Breaking News
ताज़ातरीन
जिला स्तरीय क्रय समिति गठित
कोरिया /आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के परिपेक्ष्य में निर्वाचन कार्य के संपादन के दौरान आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का मुद्रण कराया जाना है। मतदाता सूची मुद्रण कराये जाने हेतु जिला एवं राज्य स्तरीय वेंडर तथा सर्विस प्रोवाइडर से दर आहूत करने हेतु निविदा जारी किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा मतदाता सूची के दर निर्धारण हेतु जिला स्तरीय क्रय समिति का गठन किया गया जिसमें अपर कलेक्टर एवं उप निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नन्दिनी साहू को अध्यक्ष बनाया गया है। इसी प्रकार डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी स्थापना शाखा श्री राकेश साहू, जिला कोषालय अधिकारी श्री पदमाकर सिंह परिहार, निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री बृज बिहारी गुप्ता को सदस्य तथा सहायक आयुक्त कार्यालय के लेखा अधिकारी श्री अनिरुद्ध शर्मा को सदस्य सचिव नियुक्त किया गया।
जेल निरीक्षण समिति ने किया जिला जेल बैकुण्ठपुर व उपजेल मनेन्द्रगढ़ का निरीक्षण
कोरिया/कलेक्टर सह अध्यक्ष जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति श्री विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्षन जिले में गठित जेल निरीक्षण समिति द्वारा बैकुण्ठपुर एवं उप जेल मनेन्द्रगढ़ का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जेल मे निरूद्व बंदियो से उम्र के संबध मे पूछताछ की गई तथा बैकुण्ठपुर जेल में 157 बंदी तथा मनेन्द्रगढ़ मे कुल 264 बंदी से उम्र के संबध में पूछताछ की गई। गौरतलब है कि निरीक्षण दल द्वारा प्रत्येक तीन माह मे जेलो का निरीक्षण इस उददेश्य से किया जाता है कि जेल मे ऐसे बंदी तो नही है जिनकी उम्र 18 वर्ष से कम की हो जो कि त्रुटिपूर्ण तरीके से जेलो मे निरूद्व हो गये हो। साथ ही बंदियों के बच्चों का सही देखरेख व संरक्षण हो। निरीक्षण दल में सदस्य किशोर न्याय बोर्ड श्रीमती माधुरी गुप्ता, श्री पंकज कुमार वर्मा विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता श्री अमित श्रीवास्तव, श्री संजीव कुमार साहू आउटरीच वर्कर जिला बाल संरक्षण इकाई महिला एवं बाल विकास विभाग शामिल थे।
मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्य हेतु मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन
कोरिया/आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के सफल क्रियान्वयन हेतु राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 12 से 18 सितम्बर तक जिला स्तर के विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों के प्रशिक्षण का आयोजन रायपुर में किया गया था। नोडल अधिकारियों को प्राप्त प्रशिक्षण उपरान्त जिला स्तर पर मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्य हेतु मास्टर ट्रेनर्स की नियुक्ति कर जिला पंचायत के सभाकक्ष में प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें राज्य से प्राप्त प्रशिक्षण को बिन्दूवार जिला स्तर के मास्टर ट्रेनर्स को बताया गया एवं त्रुटिरहित निर्वाचन कार्य के क्रियान्वयन हेतु आवश्यक विषयों पर चर्चा की गई।
प्रशिक्षण में राज्य स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त नोडल अधिकारी श्री राकेश कुमार साहू डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी ईव्हीएम एवं व्हीव्हीपैड, श्री केके गुप्ता जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता एवं मास्टर ट्रेनर. श्री एम.सी. हिमधर सहायक प्राध्यापक पी,जी कालेज बैकुण्ठपुर एवं मास्टर ट्रेनर,श्रीमती नंदनी साहू निर्वाचन अधिकारी,कोरिया एवं नोडल अधिकारी मतदाता सूची चिन्हित प्रति, श्री तुलाराम भारद्वाज कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी डाक मतपत्र/ईटीपीबीएस, श्री विनय मोहन एमआईएस प्रशासन जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय कोरिया एवं मास्टर ट्रेनर.श्री नीलम टोप्पो संयुक्त कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी एमसीसी एवं ईईएम, श्री ऑकार साय सहायक कोषालय अधिकारी,श्री शैलेन्द्र गुप्ता व्याख्याता डाईट कोरिया, श्रीमती चांदनी कंवर डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी सामग्री वितरण एवं वापसी एवं डीईएमपी,श्री प्रकाश तिवारी सहायक संचालक कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कोरिया श्री महेश शिवहरे व्याखयाता सारा बैकुण्ठपुर द्वारा विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण जिला स्तर के मास्टर ट्रेनर्स को दिया गया।
प्रशिक्षण के अंत में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के द्वारा स्वतंत्र त्रुटिरहित व निष्पक्ष निर्वाचन कार्य कराये जाने के निर्देश दिए एवं मतदान दलों को आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के बारे में भी विस्तार से चर्चा कर समाधान निकाला गया।
उ,मा.विद्यालयों व मतदान केन्द्रों में ई.व्ही.एम. एव व्ही व्ही, पैड का प्रदर्शन 03 से 20 अक्टूबर तक
प्रदर्शन कार्यक्रम सम्पादन हेतु मास्टर ट्रेनर नियुक्त
कोरिया/आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में प्रथम चरण में ई.व्ही.एम. व व्ही.व्ही. पैड मशीनों का हाट बाजारों में प्रदर्शन कर व्यापक प्रचार/प्रसार किया गया। इसी कड़ी में 03 से 20 अक्टूबर 2023 तक उ,मा.विद्यालयों व मतदान केन्द्रों में ई.व्ही.एम. एव व्ही व्ही, पैड के प्रचार हेतु समय-सारणी तैयार किया गया है। कलेक्टर ने प्रदर्शन कार्यक्रम सम्पादन करने के लिए मास्टर ट्रेनर को नियुक्त किया है। दल क्रमांक 01 बैकुण्ठपुर के लिए प्राथमिक शाला अमरपुर के शिक्षक श्री विनय कुमार तिवारी, सीएसी सारा बी प्रा.शा. फाटपानी के श्री अशोक कुमार लोधी, दल क्रमांक 02 सोनहत के लिए शा0प्रा0शा0 किशोरी के प्रधानपाठक श्री वीरेन्द्र कुमार मिश्रा एवं शा0प्रा0शा0 मेण्ड्रा के प्रधानपाठक श्री रमेश कुमार गुप्ता, दल क्रमांक 03 पोंडी-बचरा के लिए को प्रा0शा0 नवापारा के सहायक शिक्षक श्री मोहर लाल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल सलका के व्याख्याता श्री सुशील जायसवाल को मास्टर ट्रेनर नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर ने निर्वाचन संबंधी निर्देशों को पत्रकारों से किया साझा/मीडिया की महत्व, भूमिका और जरूरत पर हुई विमर्श
कोरिया / जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक कुमार बंसल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने आज कलेक्ट्रेट सभागृह में जिले के वरिष्ठ मीडिया कर्मियों के साथ आगामी आम निर्वाचन के संबंध में बैठक लेकर निर्वाचन आयोग के निर्देशों सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर श्री लंगेह ने कोरिया जिला स्थित बैकुण्ठपुर तथा भरतपुर-सोनहत विधानसभा से संबंधित जानकारियों को पत्रकारों के साथ साझा किया। श्री लंगेह ने पत्रकारों को बताया कि निर्वाचन संबंधी तैयारियां लगभग पूरी हो गई है। मतदान केन्द्रों में दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प बनाने के अलावा पानी, बिजली की समुचित व्यवस्था भी समय पूर्व करने की जानकारी दी।
.jpeg)
उन्होंने पत्रकारों को जिला स्तर पर मीडिया प्रमाणन और निगरानी समिति (एमसीएमसी) गठन होने की जानकारी दी, इसके तहत राजनीतिक विज्ञापनों को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से पहले एमसीएमसी से प्रमाणन की आवश्यकता होगी। सोशल मीडिया प्रचार के व्यय को उम्मीदवार के चुनाव व्यय खाते में शामिल करना होगा। सोशल मीडिया वेबसाइटों सहित इंटरनेट पर पोस्ट की गई सामग्री पर आदर्श आचार संहिता लागू होगी। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करते समय अपने प्रामाणिक सोशल मीडिया खातों को विवरण संलग्न करना होगा। श्री लंगेह ने हेट स्पीच के बारे में भी पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि आईपीसी की सेक्शन 295ए तथा 153 ए के तहत किसी भी वर्ग, धर्म जाति जन्म स्थान, निवास, भाषा व सम्प्रदाय के खिलाफ अभद्र बोली-भाषा का उपयोग नहीं किया जाएगा, अथवा ऐसे करते पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। फेक न्यूज के संबंध में श्री लंगेह ने बताया कि भ्रामक व फेक खबर आम चुनाव के समय ज्यादातर देखने को मिलते हैं, इसे रोकने के लिए पत्रकारों से आग्रह किया कि जब तथ्यपरक खबर न हो ऐसे फेक समाचार को जारी न किया जाए। श्री लंगेह ने पेड न्यूज के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही निर्वाचन के समय किसी प्रकार की कोई समस्या आने पर संबंधित निर्वाचन अधिकारी से सम्पर्क करने का आग्रह किया।

पुलिस अधीक्षक श्री बंसल ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गलत, भ्रामक व फेक समाचार प्राप्त होते ही एमसीएमसी को या स्थानीय पुलिस प्रशासन को जरूर अवगत कराएं ताकि समय पर ऐसे खबरों पर अंकुश लग सके। सीईओ श्री चतुर्वेदी ने पत्रकारों से कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए पारदर्शी पत्रकारिता जरूरी है। ऐसे में पत्रकार और मीडिया से अपेक्षा है कि आगामी आम चुनाव के समय जिला निर्वाचन को सहयोग अवश्य करें साथ ही भ्रामक व फेक न्यूज को रोकने के लिए अपने स्तर पर भी कार्यवाही सुनिश्चित करें। फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम आदि सोशल मीडिया में किसी भी प्रकार की भ्रामक व फेक खबर जारी न हो इस बात की निगरानी रखने का आग्रह किया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नंदिनी साहू ने मुख्य निर्वाचन कार्यालय से जारी निर्देशों के बारे में विस्तार से जानकारी। बैठक में जिले के प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के वरिष्ठ प्रतिनिधि, जनसम्पर्क विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी दूर-दराज से आए लोगों की समस्याएं
भिलौनी के ग्रामीणों ने भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की लगाई गुहार
मल्हार के तालाब की साफ-सफाई करवाने नगरवासियों ने की मांग
बिलासपुर/कलेक्टर संजीव कुमार झा ने आज जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के दूर दराज से आए सभी वर्ग के लोगों से मुलाकात कर बड़े इत्मीनान से करीब साढ़े तीन घंटे तक उनकी समस्याएं सुनी। कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्परता से समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने किसानों से चर्चा कर खेती-किसानी के ताजा हालात की जानकारी ली।
जनदर्शन में तखतपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत भिलौनी के ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम काठाकोनी से भिलौनी तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पक्की सड़क का निर्माण किया गया है। इस सड़क में भारी वाहनों का अत्यधिक आवागमन हो रहा है, जिससे यह क्षतिग्रस्त हो रहा है। साथ ही दुर्घटना की भी स्थिति बनी रहती है। ग्रामवासियों ने इस पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। कलेक्टर ने एसडीएम तखतपुर को कार्यवाही के निर्देश दिए। नगर पंचायत मल्हार के निवासियों ने बताया कि मल्हार ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी है और प्रमुख पर्यटन स्थल है। मल्हार में 126 तालाब राजस्व रिकार्ड में है, जिसमें से 65 तालाब अभी जीवित है। बाकि में अवैध कब्जा कर लिया गया है। इनमें से प्राचीन एवं बहुउपयोगी तालाब छोटे खैया है, जिसके पानी का उपयोग पीने एवं स्नान के लिए करते हैं। उक्त तालाब 15 वर्षों से जलकुंभी से पट गया है और अवैध कब्जा भी किया गया है। नगरवासियों ने तालाब की सफाई एवं अवैध कब्जा हटाने की मांग की। ग्राम कुरेली तखतपुर निवासी श्री रमाकांत कौशिक ने किसान क्रेडिट कार्ड से प्राप्त ऋण की मुख्यमंत्री द्वारा किसानों की ऋण माफी की घोषणा के बाद भी ऋण की भुगतान के लिए बैंक द्वारा नोटिस दिये जाने की जानकारी दी। उनके इस प्रकरण पर कार्यवाही के लिए लीड बैंक अधिकारी को निर्देशित किया गया। रतनपुर तहसील के ग्राम चपोरा निवासी श्री निलेश यादव ने कृषि कार्य के लिए वन भूमि में पट्टा दिलाने की मांग की। नगर पंचायत मल्हार के वार्ड क्र 10 के निवासियों ने सड़क में नाली का गंदा पानी भरने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि नाली के गंदे पानी से गली में कीचड़ जमा हुआ है, जिससे चलने में मुश्किल हो रही है। उन्होंने मोहल्ले की सड़क मरम्मत करवाने की मांग की। इस मामले को मल्हार सीएमओ देखेगें।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 85 करोड़ रूपये की पेयजल योजनाओं का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
बिलासपुर/मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वीसी के जरिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में 85 करोड़ रूपये के 8 महत्वपूर्ण पेयजल योजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 80 करोड़ 54 लाख रूपये की लागत वाले तीन समूह जल प्रदाय योजना का शिलान्यास एवं 3 करोड़ 48 लाख रूपये की 5 एकल ग्राम जल प्रदाय योजना का लोकार्पण शामिल हैं। एनआईसी कक्ष से वर्चुअली जुड़कर संसदीय सचिव श्रीमती रश्मि आशीष सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरूण सिंह चौहान, कलेक्टर श्री संजीव झा, जिला पंचायत सीईओ श्री अजय अग्रवाल सहित पीएचई विभाग के अधिकारी समारोह में शामिल हुए। पीएचई विभाग के ईई श्री यूके राठिया ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज जिन योजनाओं का शिलान्यास किया उनमें बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 29 करोड़ 54 लाख रूपये लागत की 23 ग्रामों के लिए मंगला पासीद समूह जल प्रदाय योजना, मस्तुरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 28 करोड़ 76 लाख रूपये की लागत से 21 ग्रामों के लिए हरदी भटचौरा सामूहिक जल प्रदाय योजना तथा कोटा विधानसभा क्षेत्र में 18 ग्रामों के लिए 23 करोड़ 22 लाख रूपये की लागत से चपोरा समूह जल प्रदाय योजना शामिल हैं। वहीं लोकार्पित किये गये कार्यों में बिल्हा में 1.34 करोड़ की लागत से बन्नाकडीह ग्राम जल प्रदाय योजना, मस्तुरी विधानसभा क्षेत्र में 44 लाख 14 हजार रूपये की लागत के उनी रीट्रोफिटिंग जल प्रदाय योजना एवं खपरी (लिमतरा) में 65 करोड़ की एकल ग्राम नल जल प्रदाय योजना, कोटा में 50 लाख की लागत से बने जमुनाही एकल ग्राम नलजल प्रदाय योजना तथा तखतपुर विधानसभा क्षेत्र की भौहाकांपा की एकल नल जल प्रदाय योजना शामिल हैं।
न्यायालय में प्रकरण लंबित होने व आवेदिका और अनावेदक दोनों पर एफआईआर दर्ज होने पर प्रकरण नस्तीब
पति-पत्नी के बीच तीन साल से बातचीत न होने पर तलाक लेना बेहतर: डॉ. किरणमयी नायक
आज की सुनवाई में 37 प्रकरण में 18 प्रकरण नस्तीबद्ध
बिलासपुर, 26 सितंबर 2023/छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक एवं सदस्य श्रीमती अर्चना उपाध्याय ने आज ’’प्रार्थना भवन’’ जल संसाधन विभाग बिलासपुर में महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों पर सुनवाई की। आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक की अध्यक्षता में आज 227 वीं व जिला स्तर पर 14 वीं सुनवाई हुई। बिलासपुर में आयोजित जनसुनवाई में आज कुल 37 प्रकरणों में सुनवाई की गई।
आज के सुनवाई के दौरान एक प्रकरण में आवेदिका कोई कार्यवाही नहीं चाहती है इसलिए प्रकरण प्रकरण नस्तीबद्ध किया गया। एक अन्य प्रकरण में दोनो पक्षों को सुना गया, जिसमें मामला नजूल विभाग में भूमि कब्जे का विवाद न्यायालय में लंबित होने के कारण नस्तीबद्ध किया गया। इसी प्रकार एक प्रकरण में दोनो पक्ष को विस्तार से सुने जाने के दौरान ही आवेदिका ने बताया कि सिविल लाईन थाना बिलासपुर में आवेदिका की रिपोर्ट प्रकरण अनावेदकगणों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर लिया गया है और अनावेदक पक्ष के रिपोर्ट पर आवेदिका और उनके पुत्री के विरूद्ध भी एफआईआर दर्ज हो चुका है। ऐसी स्थिति में प्रकरण को आगे चलाने का कोई औचित्य नहीं है। अतः प्रकरण नस्तीबद्ध किया गया। अन्य प्रकरण में दोनो पक्षों को सुना गया, आवेदिका कथन है कि अनावेदक ने 2017 में 03 तलाक दिया था। अनावेदक का कथन है कि उन्हांेने 03 तलाक नहीं दिया है। दोनो पक्षों के बीच प्रकरण न्यायालय में लंबित है। इसलिए प्रकरण नस्तीबद्ध किया गया।
इसी प्रकार एक प्रकरण में अनावेदक पहले से शादीशुदा हैं यह जानते हुए भी आवेदिका अनावेदक के साथ अवैध रिश्ते में रहने के कारण प्रकरण नस्तीबद्ध किया गया। अन्य प्रकरण में आवेदिका उपस्थित अनावेदक के अनुपस्थिति पर उनके अधिवक्ता द्वारा आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया है। आवेदिका द्वारा अपने प्रकरण रायपुर अगली सुनवाई में रखने के लिए अनुरोध किया गया है। अनावेदक को उनके अधिवक्ता के माध्यम से दिनांक 05.10.2023 को उपस्थित होने की सूचना दिया जाता है, यदि अनावेदक अनुपस्थित रहते हैं तो उनके खिलाफ कार्यवाही की जावेगी। अन्य प्रकरण में पति पत्नि एक साथ एक ही घर में रह रहे हैं और दोनो के बीच पिछले 03 साल से बातचीत बन्द है। इस प्रकरण की कॉपी संरक्षण अधिकारी को दी गई ताकि दोनो के बीच काउसलिंग कराया जा सके। काउंसलिंग के बाद भी दोनो के बीच समझौता नहीं होने की स्थिति में तलाक प्रक्रिया की कार्यवाही की जा सकेगी।
अधिकांश मामलों में आवेदिकाओं ने अपना प्रकरण इसलिए वापस ले लिया कि उनकी समस्याओं का समाधान आयोग में सुनवाई के पहले ही हो गया। आयोग की नोटिस मिलने के बाद तत्काल अनावेदकगण आवेदिका से समझौता कर रहे हैं, यह आयोग की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
शांति समिति की बैठक सम्पन्न /कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील
मूर्ति विसर्जन एवं जुलूस के दौरान डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध
कोरिया/आगामी त्यौहार गणेश चतुर्थी एवं ईद ए मिलाद को शांतिपूर्ण रूप से मनाए जाने के संबंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई।
कलेक्टर श्री लंगेह ने इस अवसर पर कहा कि आगामी त्यौहारों की तैयारी और आवश्यक व्यवस्था में पूर्व की भांति जिला प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग दिया जायेगा। उन्होंने समिति के सदस्यों, दोनों समुदाय के लोगों और युवाओं को शांति एवं उचित कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता निभाने अपील की है। साथ ही डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाते हुए शांतिपूर्वक मूर्ति विसर्जन करने को कहा है।
बैठक में कलेक्टर ने सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत लाइन का ध्यान रखते हुए गणपति प्रतिमा को ऊंचाई तथा स्वच्छता के दृष्टिगत आयोजन एवं विसर्जन स्थल पर पर्याप्त व्यवस्था करने, ट्रैफिक व्यवस्था तथा त्यौहार के अनुरूप गरिमामय, सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल ने इस अवसर पर कहा कि पुलिस द्वारा कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु बल तैनात किया जाएगा जिसके साथ ही उन्होंने बताया कि जुलूस एवं विसर्जन के दौरान नशे के हालत में पाए जाने वाले लोगों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। श्री बंसल ने गणेश मूर्ति विसर्जन का समय दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जिले में मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट का शुभारंभ/संसदीय सचिव श्रीमती अंबिका सिंहदेव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
कोरिया /गोधन न्याय योजना के सफल क्रियान्वयन के बाद अब पशुधन के घर पहुंच इलाज की सुविधा के लिए ‘‘मुख्यमंत्री गौवंश मोबाइल चिकित्सा योजना‘‘ लाई गई जिसके माध्यम से ग्रामीण अंचल एवं शहरी इलाकों के श्रमिक बस्तियों के लोगों को घर पहुंच स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संचालित मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना एवं मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना की तर्ज पर ही अब गांव-गांव में पशुधन के इलाज के लिए मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट की शुरुआत की गई है, आज जिला मुख्यालय में संसदीय सचिव एवं विधायक बैकुंठपुर श्रीमती अंबिका सिंहदेव एवं कलेक्टर श्री विनय कुमार लगेंह द्वारा 02 वेटनरी मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया जिसके जरिए पशुधन चिकित्सा सुविधा के साथ-साथ टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भधान की सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमन्त्री श्री भूपेश बघेल ने जिलेवासियों को दिए 104 करोड़ रुपए की सौगात
रायपुर से किया वर्चुअल लोकार्पण-भूमिपूजन
जिला अस्पताल में हुई सीटी स्कैन की सुविधा
’चिटफंड के पीड़ित निवेशधारियों की रकम हुई वापसी
सीएम सचमुच गरीबों का मसीहा व पालनहार है- उर्मिला
कोरिया/जिलेवासियों को आज एक नया उत्साह और उमंग का दिन रहा। बता दें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल प्रदेश के विभिन्न जिलों में हो रहे विकास कार्याे का लोकार्पण व भूमिपूजन वर्चुअल के माध्यम से आज किया गया। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुए इस कार्यक्रम में जिला कोरिया सहित विभिन्न जिलों में भी इसी तरह के लोकार्पण- भूमिपूजन व राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
वैसे भी कोरिया जिला अपनी प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है। ऐसे में राज्य सरकार ने जिला प्रशासन को अधोसंरचना विकास के लिए सभी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे ताकि यहाँ के लोगों की जरूरतें और मांगों को ध्यान में रखते हुए समय पर सभी आवश्यक कार्य पूरे हो सके।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने अलग- अलग समय व स्थानों पर जिलेवासियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की थी, जिसका आज लोकार्पण व भूमिपूजन व राशि वितरण किया गया।
आज हुए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए 48 करोड़ रुपए के 47 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 55 करोड़ रुपए के 62 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। साथ ही 14 निवेशकों द्वारा चिटफंड कंपनियों में किए गए निवेश राशि करीब 38 लाख रुपए की वापसी हुआ।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री वेदान्ती तिवारी, वरिष्ठ जनप्रतिधि श्री प्रदीप गुप्ता, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बसंल, सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर श्री नीलम टोप्पो, एसडीएम श्रीमती अंकिता सोम, डिप्टी कलेक्टर श्री राकेश साहू सहित जिलास्तरीय अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग में मौजूद रहे।
आज हुए प्रमुख लोकार्पण कार्याे में लोक निर्माण विभाग द्वारा 8 करोड़ रुपए की लागत से राजौली खोडरी से बदरा 6 कि.मी. लंबी सड़क व पुल- पुलिया निर्माण, पौने तीन करोड़ रुपए की लागत से ग्राम नगर से रटँगा तक दो कि. मी. लंबी सड़क मार्ग, ढाई करोड़ रुपए की लागत से ग्राम खरवत से जमनीपारा, चरचा तक 4 कि.मी सड़क व पुल -पुलिया निर्माण, करीब दो करोड़ रुपए की लागत से गडेरी मोहल्ला से शंकरपुर तक डेढ़ कि. मी.सड़क व पुल-पुलिया निर्माण, 2 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से एन एच 43 से करजी तक 3 कि.मी. पहुंच मार्ग, 2 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से उमझर रेलवे क्रासिंग से बाँधपारा व शिवपुर तक पौने दो कि. मी. सड़क निर्माण, 9 करोड़ रुपए की लागत से विक्रमपुर कर्री पोड़ी तक 7 कि.मी.सड़क निर्माण। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत टी-1 सेवकरजी खालपारा, डोंडपारा बुझर, एल 033 बदरिया से करहीखांड, टी 01 से बिलारो में सड़क निर्माण नगरीय निकाय विभाग द्वारा बैकुण्ठपुर के विभिन्न वार्डों में करीब 60 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड व पुल निर्माण कार्य। छत्तीसगढ़ राज्य विधुत बोर्ड द्वारा ग्राम पंचायत सकरिया में 91 लाख रुपए की लागत से नए विधुत सब स्टेशन, उरुमदुग्गा में 13 लाख रुपए की लागत से विद्युतीकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा करीब 4 करोड़ रुपए की लागत से जिला चिकित्सालय में सी.टी.स्कैन मशीन, भरतपुर- सोनहत के रामगढ़ में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नयन किया गया। शिवपुर-चरचा में एक करोड़ रुपए की लागत से स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट अंग्रेजी स्कूल, एक करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से ग्राम पंचायत खरवत में स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल, बैकुण्ठपुर स्थित स्वामी आत्मानन्द अंग्रेजी-हिंदी स्कूल में दो करोड़ रुपए की लागत से भवन निर्माण व जीर्णाेद्धार कार्य किया गया। इसी तरह करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से ग्राम रजौली में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा हेतु भवन, पोड़ी- बचरा में एटीएम की स्थापना, सभी देवगुडी का उन्नयन, कब्रिस्तान हेतु बाउंड्रीवाल, ग्राम बंशीपुर में चेरवा समाज हेतु भवन निर्माण, भादा वॉच टॉवर, बालमगढी पैगौड़ा, चामट पहाड़ का सौंदर्यीकरण। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा तीन करोड़ 14 लाख रुपए की लागत से दुर्गापुर,तिलवनडांड, सुरमी, कचोहर एवं ओरगई में सोलर आधारित नल-जल प्रदाय स्थापित का लोकार्पण हुआ।
इसी तरह माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने 55 करोड़ रुपए की लागत से 62 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया, जिनमें प्रमुख कार्य है लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 4 करोड़ रुपए की लागत से ग्राम नवाटोला से ग्राम देवतीडांड मार्ग में पुल निर्माण, बैकुण्ठपुर में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण, लाइवलीहुड कॉलेज में 100 सीटर बालक छात्रावास व अधीक्षक भवन।प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 5 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से एल-033 से परसापानी, बदरिया से पिपरडांड, एल-032 से नानभान, टी 01 से जुडवनियापारा, टी 02 से मानपुर, खैरी, एल 057 मोदीपारा से दूभापानी, पटना चितमारपारा से पीपरडांड तक करीब 26 कि.मी. सड़कों का नवीनीकरण व संधारण कार्य। तीन करोड़ रुपए की लागत से ग्राम बुडार में नए विद्युत स्टेशन, 15 लाख रुपए की लागत से ग्राम बरदिया, मोदीपारा व मेंद्रकला में सोलर हाई मास्ट संयंत्र स्थापना कार्य। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के माध्यम से करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से अकलासरई, पाराडोल, बसेर, बंशीपुर, नवाटोला, जिलीबान्ध, करवा, जिल्दा व कन्हारबहरा में एकल ग्राम एवं सोलर आधारित नल-जल प्रदाय योजना का विस्तार। इसके अलावा जलसंसाधन विभाग द्वारा नहर मरम्मत, नगरीय निकाय द्वारा सीसी रोड, नाली निर्माण, शौचालय भवन, सामान्य प्रशासन द्वारा अनेक समाज के लिए सामाजिक भवन आदि स्वीकृत अधोसंरचना का भी भूमिपूजन किया गया।
चिटफंड कंपनी में निवेश राशि की वापसी - जिले के 14 लोगों को चिटफंड कम्पनी श्ग्रीन इंडिया मल्टी स्टेट कम्पनीश् में अपनी पसीने की गाढ़ी कमाई को लगाया था ताकि यह पैसा दोगुना-तिगुने हो सके। लेकिन यह कम्पनी फ्राड निकली और पैसे लेकर फरार हो गए, किंतु भूपेश सरकार ने चिटफंड कम्पनियों के खिलाफ मुहिम चलाया और इसका लाभ पीड़ितो को मिलने लगा। चरचा निवासी श्रीमती उर्मिला को डेढ़ लाख रुपए की वापसी हुई तो चिरमी निवासी श्री बालम साय को उनके खाते में एक लाख रुपए डाले गए। दोनों ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से बात की और उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा कि आप सचमुच गरीबो का मसीहा है, पालनहार हैं। इस तरह 14 पीड़ित निवेशधारियों के 3 लाख 77 हजार रुपए की वापसी हुई।
जी-20 शिखर सम्मेलन की सबसे बड़ी नटराज प्रतिमा का निर्माण करने में 30 महीने का कार्य 6 महीने में पूरा किया गया था
नटराज' एक शक्तिशाली प्रतीक है जो एक ही छवि में शिव को ब्रह्मांड के रचियता, संरक्षक और विनाशक के रूप में जोड़ता है और समय के गतिशील चक्र की भारतीय समझ को भी व्यक्त करता है। नटराज की मूर्तिकला कला जगत में चर्चा का विषय बन गई है और आलोचकों ने इसे आधुनिक चमत्कार और कलात्मक उत्कृष्टता का एक स्थायी प्रतीक बताया है। दुनिया के प्रतिनिधि अपने लिए स्थापति की इस रचना को देखने के लिए उमड़ पड़ी, जो कला के इस प्रसिद्ध कार्य से निकलने वाली सुंदरता और दिव्य ऊर्जा का अनुभव करने के लिए उत्सुक थे। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) ने जी-20 शिखर सम्मेलन स्थल भारत मंडपम में 'नटराज' प्रतिमा की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 'नटराज' पर विचार-विमर्श, चर्चा, प्रवचन करने और ज्ञान को युवा पीढ़ी तक प्रसारित करने के लिए "नटराज: "ब्रह्मांडीय ऊर्जा की अभिव्यक्ति" विषय पर एक संगोष्ठी का डॉ. अम्बेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में इन शानदार कृति नटराज प्रतिमा के निर्माताओं का सम्मान भी किया गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से रोज़गार मेले में प्रधानमंत्री के संबोधन का मूल पाठ
आज के इस रोजगार मेले में जिन अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा के नियुक्ति पत्र मिले हैं, उन सभी को बहुत बहुत बधाई। आप सभी ने कड़े परिश्रम के बाद ये सफलता हासिल की है। आप का चयन लाखों अभ्यर्थियों के बीच से किया गया है, इसलिए इस सफलता का आपके जीवन में बहुत बड़ा महत्व है।
आज चारों तरफ देश में गणेश उत्सव की धूम चल रही है। इस पावन काल में आप सभी के नए जीवन का श्री गणेश हो रहा है। भगवान गणेश सिद्धि के देवता हैं। मेरी कामना है कि आपकी सेवाओं का संकल्प, राष्ट्र के लक्ष्यों को सिद्धि तक ले जाए।
साथियों,
आज हमारा देश ऐतिहासिक उपलब्धियों और फैसलों का साक्षी बन रहा है। कुछ दिन पहले ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम के रूप में देश की आधी आबादी को बहुत बड़ी ताकत मिली है। 30 वर्षों से महिला आरक्षण का जो विषय लंबित था, वो अब रिकॉर्ड वोटों के साथ दोनों सदनों से पास हुआ है।
आप कल्पना कीजिए कि ये कितनी बड़ी उपलब्धि है। ये मांग तब से हो रही थी, जब आप लोगों में से ज्यादातर लोगों का जन्म भी नहीं हुआ होगा। ये निर्णय देश की नई संसद के पहले सत्र में हुआ है। एक तरह से नई संसद में, देश के नए भविष्य की शुरुआत हुई है।
साथियों,
आज इस रोजगार मेले में भी हमारी बेटियों को बड़ी संख्या में नियुक्ति पत्र मिले हैं। आज भारत की बेटियां Space से Sports तक अनेक नए कीर्तिमान बना रही हैं। मुझे नारी शक्ति की इस सफलता पर बहुत-बहुत गौरव होता है। सरकार की नीति भी यही है कि नारी शक्ति के लिए नए-नए द्वार खोले जाएं। हमारी बेटियां अब देश के सशस्त्र बलों में कमीशन लेकर राष्ट्र सेवा के रास्ते पर आगे बढ़ रही हैं। हम सभी का अनुभव है कि नारी शक्ति ने हमेशा नई ऊर्जा के साथ हर क्षेत्र में बदलाव किया है। हमारी आधी आबादी के लिए सरकार का सुशासन, इसके लिए आपको नए Ideas पर काम करना चाहिए।
साथियों,
आज 21वीं सदी के भारत की आकांक्षाएं बहुत ऊंची हैं, हमारे समाज की, सरकार से अपेक्षाएं बहुत ज्यादा हैं। आप खुद देख रहे हैं कि ये नया भारत आज क्या कमाल कर रहा है है। ये वो भारत है जिसने कुछ दिनों पहले चंद्रमा पर अपना तिरंगा लहराया है। इस नए भारत के सपने बहुत ऊंचे हैं। देश ने 2047 तक विकसित भारत बनने का संकल्प लिया है।
अगले कुछ वर्षों में हम तीसरी सबसे बड़ी Economy बनने वाले हैं। आज जब देश में इतना कुछ हो रहा है तो उसमें हर सरकारी कर्मचारी की भूमिका बहुत ज्यादा बढ़ने वाली है। आपको हमेशा Citizen First की भावना से काम करना है। आप तो एक ऐसी Generation का हिस्सा हैं, जो Technology के साथ बड़ी हुई है। जो Gadgets आपके Parents मुश्किल से ऑपरेट कर पाते हैं, आप ने खिलौनों की तरह उनका इस्तेमाल किया है।
Technology से इस सहजता को अब आप को अपने कार्यक्षेत्र में इस्तेमाल करना है। हमें सोचना होगा कि हम Governance में भी Technology की मदद से कैसे नया सुधार कर सकते हैं? आपको देखना होगा कि अपने अपने क्षेत्रों में आप कैसे Technology के जरिए Efficiency को और Improve कर सकते हैं?
साथियों,
सांसद राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के साथ आवास सम्मेलन में लगाए गए विभिन्न स्टालों का किया अवलोकन
स्टालों में हितग्राहियों से चर्चा कर विभिन्न हितग्राहीमूलक योजना का लाभ मिलने के संबंध में ली जानकारी
बिलासपुर, 25 सितंबर 2023/सांसद श्री राहुल गांधी आज बिलासपुर जिले के ग्राम परसदा(सकरी) में आवास न्याय सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के साथ कार्यक्रम परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और हितग्राहियों से चर्चा कर योजना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों से पूछा कि राज्य शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने से कैसा महसूस हो रहा है। खुश हो की नहीं? इस पर नांदघाट जिला बेमेतरा के हितग्राही श्री दिलहरण वर्मा ने बताया कि भूपेश सरकार की सामाजिक आर्थिक सर्वे सूची के माध्यम से उन्हें आवास की स्वीकृति मिली है। जिससे अब उनका आवास बनने का सपना साकार होगा। कबीरधाम जिले की राधा मरावी ने बताया कि उन्हें छोटा कमरा होने से गुजर बसर में काफी परेशानी होती थी। लेकिन अब छत्तीसगढ़ ग्रामीण आवास योजना के तहत आवास की स्वीकृति मिली है। जिससे वे काफी खुश हूं।
स्टाल के अवलोकन के दौरान श्री गांधी तथा मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त शिक्षकों से मुलाकात की और पूछा कि आप लोगो को शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के रूप में चयन होने पर कैसा लग रहा है? इस दौरान नव नियुक्त शिक्षकों ने बताया कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उन्हें श्री गांधी और मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति प्रमाण पत्र मिलेगा। यह उनके लिए किसी सुखद अनुभव से कम नहीं है। नव नियुक्त शिक्षिका शिवांगी वर्मा ने बताया कि उनका चयन भंडारगांव उदयपुर के लिए हुआ है। जिससे वे बहुत ही ज्यादा खुश है।
स्टाल में श्री गांधी ने वन अधिकार पत्र, राजीव गांधी आश्रय योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से भी मुलाकात की और हितग्राहियों को विभिन्न हितग्राही मूलक योजना का लाभ मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। स्टाल अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास योजना के हितग्राहियों ने बताया कि आज उन्हें शासन द्वारा योजना के तहत आवास निर्माण के लिए 01-01 लाख का चेक मिला है। इससे आवास निर्माण में मदद मिलेगी। इसी तरह सकरी बिलासपुर की सविता ने बताया कि लंबे समय से नगरीय क्षेत्र में निवासरत पट्टा का वन अधिकार पत्र नहीं होने के कारण घर बनाने में डर बना रहता था। लेकिन अब वह पट्टा का अधिकार पत्र मिलने से बिना किसी डर के अपना पक्का घर बना सकती है। उन्होंने कहा कि अधिकार पत्र मिलने पर बहुत अच्छा लग रहा है। राजीव गांधी आश्रय योजना की हितग्राही सुकृता पटेल ने कहा कि राजीव गांधी आश्रय योजना के तहत उन्हें नियमानुसार मालिकाना हक प्राप्त होगा, जिससे वह काफी खुश है। श्री गांधी ने मुख्यमंत्री के साथ नरवा विकास कार्यक्रम, हनी प्रोसेसिंग यूनिट और हर्बल उत्पाद से संबंधित लगाए गए स्टाल का भी अवलोकन किया और आवश्यक जानकारी ली।
आवास न्याय सम्मेलन: 50 दिव्यांगों को मिला निःशुल्क सहायक उपकरण
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने दिव्यांग हितग्राही गायत्री पटेल को बी. एड. की पढ़ाई के लिए एक लाख रुपए सहायता राशि देने को कहा
सांसद श्री राहुल गांधी और मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने दिव्यांग हितग्राहियों का जाना हाल-चाल
बिलासपुर, 25 सितंबर 2023/सांसद श्री राहुल गांधी और मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज बिलासपुर के परसदा में आयोजित आवास न्याय सम्मेलन में समाज कल्याण विभाग द्वारा हितग्राहियों को किए जा रहे मोटराइज्ड ट्राईसाइकल वितरण स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉल में दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहयता उपकरण वितरण योजना’’ के तहत दिव्यांग गायत्री पटेल, सामंत कुमार, पूनम ठाकुर सहित कुल 50 हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राई सायकल प्रदान की। श्री गांधी और मुख्यमंत्री ने विभिन्न हितग्राहियों से चर्चा भी की। हितग्राहियों से चर्चा के दौरान तखतपुर की रहने वाली दिव्यांग हितग्राही गायत्री पटेल ने बताया कि बचपन से ही दिव्यांग होने की वजह से उन्हें स्कूल तथा कालेज सहित अन्य कार्यों के आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस मोटराइज्ड ट्राई सायकल के मिलने से वह स्वयं बिना किसी अन्य सहारे के आवागमन कर सकतीं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री बघेल और सांसद श्री गांधी को अपनी आगे की शिक्षा पाने में आ रही कठिनाई के बारे में अवगत कराया। जिस पर मुख्यमंत्री ने उनकी बात सुनने के पश्चात् बीएड करने के लिए एक लाख रुपए अनुदान सहायता राशि प्रदान करने का आश्वासन दिया। इसी प्रकार सांसद और मुख्यमंत्री ने दिव्यांग हितग्राही श्री सामंत कुमार सहित अन्य उपस्थित दिव्यांगजनों से हाथ मिलाते हुए उनका हाल-चाल जाना। उल्लेखनीय है कि शासन की समाज कल्याण विभाग अंतर्गत महत्वाकांक्षी सामर्थ्य विकास योजना के तहत दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण के तहत मोटराइज्ड ट्राई साइकल सहित अन्य योजना अंतर्गत ट्राई साइकल, श्रवण यंत्र, स्टिक आदि यंत्र प्रदान की जाती है। जिससे प्रदेश के विभिन्न हितग्राही लाभान्वित हो रहे है।
गारमेंट फैक्ट्री में बना कोट समूह की महिलाओं ने गिफ्ट किया राहुल गांधी को
हाई स्पीड इलेक्ट्रॉनिक सिलाई मशीन गारमेंट फैक्ट्री का सांसद श्री राहुल गांधी और मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने किया शुभारंभ
बिलासपुर, 25 सितंबर 2023/छत्तीसगढ़ सरकार की महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क (रीपा) योजना अंतर्गत नारी शक्ति समिति गनियारी की प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं के लिए गारमेंट फैक्ट्री का शुभारंभ सांसद श्री राहुल गांधी एवं मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने किया। महिलाएं इन हाई स्पीड इलेक्ट्रॉनिक सिलाई मशीन से समय की बचत और उत्पाद में वृद्धि करके अपनी कमाई में वृद्धि कर सकेंगी। नारी शक्ति समूह की महिलाओं ने सांसद श्री राहुल गांधी को गारमेंट फैक्ट्री में बना कोट और मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को गारमेंट फैक्ट्री में बना कुर्ता पैजामा भी भेंट किया।
सांसद श्री राहुल गांधी और मुख्यमंत्री श्री बघेल ने महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क बिलासपुर द्वारा बनाए गए उत्पादों का निरीक्षण किया। श्री गांधी ने समूह के सदस्यों द्वारा निर्मित गोबर पेंट के डिब्बे को खोलकर देखा। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने उन्हें बताया कि प्रदेश में महिलाओं और स्व सहायता समूह को गोबर पेंट निर्माण के माध्यम से अच्छी कमाई हो रही है। इस गोबर पेंट का उपयोग करके स्कूल और शासकीय भवनों में रंगाई पुताई का कार्य भी कराया जा रहा है। श्री गांधी ने समूह द्वारा अब तक निर्मित गोबर पेंट के अब तक उत्पाद निर्माण और किया जा रहे कार्यों की जानकारी भी ली। सदस्यों ने बताया कि रीपा योजना के माध्यम से उन्हें काफी लाभ हो रहा है और रीपा में वाईफाई की सुविधा भी दी गई है जो बहुत ज्यादा लाभप्रद है।
जातिगत जनगणना हिंदुस्तान का एक्सरे, इसके आंकड़ों से ही सबके विकास की बना सकते है
सांसद श्री राहुल गांधी तथा मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल बिलासपुर में आयोजित ‘आवास न्याय सम्मेलन’ में हुए शामिल, ‘‘छत्तीसगढ़ ग्रामीण आवास न्याय योजना‘‘ का किया शुभारंभ
आवास न्याय योजना से चरणबद्ध रूप मंें कुल 10 लाख 76 हजार हितग्राहियों होंगे लाभान्वित
प्रथम चरण में 47 हजार 90 आवासहीन परिवार और पीएमएवाय की स्थाई प्रतीक्षा सूची के 6,99,439 परिवार हुए लाभांवितरू हितग्राहियों के खाते में प्रथम किश्त की राशि जारी
आवास बनाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार देगी राशि
‘‘मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना‘‘ के 500 हितग्राहियों के खाते में एक-एक लाख रूपए की राशि हस्तांतरण
सभी के मकान का सपना होगा पूरा - मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल
गरीबों को आवास देने योजना सबसे पहले राजीव जी लेकर आये, नाम रखा इंदिरा आवास
बिलासपुर, 25 सितंबर, 2023/सांसद श्री राहुल गांधी ने कहा है कि जातिगत जनगणना हिंदुस्तान का एक्सरे है। जिस तरह एक्सरे के उपयोग से हम शरीर के बारे में जान सकते हैं और खामियां जानकर उसे दुरूस्त कर सकते हैं उसी प्रकार से जातिगत जनगणना के आंकड़ों से हम सभी वर्गों के विकास के लिए बेहतर रणऩीति बना सकते हैं। सांसद श्री राहुल गांधी आज बिलासपुर के परसदा में आयोजित आवास न्याय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सांसद श्री राहुल गांधी और मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने इस मौके पर ’छत्तीसगढ़ ग्रामीण आवास न्याय योजना’ का शुभारंभ किया।
गरीबों को आवास दिलाने की छत्तीसगढ़ ग्रामीण आवास न्याय योजना से चरणबद्ध रूप मंें कुल 10 लाख 76 हजार आवासहीन परिवार लाभान्वित होंगे। सांसद श्री राहुल गांधी ने रिमोट का बटन दबाकर सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण 2023 के 47 हजार 90 आवासहीन परिवारों और पीएमएवाय की स्थाई प्रतीक्षा सूची के 6,99,439 परिवारों के खाते में प्रथम किश्त की राशि का हस्तांतरण किया।
‘‘छत्तीसगढ़ ग्रामीण आवास न्याय योजना‘‘ के 47 हजार 90 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र का वितरण भी किया। कार्यक्रम में ‘‘मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना‘‘ के 500 हितग्राहियों के खाते में एक-एक लाख रूपए की राशि का हस्तांतरण किया गया। इस मौके पर अतिथियों द्वारा बिलासपुर जिले को 669 करोड़ 69 लाख रुपए के 414 विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी दी गई। साथ ही चयनित 2594 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी सौंपा गया। नगरीय क्षेत्रों में 1117 हितग्राहियों को वनाधिकार पत्र भी वितरित किया गया। साथ ही स्वसहायता समूह द्वारा संचालित गारमेंट फैक्ट्री का शुभारंभ भी किया गया।
सांसद श्री राहुल गांधी ने कहा कि देश में विकास करना है तो जातिगत जनगणना के माध्यम से देश की तस्वीर जाननी होगी। ओबीसी कितने हैं, आदिवासी कितने हैं, सामान्य वर्ग के लोग कितने हैं और इनकी स्थिति कैसी है। इसका निर्धारण कर हम सभी के विकास के लिए योजनाएं बनाएं। इस बात की माँग हम लंबे समय से करते आ रहे हैं। श्री गांधी ने कहा कि आज एक बटन दबाते ही आप सभी के खाते में आवास योजना की राशि हस्तांतरित हुई है। छत्तीसगढ़ की सभी न्याय योजना की किश्त हम इसी तरह आप सभी के सामने अंतरित करते हैं और एक दो सेकेंड के भीतर ही राशि आपके हाथों में चली जाती है। श्री गांधी ने कहा कि हमने छत्तीसगढ़ की जनता से जो वायदे किए थे। उन सभी को पूरा किया। बिजली बिल हाफ, धान का उचित दाम, कर्जमाफी सारे वायदे पूरे किये। किसान न्याय योजना में हमने 21 हजार करोड़ रुपए इनपुट सब्सिडी के माध्यम से दिये। जिन भूमिहीन श्रमिकों के पास जमीन नहीं थी, उन्हें भी हम नहीं भूले, उन्हें 7 हजार रुपए हर साल दे रहे हैं। आदिवासियों को लघु वनोपजों के लिए समर्थन मूल्य दिया। वनाधिकार दिये गये। स्वास्थ्य में पांच लाख रुपए तक के इलाज की सुविधा दी गई, 70 लाख परिवारों को लाभ मिला। 42 हजार वैकेंसी भरी। एक लाख 30 हजार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया जा रहा है।
सबसे पहले राजीव जी ने आरंभ की थी आवास योजना- मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि गरीबों को आवास दिलाने सबसे पहले 1985 में प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी ने योजना शुरू की थी। उन्होंने इस योजना का नाम रखा इंदिरा आवास। जनगणना नहीं होने की वजह से कई पात्र हितग्राहियों को भी इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था। अभी जितने आवास मिल रहे हैं 2011 की जनगणना के आधार पर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी राहुल जी ने बटन दबाया और हितग्राहियों के खाते में पैसा पहुँच गया है। एक लाख हितग्राहियों के खाते में पैसा पहुँच गया है। राहुल जी हमेशा किसान, गरीब की बात करते हैं। आदिवासियों की बात करते हैं। उनके हक की बात करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार राहुल जी रायपुर युवा सम्मेलन में भाग लेने आये थे। आज आवास न्याय सम्मेलन में भाग लेने बिलासपुर आए हैं। आज हमने पहली किश्त जारी की है शेष किश्त भी समय-समय पर जारी करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी अन्याय होता है वहां राहुल जी खड़े होते हैं। कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक उन्होंने पदयात्रा की। आज राहुल जी ने गरीब लोगों के खाते में पैसा डाला है। इसके बाद खड़गे जी 28 तारीख को आयेंगे और किसानों के खाते में राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त जारी करेंगे। बेरोजगारी भत्ता भी 28 तारीख को हम देंगे। भूमिहीन न्याय योजना और गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों की किश्त भी हम इसी 28 तारीख को देंगे। हम हर महीने बटन दबा रहे हैं और आप के खाते में पैसे डाल रहे हैं।
सम्मेलन को उप मुख्यमंत्री श्री टीएस सिंहदेव, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री रवींद्र चौबे, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया, सांसद श्री दीपक बैज ने भी संबोधित किया।
आवास न्याय सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुश्री कुमारी शैलजा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश के गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया, राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री गुरू रूद्रकुमार, उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री अमरजीत भगत, अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास मंत्री श्री मोहन मरकाम, सांसद बिलासपुर श्री अरूण साव, सांसद कोरबा श्री ज्योत्सना महंत, संसदीय सचिव श्रीमती रश्मि आशीष सिंह, विधायक श्री शैलेष पाण्डेय उपस्थित रहे।
रोजगार मेला सक्सेसफुल/सैंकड़ों युवाओं को मिली पसंद की नौकरी
’भूपेश सरकार ने पौने पांच वर्षों में रोजगार के अनेक अवसर दिए- अम्बिका सिंहदेव’
’कोरिया को अपने काम, लगन व जुनून से भी जाना जाए-श्री लंगेह’
कोरिया/ जिला प्रशासन के समन्वय से जिले के लाइलीहुड कॉलेज में रोजगार मेला व ऋण वितरण का आयोजन किया गया।
रोजगार मेले के अवसर पर जिले में जहां एक ओर युवाओं को निजी संस्थानों में नौकरी दिलवाई गई वहीं दूसरी ओर युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिये विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत लोन भी दिया गया।

शासकीय लाइवलीहुङ कॉलेज, बैकुण्ठपुर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शासन के विभिन्न योजनाओं के तहत स्वरोजगार हेतु लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ स्वीकृति पत्र वितरित किये गए। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में कौशल विकास प्राधिकरण एवं जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र बैकुंठपुर, जिला कोरिया द्वारा लाइवलीहुड कॉलेज परिसर में रोजगार मेले औऱ लोन मेले आयोजन किया गया था जिसके तहत आठ नियोजक उपस्थित हुए, 509 रिक्तियां प्राप्त हुई जिनके द्वारा प्रारंभिक रूप से 189 बेरोजगारी भत्ता प्राप्त सहित अन्य आवेदकों का चयन किया गया। जानकारी के मुताबिक एक सप्ताह पश्चात नियोजको द्वारा अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
विदित हो कि शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए समय समय पर जिला प्रशासन द्वारा रोजगार मेला का आयोजन किया जाता है, इसके तहत बैकुंठपुर के लाइवलीहुड कॉलेज परिसर में रोजगार मेला व लोन मेला का आयोजन किया गया था ताकि पात्र हितग्राहियों को रोजगार व स्वरोजगार उपलब्ध हो सके।
बता दें राज्य सरकार, युवाओं के हित में अनेक योजनाएं शुरू की है, वहीं प्रदेश के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को प्रति माह 2500 रुपये बेरोजगारी भत्ता भी दिया जा रहा है।
इस अवसर पर संसदीय सचिव व बैकुण्ठपुर विधायक श्रीमती ’अम्बिका सिंह देव ने कहा कि’ मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने विगत पौने पांच वर्षों में रोजगार के अनेक अवसर दिए हैं। करीब सभी विभागों, मण्डल, आयोग, बोर्ड में सरकारी नौकरी के लिए विज्ञापन प्रकाशित किए और हजारों बेरोजगार युवाओं को इसका लाभ भी हुआ है।

’कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने’ ’युवाओं से कहा कि’ आप लोग जिस फील्ड में काम करोगे, वहाँ एक अलग पहचान बनाओ ताकि सुदूर अंचल कोरिया को अपने काम, लगन व जुनून से भी जाना जाए। श्री लंगेह ने रोजगार प्राप्त युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा जब तक आपकी मंजिल प्राप्त न हो जाए कड़ी मेहनत औऱ ईमानदारी से परिश्रम करते रहें।

सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा’ रोजगार मेला आपको चुनौती को स्वीकार करने की सीख देगी, जिस ट्रेड के लिए चयन हुआ है वहाँ अपने स्किल का उपयोग करें औऱ लगन के साथ काम करें। बेरोजगारी भत्ता प्राप्त युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर है कि एक ही छत के नीचे जिला प्रशासन की पहल से उन्हें बिना किसी शुल्क व परिश्रम के जिले में बुलाकर यह अवसर मिल रहा है। रोजगार मेले के अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं सहित विभागीय अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित थे।
आगामी निर्वाचन के लिए वीडियोग्राफी कार्य हेतु 6 अक्टूबर तक निविदा आमंत्रित’
कोरिया / कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कोरिया द्वारा निविदा जारी कर आगामी आम निर्वाचन 2023 एवं 2024 हेतु निर्वाचन क्षेत्रों में प्रशिक्षण, नामांकन कार्यवाही, सामग्री वितरण एवं प्राप्ति केन्द्र, मतदान केन्द्र, मतगणना, उड़नदस्ता दल, स्थैतिक निगरानी दल एवं अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में वीडियोग्राफी किए जाने हेतु पंजीकृत तथा अनुभवी संस्थाओं, फर्मों से प्रति 1 घंटे प्रति वीडियो कैमरा प्रति दिन के दर निर्धारण हेतु कोरिया जिले के लिए निविदा एक वर्ष के रेट कांट्रेक्ट हेतु आमंत्रित की गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नंदिनी साहू ने बताया कि आगामी आम चुनाव हेतु वीडियोग्राफी कार्य मे कुशल व दक्ष फर्म/ संस्थाओं से निविदा के माध्यम से दर उक्त कार्यों के लिए दर निर्धारित की जाएगी। श्रीमती साहू ने जानकारी देते हुए कहा कि निविदा प्रपत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2023 को अपरान्ह 1 बजे तक, निविदा प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर को अपरान्ह 2 बजे तक और निविदा खोलने की तिथि 6 अक्टूबर को अपरान्ह 3 बजे कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कोरिया निर्धारित है।
निविदा प्रपत्र कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कोरिया-बैकुण्ठपुर से 6 अक्टूबर 2023 को अपरान्ह 1 बजे तक राशि एक हजार रुपये नगद या डिमांड ड्राफ्ट जमा कर प्राप्त किया जा सकेगा।
निविदा सील बन्द लिफाफे में जिस पर निर्वाचन गतिविधियों के वीडियोग्राफी कार्य हेतु निविदा लिखा हो तथा 6 अक्टूबर को अपरान्ह 1 बजे तक आवश्यक रूप के प्राप्त हो जानी चाहिए। प्राप्त निविदाएँ कलेक्टोरेट कोरिया में 6 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे उपस्थित निविदाकारों या उनके प्राधिकृत प्रतिनिधियों के समक्ष खोली जाएगी।
श्रीमती साहू ने बताया कि निविदा की विस्तृत जानकारी जिले के आधिकारिक वेबसाइट www.korea.gov.in में अवलोकन किया जा सकता है अथवा कार्यालय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, कोरिया से कार्यालयीन दिवस व समय में सम्पर्क किया जा सकता है।












