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मतदान दलों के दूसरे चरण के प्रशिक्षण के लिए निर्धारित स्थलों पर 7 से 9 नवम्बर तक सुविधा केन्द्र क्रियाशील रहेंगे। इस दौरान प्रतिदिन सवेरे साढ़े 10 बजे से 4.30 बजे तक डाक मतपत्र भराने एवं जमा कराने का कार्य होगा। इसके अलावा जिला कार्यालय परिसर में 10 से 14 नवम्बर तक मंथन सभाकक्ष के ऊपर बड़े हॉल में सुविधा केन्द्र बनाया गया है। कार्यालयीन दिवसों में यहां डाक मतपत्र से मतदान एवं मार्गदर्शन दिया जायेगा। मतदान ड्यूटी मंे लगे अधिकारियों को फार्म 12 भरकर जमा करने पर ही डाक मतपत्र इश्यू किये जाते हैं। जिन ड्यूटीरत लोगों ने फार्म 12 इश्यू नहीं कराये हैं, वे अंतिम तिथि 10 नवम्बर तक इश्यू कराकर मतदान कर सकते हैं। इसके अलावा जो कर्मी बिलासपुर जिले के मतदाता तो हैं, लेकिन अन्य जिलों में पदस्थ होने के कारण वहां मतदान ड्यूटी में हैं, तो वे भी इन सुविधा केन्द्रों पर मतदान कर सकते हैं। मतदान के उपरांत प्रतिदिन डाक मतपेटी को जिला कोषालय में सुरक्षित रखा जायेगा। राजनीतिक दल के पदाधिकारी एवं प्रत्याशी उपस्थित होकर डाक मतदान की प्रक्रिया का अवलोकन कर सकते है।
बुजुर्गों एवं दिव्यांग मतदाताओं से कलेक्टर लंगेह ने/पोस्टल बैलेट मतदान करने की अपील
80 वर्ष तथा 40 प्रतिशत दिव्यांग मतदाताओं के घर जाएंगे मतदान दल
88 मतदान केन्द्रों में 16 रूट से पहुंचेंगे
कोरिया / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह ने कल 7 नवम्बर से शुरू हो रहे 80 वर्ष तथा उससे अधिक उम्र के मतदाताओें और 40 प्रतिशत या उससे अधिक के दिव्यांग मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि पोस्ट बैलेट लेकर पहुंचने वाले मतदान अधिकारियों के साथ मिलकर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पोस्टल बैलेट (डाक मतपत्र) के माध्यम से अवश्य मतदान करें।
बता दें भारत निर्वाचन आयोग ने इस बार बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष रणनीति के तहत उन्हें घर पर ही पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने की सुविधा प्रदान की है। इसी कड़ी में 7 से 9 नवम्बर तक कोरिया जिले के अंतर्गत बैकुण्ठपुर विधानसभा क्रमांक 03 तथा सोनहत के 80 वर्ष व उससे अधिक उम्र के मतदाताओं व 40 प्रतिशत व उससे अधिक के दिव्यांग मतदाताओं के लिए 16 रूट तैयार की है। इन रूट के माध्यम से 88 मतदान केन्द्रों में दो मतदान अधिकारी, एक पुलिस कर्मी, एक वीडियोग्राफर, एक माइक्रो ऑब्जर्वर तथा एक बीएलओ उपस्थित रहेंगे।
बता दें मतदान केन्द्र चरचा कॉलरी, शिवपुर, फूलपुर, विशुनपुर, तिलवनडांड, नगर, जगतपुर, छरछा, मुरमा, कटकोना, नांदभान, पटना, सोरगा, डकईपारा, करजी, तेन्दुआ, आंजोकला, डुममिरया, बुड़ार, सरभोका, अमहर, तरगवां, कसरा, तलवापारा, ओडगी, सरगपुर, बैकुण्ठपुर, रामपुर-ज, आनी, भाडी, खेडरी, डबरीपारा, सलका, सलबा, जलियाडांड, रोबो, पोटेडांड, गोविन्दपुर, सोस, मंडलपारा, नरकेली, देवरी, मोदीपारा, जमापानी, डूभापानी, पतरापाली, बडगांव, खधौरा, इन्दरपुर, छोटेसाल्ही, पटमा, बचरा, लोटाबहरा, बड़े साल्ही, बैमा, तोलगा, भरदा, जिलीबांध, कन्हारबहरा, बड़े कलुआ, छापरपपारा, अमका, बारी, सिंघोर कुर्थी, नौगई, दामुज, भैंसवार, चंदहा, सुन्दरपुर, कटगोड़ी, घुघरा, सोनहत तथा बेलिया मतदान केन्द्र, बनाए गए रूट के अनुसार मतदान दल पहुंचंेगे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लंगेह ने इन वर्गों के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि स्वस्थ व मजबूत लोकतंत्र के लिए पोस्टल बैलेट के माध्यम से वोट कराने आ रहे मतदान अधिकारियों का सहयोग करें तथा 7 से लेकर 9 नवम्बर तक घर में अवश्य रहें ताकि मतदान करा सकें।
कलेक्टर की मौजदूगी में ईवीएम और वीवीपैट की रेंडमाइजेशन पश्चात कमिशनिंग का कार्य हुआ/शासकीय रामानुज स्कूल में कमीशनिंग का कार्य
कोरिया विधानसभा निर्वाचन के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता हेतु जिले की बैकुंठपुर विधानसभा में उपयोग होने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की रेंडमाइजेशन एवं कमिशनिंग का कार्य संपादित कियागया।
निर्धारित कार्यक्रम अनुसार रामानुज शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में कमीशनिंग का कार्य हुआ। इस दौरान कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह, रिटर्निंग अधिकारी अंकिता सोम, डिप्टी कलेक्टर श्री राकेश साहू, तहसीलदार श्रीमती चांदनी कंवर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत रेंडमाइजेशन व कमीशनिंग कार्य के संबंध में कलेक्ट्रेट कार्यालय के एनआईसी कक्ष में सामान्य प्रेक्षक श्री नारायण चन्द्र सरकार की उपस्थिति में 4 नवम्बर को बैकुंठपुर विधानसभा के प्रत्याशी व अधिकृत प्रतिनिधियों के सामने किया गया था। आज रामानुज शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में मतदान प्रक्रिया के लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीन की कमीशनिंग की गई।
पूर्व में संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्व और जिम्मेदारियों के बारे में भी बताया जा चुका है। प्रशिक्षण में उनके द्वारा बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट, व्हीव्हीपैट के संचालन करने के साथ ही प्रत्येक मशीनों को एक दूसरे से केबल कनेक्शनों से कनेक्ट करना, एड्रेस टैग लगाना, पिंक पेपर सील करना, पेपर रोल, मतदान पत्र लगाना, लॉक करना, सील करना, मॉक पोल, विभिन्न प्रपत्रों सहित अन्य गतिविधियों से विस्तार से अवगत कराया जा चुका है।
स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान कोनी का जिला पंचायत सीईओ ने लिया जायजा/प्रशिक्षणार्थियों को दिलाई मतदाता शपथ
बिलासपुर/भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान कोनी सेंदरी बिलासपुर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अजय अग्रवाल द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में अग्रणी प्रबंधक श्री दिनेश उरांव, संस्थान निदेशक श्री दिनेश चौधरी, एफएलसी अधिकारी श्री एस.एम देशकर, आरएसीसी से अधिकारी द्वारा प्रशिक्षणार्थियों से बातचीत कर प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी दी गई। मुद्रा योजना एवं अन्य ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। श्री अग्रवाल ने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा बनाए गए विभिन्न प्रकार के वस्तुओं का अवलोकन कर उनकी सराहना की। उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने कहा।
चुनाव पर्यवेक्षक श्री सरकार की उपस्थिति में ई व्ही एम मशीनों का हुआ द्वितीय रैण्डमाइजेशन/प्रत्याशी व अधिकृत प्रतिनिधि हुए शामिल
कोरिया / बैकुंठपुर विधानसभा निर्वाचन की तैयारी जोरों पर है। इसी कड़ी में रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम ने जानकारी दी थी कि आज ई.व्ही.एम. मशीनों के द्वितीय रैण्डमाईजेशन किया जाएगा।
बता दें आगामी विधानसभा निर्वाचन- 2023 के संचालन एवं मतदान सम्पन्न कराये जाने हेतु जिले में भण्डारित ई.व्ही.एम. के प्रथम रैण्डमाईइजेशन 18 अक्टूबर को हुआ था, इसके पश्चात मशीनों को जिला स्तरीय स्ट्रांग रूम (कलेक्ट्रेट परिसर) से विधानसभा स्तरीय स्ट्रॉगरूम, शा० आदर्श रामानुज हायर सेकेंडरी स्कूल बैकुण्ठपुर में जमा किया गया है।
आज सामान्य पर्यवेक्षक श्री नारायण चंद्र सरकार की उपस्थिति में ई.व्ही.एम. मशीनों के द्वितीय रैण्डमाईजेशन कलेक्ट्रेट कार्यालय के एन.आई.सी. कक्ष में किया गया।
रैण्डमाईजेशन उपरांत मतदान केन्द्र वार मशीनों को जमाने का कार्य शा0आदर्श रामानुज हायर सेकेंडरी स्कूल में बने स्ट्रॉंग रुम में किया गया तथा इसकी कमीशनिंग का कार्य शा0आदर्श रामानुज हायर सेकेंडरी स्कूल बैकुण्ठपुर में 6 नवम्बर को सुबह 9 बजे से किया जायेगा।
आज इस अवसर पर कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह, जिला उप निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नंदिनी साहू, रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम, कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती अम्बिका सिंहदेव, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश कुमार, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ (जे) के प्रत्याशी श्री दुर्गेश साहू, निर्दलीय प्रत्याशी श्री बृजमोहन साहू एवं भाजपा प्रत्याशी के प्रतिनिधि श्री दिनेश राजवाड़े उपस्थित थे।
आदर्श आचार संहिता के उलंघन के तहत कांग्रेस प्रत्याशी को नोटिस जारी/रिटर्निंग ऑफिसर ने मांगा तीन दिन के भीतर जवाब
कोरिया/ रिटर्निंग ऑफिसर विधानसभा क्षेत्र 03 बैकुण्ठपुर श्रीमती अंकिता सोम ने बैकुंठपुर विधानसभा निर्वाचन के इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती अम्बिका सिंहदेव को आदर्श आचार संहिता के उलंघन किए जाने पर कल 3 नवम्बर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बता दे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 9 अक्टूबर से विधानसभा आम निर्वाचन हेतु घोषणा जारी किये जाने के साथ ही कोरिया जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील है।
रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम ने जानकारी दी है कि वीडियो निगरानी दल के प्रतिवेदन एवं वीडियो के अवलोकन में यह पाया गया कि 2 नवम्बर 2023 को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय पटना (हाई स्कूल करजी) ग्राउण्ड में इण्डियन नेशनल कांग्रेस के स्टार प्रचारक डॉ. चरणदास महंत का आपके पक्ष में आयोजित चुनावी सभा में स्कूल के बच्चों द्वारा स्कूल युनिफॉर्म में स्टेज पर जन प्रतिनिधियों को गुलदस्ता से स्वागत किया गया एवं फोटोग्राफ हेतु पोज दिया गया। विदित हो कि चुनावी सभा के आयोजन हेतु स्कूल के प्राचार्य द्वारा दिये गये अनापत्ति प्रमाण पत्र के आधार पर रिटर्निंग आफिसर 03 बैकुण्ठपुर द्वारा सभा के आयोजन हेतु अनुमति जारी की गई थी किन्तु स्कूल यूनिफॉर्म में आये अन्य बच्चों एवं श्रोताओं के साथ स्टेज के सामने बैठकर एवं खड़े होकर चुनावी प्रचार के भाषण को सुना गया। इस प्रकार स्कूली बच्चों को युनिफॉर्म में चुनावी सभा में सम्मिलित कराया गया, जो भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।
रिटर्निग ऑफिसर श्रीमती अंकिता सोम ने कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती अंबिका सिंहदेव को तीन दिन के भीतर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आदेश पत्र में यह भी कहा गया है कि नियत समयावधि में जवाब प्रस्तुत न होने पर एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।
80 बरस के बुजुर्ग और 40 प्रतिशत दिव्यांग मतदाताओं को घर में मतदान कराने की व्यवस्था/7 से 9 नवम्बर तक चलेगा अभियान
कोरिया / विधानसभा सामान्य निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 03, बैकुंठपुर के रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम ने जानकारी दी है कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार अनुपस्थित श्रेणी के ऐसे मतदाता जिनकी उम्र 80 या 80 वर्ष से अधिक हैं एवं 40 प्रतिशत दिव्यांग मतदाता प्रारूप-12 घ में आवेदन प्रस्तुत कर डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान कर सकते हैं।
वहीं ऐसे मतदाताओं के मतदान के लिए मतदान दल को घर-घर जाकर डाक मतपत्र के द्वारा मतदान सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है। आदेश के अनुसार 13 मतदान दलों का गठन किया गया है, जो तीन दिन, 7 से 9 नवम्बर तक सुबह 10 से शाम 5 बजे तक यह कार्य करेंगे।
बता दे बैकुंठपुर विधानसभा निर्वाचन में दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 2 हजार 90 है और 80 वर्ष ये उससे अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1 हजार 231 है।
चुनाव संबंधी सूचना साझा करने प्रेक्षकों से किया जा सकता है संपर्क
बिलासपुर/चुनाव आयोग नई दिल्ली द्वारा जिले के लिए 7 प्रेक्षक नियुक्त किये गये है। वे शहर के विभिन्न विश्राम गृहों में ठहरे हुए हैं। इनमें 3 सामान्य प्रेक्षक, तीन व्यय प्रेक्षक एवं एक पुलिस प्रेक्षक शामिल हैं। सामान्य प्रेक्षक न्यू सर्किट हाऊस में, व्यय प्रेक्षक रेलवे की रेस्ट हाऊस न्यू सतपुड़ा भवन में एवं पुलिस प्रेक्षक एसईसीएल रेस्ट हाऊस में ठहरे हुए हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सामान्य प्रेक्षकों में कोटा एवं तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए श्री नायली इते, मोबाईल नम्बर (75870-16620) बिल्हा एवं बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए श्री कुमार प्रशांत, मोबाईल नम्बर (75870-16621) बेलतरा एवं मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के लिए श्री उदयन मिश्रा, (मो.75870-16623) नियुक्त किये गये हैं। इसी प्रकार व्यय प्रेक्षकों में कोटा एवं तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए श्री हर्षद सदाशिव आराधी (मोबा-75870-16625) बिल्हा एवं बिलासपुर के लिए श्री आर भूपति (75870-16626) तथा बेलतरा एवं मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के लिए अजय कुमार अरोरा (75870-16627) तथा पुलिस प्रेक्षक श्री सतीश कुमार गजभीए (मोबा-75870-16624) नियुक्त किये गये है। पुलिस प्रेक्षक श्री गजभीए चुनाव के दौरान संपूर्ण जिले में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था पर नजर रखेंगे। कोई भी नागरिक प्रेक्षकों से उक्त मोबाईल नम्बर पर सम्पर्क कर चुनाव संबंधी किसी भी प्रकार की सूचना साझा कर सकते हैं।
रैण्डमाईजेशन प्रक्रिया से मतदान दल का गठन
बिलासपुर/विधानसभा चुनाव के लिए चल रही तैयारियों के क्रम में चुनाव आयोग के साफ्टवेयर में रैण्डमाईजेशन प्रक्रिया से मतदान दलों का गठन किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश शरण द्वारा चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षकों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में एनआईसी कक्ष में यह प्रक्रिया पूर्ण की गई। बैठक में चुनाव आयोग के प्रेक्षक श्री नायली इते, श्री कुमार प्रशांत एवं श्री उदयन मिश्रा, नगर निगम आयुक्त श्री कुणाल दुदावत,ं जिला पंचायत के सीईओ श्री अजय अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिवकुमार बनर्जी उपस्थित थे।
पोलिंग पार्टी गठन के लिए रैण्डमाईजेशन का यह दूसरा चरण था। मतदान दल के अंतर्गत पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी 1 एवं मतदान अधिकारी 2 का समूह बन गया है। इसके अंतर्गत मतदान दलों को यह जानकारी हो जायेगी कि उनकी किस विधानसभा क्षेत्र में ड्यूटी लगी है। लेकिन मतदान कराने के लिए उन्हें किन मतदान केन्द्रों में जाना होगा, इसकी जानकारी उन्हें तृतीय रेण्डमाईजेशन किये जाने के बाद होगा। तृतीय रेण्डमाईजेशन मतदान तिथि से दो दिन पूर्व होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद तीन विधानसभा क्षेत्र-बिल्हा, बिलासपुर एवं बेलतरा में 16 से ज्यादा उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गये हैं। इसलिए एक अतिरिक्त बैलट यूनिट की जरूरत पड़ेगी। रैण्डमाईजेशन प्रक्रिया के तहत इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक अतिरिक्त बैलट यूनिट आवंटित की गई।
कलेक्टर ने प्रेक्षकों की मौजूदगी में ली प्रत्याशियों की बैठक/आदर्श आचार संहिता से कराया अवगत, पालन करने दिए निर्देश
तीन बार जांच कराना होगा चुनावी लेखा
बिलासपुर/चुनाव चिन्ह के आबंटन के बाद आज कलेक्टर ने प्रेक्षकों की मौजूदगी में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की बैठक ली। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवनीश शरण ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता से प्रत्याशियों को अवगत कराते हुए पालन करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यो से संबंधित जानकारी देने के लिए प्रेक्षकों के अलावा रिटर्निंग अधिकारियों समेेत निर्वाचन से जुडे़ तमाम अधिकारी कर्मचारी पूरे समय तैयार हैं। प्रेक्षकों ने बताया के प्रत्याशियों को मतदान के पूर्व तीन बार चुनावी लेखों की जांच करानी होगी। बैठक में सामान्य प्रेक्षक श्री नाइली ईते, श्री कुमार प्रशांत, श्री उदयन मिश्रा, व्यय प्रेक्षक श्री आर भूपति, श्री अजय कुमार अरोरा, श्री हर्षद सदाशिव आराधी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित आचार संहिता का पालन करते हुए राजनीतिक दलों को चुनाव प्रचार के लिए सभा स्थल, रैली जुलूस, लाउडस्पीकर, वाहन सभी के लिए अनुमति लेनी होगी। इसके लिए सुविधा एप्प का उपयोग भी किया जा सकता है। अनुमति पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दी जाएगी। इसी प्रकार यदि किसी को कोई शिकायत करनी है तो सी विजिल एप्प के जरिए प्रत्याशी अपनी शिकायत भी दर्ज करा सकता है। सी विजिल एप्प में की गई शिकायत में 24 घंटे के भीतर कार्यवाही की जाती है। बैठक में प्रेक्षको ने डूस और डोन्ट के विषय में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या के लिए वे प्रेक्षकों से संपर्क कर अथवा दूरभाष पर जानकारी ले सकते हैं। व्यय प्रेक्षकोे ने बताया कि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करने से लेकर मतगणना तक अपना अभिलेख अद्यतन रखना होगा। उन्होंने बताया कि चुनाव में नामांकन दाखिल करने से मतगणना तक प्रत्याशी किसी व्यक्ति को 9 हजार 999 रूपये तक नगद भुगतान कर सकता है। 10 हजार या इससे ज्यादा की राशि का भुगतान उन्हें चेक या अन्य बैकिंग माध्यमों से करना होगा। बैठक में व्यय प्रेक्षकों ने बताया कि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के अभिलेखों का पहली जांच 6 नवम्बर को, दूसरी 10 नवम्बर को एवं तीसरी जांच 15 नवम्बर को जिला पंचायत सभाकक्ष में होगी।
बैठक की शुरूआत में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर द्वारा आदर्श आचरण संहिता की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि पोस्टर, बैनर, पाम्पलेट छपवाने के लिए निर्धारित फॉर्मेट में आवेदन देने के साथ ही लागत मुद्रक की जानकारी उपलब्ध करानी होगी। हर प्रकार के पॉम्पलेट में नीचे प्रकाशक का नाम और प्रतियांें की संख्या अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। नामांकन दाखिल करने से लेकर मतगणना तक प्रत्याशी को खर्च की जाने वाली राशि का ब्यौरा रखना जरूरी होगा। पोलिंग बूथ के 100 मीटर के परिधि में प्रत्याशी किसी भी प्रकार का प्रचार प्रसार नहीं कर सकते एवं 200 मीटर की परिधि में प्रचार के लिए कोई कार्यालय नहीं बनाया जा सकता। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिवकुमार बनर्जी, एडीएम श्री आरए कुरूवंशी, सभी रिटर्निंग ऑफिसर सहित प्रत्याशी और उनके प्रतिनिधि मौजूद थे।
पर्यवेक्षकों ने प्रत्याशियों को दी आचार संहिता से संबंधित जानकारियां/निष्पक्ष-स्वतंत्र व पारदर्शी चुनाव के लिए करें सहयोग-श्री सरकार
कानून व्यवस्था बनाए रखें व भड़कीले भाषण का न हो उपयोग- श्री रिज़वी
समय पर निर्वाचन व्यय की जानकारी दें-श्री प्रदीप
कोरिया/ आज जिला कलेक्ट्रेट सभागार में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक पश्चिम बंगाल कैडर के आईएएस श्री नारायण चन्द्र सरकार, पुलिस पर्यवेक्षक अरुणाचल प्रदेश के आईपीएस श्री मोहम्मद अख्तर रिज़वी एवं व्यय पर्यवेक्षक आईआरएस श्री एन. प्रदीप ने बैकुंठपुर विधानसभा निर्वाचन के सभी उम्मीदवारों से मुलाकात की और सभी को आचार संहिता 2023 के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।
सामान्य पर्यवेक्षक श्री नारायण चंद्र सरकार ने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा निष्पक्ष, पारदर्शी व स्वतंत्र रूप से निर्वाचन कार्य संपन्न करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में कहीं भी आदर्श आचार संहिता का व्यवधान न हो और शांतिपूर्ण ढंग से निर्वाचन कार्य हो। उन्होंने प्रत्याशियों व राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों से कहा कि प्रचार-प्रसार के दौरान प्रलोभन, लालच नहीं देना है न ही किसी प्रकार से किसी को धमकाया जाना है, न किसी मतदाता को मतदान करने से रोकना है। ऐसे में सबकी जिम्मेदारी है कि निर्वाचन के दौरान सभी मतदाता निर्भय होकर मतदान कर सके।
पुलिस पर्यवेक्षक श्री रिजवी ने प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान तनाव या वाद-विवाद न हो इसके लिए अपने कार्यकर्ताओं, समर्थकों को जरूर समझाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत लगा होता है। चुनाव प्रक्रिया एक स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत किए जाने वाले कार्य है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि आपस में सद्भाव और सहयोग के साथ इस निर्वाचन कार्य को सम्पन्न करना है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था किसी भी हालत में न बिगड़े इस बात का ध्यान सभी राजनीतिक दल व प्रत्याशियों की जवाबदारी होगी।
व्यय पर्यवेक्षक श्री एन. प्रदीप ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सीमा के भीतर व्यय किया जाना है। उन्होंने प्रत्याशियों से कहा कि नए खोले गए बैंक अकाउंट से खर्च किया जाना है।
उन्होंने कहा कि इस बैंक खाते से आहरण किया जाना है। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मूल्य सूची निर्धारित दर पर व्यय की राशि खर्च किया जाना है। उन्होंने कहा कि अपने निर्धारित बैंक अकाउंट से ही सभी प्रकार के खर्च किया जाना है प्रतिदिन खर्च का ब्यौरा अंकित किया जाना है।
उन्होंने बताया कि तीन बार अकाउंट की जांच की जाएगी सभी प्रकार के खर्चे का बिल रखा जाना है। नामांकन दाखिल करने की तिथि से लेकर निर्वाचन संपन्न होने तक का सभी प्रकार का खर्च संबंधित खाते से ही आहरण किया जाना है। लेखा व्यय की जांच 7, 11 व 15 नवंबर को की जाएगी। पर्यवेक्षकों ने सभी उम्मीदवारों व आम लोगों से कहा कि किसी भी तरह की समस्या, शिकायत या सुझाव की जरूरत हो तो बैकुंठपुर विश्राम गृह में सुबह 9 बजे मुलाकात कर सकते हैं साथ ही मोबाइल नम्बर भी दिए। सामान्य पर्यवेक्षक श्री सरकार का 75870-16587 तथा पुलिस पर्यवेक्षक श्री रिजवी का मोबाइल नम्बर 75870-16588 है।
इसके पहले बैकुंठपुर विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम ने बैठक में आए सभी प्रत्याशियों को जानकारी देते हुए बताया कि इस बार 8 प्रत्याशी चुनाव में हैं, जिन्हें चुनाव चिन्ह भी आवंटित करने की जानकारी दी। उन्होंने आचार संहिता के दौरान रैली, जुलूस, आमसभा करने से पहले नियमानुसार अनुमति लिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने रात 10 बजे के स्पीकर व अन्य प्रचार पर रोक लगाने की जानकारी दी।अभ्यर्थियों को आदर्श आचार संहिता का पालन करने का आग्रह भी किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि आदर्श आचार संहिता के दौरान कानून व्यवस्था को बनाए रखने की जिम्मेदारी सभी प्रत्याशियों व राजनीतिक दलों की है। श्रीमती ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि विधानसभा निर्वाचन 2023 हेतु प्रत्याशियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस का महत्वपूर्ण कर्तव्य है।
बता दें सुरक्षा समन्वयक नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर एवं सहायक सुरक्षा समन्वयक सहायक नोडल अधिकारी श्रीमती कविता ठाकुर को बनाया गया है।
श्रीमती ठाकुर ने बताया कि प्रत्येक प्रत्याशी अपनी ओर से समन्वयक नियुक्त कर अपने सुरक्षा के संबंध में सुरक्षा नोडल अधिकारी से समन्वय हेतु समन्वयक को निर्देशित करेंगे। संवेदनशील क्षेत्रों के भ्रमण/सभा के पूर्व आवश्यक रूप से एक दिन पूर्व सूचना देना सुनिश्चित करेंगे।
प्रत्याशियों को बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के दृष्टि से आकस्मिक रूप से कोई कार्यक्रम न बनाया जाए एवं अंतिम समय में अपने कार्यक्रम में कोई भी बदलाव न किया जाए। प्रत्याशी के सुरक्षा में तैनात पीएसओ से केवल सुरक्षा का कार्य ही लिया जाएगा। भ्रमण के दौरान पीएसओ को अपने वाहन में साथ रखेंगे एवं रात्रि विश्राम के दौरान विश्राम परिसर में ठहराया जाएगा।
कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह ने सभी उम्मीदवारों से कहा किसी भी तरह की अनुमति के लिए सुविधा ऐप का उपयोग कर सकते हैं या फिर संयुक्त कलेक्टर श्री नीलम टोप्पो को नोडल अधिकारी से सम्पर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नंदिनी साहू सहित नोडल अधिकारी भी उपस्थित थे।
4 नवम्बर को होगा ई.व्ही.एम. मशीनों के द्वितीय रेण्डमाईजेशन/प्रत्याशी या अधिकृत प्रतिनिधि होंगे शामिल
कोरिया/ बैकुंठपुर विधानसभा निर्वाचन की तैयारी जोरों पर है। इसी कड़ी में रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम ने जानकारी दी है कि कल 4 नवम्बर को ई.व्ही.एम. मशीनों के द्वितीय रेण्डमाईजेशन किया जाएगा।
आगामी विधानसभा निर्वाचन- 2023 के संचालन एवं मतदान सम्पन्न कराये जाने हेतु जिले में भण्डारित ई.व्ही.एम. के प्रथम रेण्डमाईजेशन 18 अक्टूबर को हुआ था, इसके पश्चात मशीनों को जिला स्तरीय स्ट्रांग रूम (कलेक्ट्रेट परिसर) से विधानसभा स्तरीय स्ट्रॉगरूम, शा० आदर्श रामानुज हायर सेकेंडरी स्कूल बैकुण्ठपुर में जमा किया गया है। जानकारी के मुताबिक ई.व्ही.एम. मशीनों के द्वितीय रेण्डमाईजेशन व रेण्डमाईजेशन 4 नवम्बर को सुबह 11 बजे कलेक्टोरेट कार्यालय के एन.आई.सी. कक्ष में किया जाना है। रेण्डमाईजेशन उपरांत मतदान केन्द्र वार मशीनों को जमाने दोपहर 12 बजे शा आदर्श रामानुज हायर सेकेंडरी स्कूल में बने स्ट्रॉग रुम को खोला जाना है तथा कमीशनिंग का कार्य शा आदर्श रामानुज हायर सेकेंडरी स्कूल बैकुण्ठपुर में 6 नवम्बर को सुबह 9 बजे से किया जायेगा।
इसमें प्रत्याशी या उनके अधिकृत प्रतिनिधि उक्त तीनों कार्यों में निर्धारित समय पर उपस्थिति आवश्यक है।
चुनाव प्रचार में संलिप्त शिक्षक दम्पति के खिलाफ कार्रवाई/शिक्षक पति निलंबित, व्याख्याता पत्नी के विरूद्ध कार्रवाई की अनुशंसा
बिलासपुर/चुनाव प्रचार के कार्य में संलिप्त पाये जाने पर बिलासपुर जिले में शिक्षक दम्पति के विरूद्ध कार्रवाई की गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवनीश कुमार शरण के अनुमोदन उपरांत संयुक्त संचालक शिक्षा ने आरोपी शिक्षक श्री कांति साहू को निलंबित कर दिया हैं। वहीं उनकी व्याख्याता पत्नी श्रीमती अनिता साहू (व्याख्याता फरहदा) के विरूद्ध कार्रवाई के लिए अनुशंसा संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को की गई है। श्री कांति साहू शिक्षक एलबी के मूल पद हैं जो कि वर्तमान में शहरी संकुल स्त्रोत समन्वयक बिल्हा में पदस्थ हैं। विभिन्न माध्यमांे से जिला निर्वाचन कार्यालय एवं शिक्षा विभाग को श्री साहू के राजनीतिक गतिविधियों में संलग्न होने की शिकायत प्राप्त हुई थी। संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग ने मामले की जांच सहायक संचालक से कराई। जांच में उनकी दल विशेष के पक्ष में लगाव की पुष्टि की गई। जिसके आधार पर संयुक्त संचालक शिक्षा ने श्री कांति साहू को आज निलंबित कर दिया। उन्हे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में संलग्न किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। श्री साहू ने चुनाव प्रचार करके सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के प्रावधानों का उल्लंघन किया है।
व्यय प्रेक्षक श्री एन. प्रदीप लेंगे प्रत्याशियो के साथ बैठक/7, 11 व 15 नवंबर को कलेक्ट्रेट कार्यालय में शाम 5 बजे होंगे रूबरू
कोरिया/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर कोरिया में व्यय प्रेक्षक श्री एन. प्रदीप 7, 11 एवं 15 नवम्बर 2023 को कलेक्ट्रेट कार्यालय के भूतल कक्ष में शाम 5 बजे से विधानसभा प्रत्याशी या उनके निर्वाचन अभिकर्ता की मौजूदगी में व्यय लेखा का निरीक्षण करेंगे।
लेखे का निरीक्षण
रिटर्निंग अधिकारी निर्वाचन प्रेक्षक या इस प्रयोजनार्थ व्यय प्रेक्षक के परामर्श से रिटर्निंग अधिकारी द्वारा पदाभिहित वरिष्ठ अधिकारी द्वारा प्रत्येक अभ्यर्थी के व्यय रजिस्टर के निरीक्षण का कार्यक्रम तैयार की जाती है। अभ्यर्थी से अपेक्षा की जाती है कि वह प्रचार अवधि के दौरान कम से कम तीन बार निजी रूप से या अपने निर्वाचन एजेंट के माध्यम से या अपने दर विधिवत रूप से प्राधिकृत व्यक्ति द्वारा व्यय प्रेक्षक निरीक्षक के लिए पदाभिहित अधिकारी के सम्मुख रजिस्टर पेश करें । दो निरीक्षकों के बीच कम से कम तीन दिनों का अंतराल होना होता है।
प्रत्येक अभ्यर्थी की सुविधा के लिए निरीक्षण का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे निर्धारित की गई है। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक निरीक्षण के बाद अभ्यर्थी का दैनिक निर्वाचन लेखा रजिस्टर निरीक्षण की तिथि तक स्कैन किया जाता है और उसे जिला निर्वाचन अधिकारी के पोर्टल पर अपलोड करने के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट के लिए उपलब्ध कराए गए लिंक पर अपलोड किया जाता है।
यदि अभ्यर्थी या उसका एजेंट अपना निर्वाचन व्यय रजिस्टर उस प्रयोजनार्थ निर्धारित तिथि में निरीक्षण के लिए प्रस्तुत नहीं की जाती है तो रिटर्निंग अधिकारी द्वारा उसे लिखित में नोटिस जारी कर नोटिस विनिर्दिष्ट तारीख को फिर से निरीक्षण के लिए रजिस्टर प्रस्तुत करने में असफल होते हैं तो यह माना जाएगा कि वह लोक प्रतिनिधित्व 1951 की धारा 77 के अंतर्गत अपेक्षित दैनिक निर्वाचन व्यय के लेखे रखने में असफल रहा है। इस नोटिस की उसकी एक प्रति रिटर्निंग अधिकारी के सूचना पटल पर लगाई जाएगी। यदि नोटिस भेजे जाने के बावजूद अभ्यर्थी जांच के लिए निर्वाचन व्यय रजिस्टर को प्रस्तुत करने में असफल रहता है, तो भारतीय दण्ड संहिता की धारा 171-झ के अधीन सक्षम न्यायालय में शिकायत दर्ज की जाएगी। इसके अलावा, यदि अभ्यर्थी नोटिस दिए जाने के तीन दिनों के बाद भी रजिस्टर प्रस्तुत नहीं करता है, तो निर्वाचन के दौरान अभ्यर्थी को वाहन प्रयोग करने के लिए दी गई अनुमति वापस ले ली जानी चाहिए।
आम जनता भी उपस्थित रह सकते हैं
व्यय रजिस्टर के निरीक्षण के दौरान आम जनता के सदस्य भी उपस्थित रह सकते हैं तथा कोई भी व्यक्ति रिटर्निंग अधिकारी से एक रु. प्रति पृष्ठ का भुगतान कर किसी भी अभ्यर्थी के व्यय रजिस्टर की प्रति प्राप्त कर सकता है।
आबकारी विभाग ने किया आदेश, 15 नवम्बर शाम 5 बजे से/मतदान समाप्ति तक मदिरा एवं बार दुकान रहेगा बंद
कोरिया / कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री विनय कुमार लंगेह ने छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 की उप धारा 1 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियांे का प्रयोग करते हुए जिले में विधानसभा निर्वाचन 2023 को सम्पन्न कराने हेतु अवस्थित समस्त देषी, विदेषी तथा कम्पोजिट मदिरा दुकानें तथा एफ.एल 4(क) क्लब बार को बंद रखने के लिए मतदान दिवस 17 नवम्बर के 48 घंटे पूर्व अर्थात 15 नवम्बर शाम 5 बजे से मतदान समाप्ति तक बंद रखने निर्देष देते हुए इस तिथि को शुष्क अवधि एवं शुष्क दिवस घोषित किया गया है। उक्त अवधि तक मदिरा का सम्पूर्ण संव्यवहार प्रतिबंधित रहेगा।
विधानसभा निर्वाचन 2023/मतदान केन्द्रों में प्रस्तुत किए जाने वाले पहचान पत्र
मनेन्द्रगढ़/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं को मतदान केन्द्रों में वोट देने के लिए पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। जिसके लिए मतदाता एपिक कार्ड के अलावा आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक व डाकघर द्वारा जारी फोटोग्राफ युक्त पास बुक, श्रम मंत्रालय द्वारा स्वास्थ्य बीमा स्कीम के तहत जारी स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया (आरजीआई) द्वारा नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर (एनपीआर) के अंतर्गत जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोग्राफ युक्त पेंशन दस्तावेज एवं केन्द्र सरकार, राज्य सरकार, पीएसयूएस, पब्लिक लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी को जारी किया गया फोटोग्राफ युक्त सेवा पहचान पत्र व एमपीएस, एमएलएएस, एमएलसीएस को जारी किया गया आधिकारिक पहचान पत्र तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी यूडीआईडी कार्ड मतदान केन्द्र में प्रस्तुत कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं।
21 प्रत्याशियों में 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में/2 निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने नाम लिए वापस, 1 का निरस्त कांग्रेस, भाजपा, जनता कांग्रेस, गोंगपा तथा निर्दलीय सहित 18 प्रत्याशियों में होगा संग्राम
मनेन्द्रगढ़/ आगामी 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में 2 नवंबर गुरूवार नाम वापसी का अंतिम दिन रहा। नाम वापसी के पश्चात दोनों विधानसभा में कुल 18 प्रत्याशियों का नाम सही पाए जाने से और नाम वापसी के पश्चात स्थिति स्पष्ट हो गई है। यहां बता दें कि नामांकन की आखिरी तिथि 30 अक्टूबर तक थी जहां कुल 21 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किए गए थे जिनमें से रिटर्निंग आफिसर ने 20 नामांकन को वैध पाया। वहीं 01 नामांकन अवैध पाए जाने पर निरस्त किया गया। जिनमें विधानसभा क्रमांक 02 मनेन्द्रगढ़ से 2 निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. एल. एस. उदय सिंह एवं मनराज मौर्य ने अपने नाम वापस ले लिए। जिससे अब चुनाव मैदान में मनेन्द्रगढ़ विधानसभा से 9 प्रत्याशी अपने अपने भाग्य को आजमायेंगे। जिनमें कांग्रेस के रमेश सिंह, भाजपा से श्याम बिहारी जायसवाल, जनता कांग्रेस के आदित्य राज डेविड, छत्तीसगढ़िया पार्टी से अयोध्या प्रसाद, गण सुरक्षा पार्टी से अरूणा पैंकरा, डेमोक्रेटिक पार्टी से ओम प्रकाश अहिरवार, भारतीय शक्ति चेतना से महेश प्रसाद, गोड़वाना गणतंत्र पार्टी से शेख इस्माइल अपने अपने भाग्य को आजमायेंगे।वहीं विधानसभा क्रमांक- 01 भरतपुर सोनहत से भी 9 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया था। किसी ने भी उनमें से नाम वापस नहीं लिया। जिससे सभी 9 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमायेंगे। जिनमें कांग्रेस से वर्तमान विधायक गुलाब कमरो, भाजपा से रेणुका सिंह, जनता कांग्रेस की सुखमंती सिंह, समाजवादी पार्टी की फूलमती गोड़, गण सुरक्षा पार्टी के लल्ला बैगा, गोड़वाना गणतंत्र पार्टी से श्याम सिंह मरकाम, छत्तीसगढ़िया पार्टी की संतोषी, वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों में शिमला चेरवा, शुभशरण सिंह भी अपने अपने भाग्य आजमायेंगे। वहीं इसके पूर्व 01 प्रत्याशी जय सिंह का नामांकन जांच में सही नहीं पाए जाने से निरस्त किया गया था।












