CG Samachar
CG Samachar
Breaking News
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया निर्माणाधीन स्वास्थ्य परियोजनाओं का निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर  |   एसईसीएल मुख्यालय में मनाई गई गांधी जयंती, स्वच्छता ही सेवा व स्पेशल कैंपेन 6 के तहत हैप्पी रन का आयोजन  |   गृहग्राम डिंडौरी में पारम्परिक अंदाज में नजर आए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, गोवर्धन पूजा पर की गौसेवा  |   युवा फ्रांसीसी फिल्म निर्माताओं ने एमआईएफएफ 2026 में नवीनतम वैश्विक परिदृश्य प्रस्तुत किए एमआईएफएफ युवा फिल्म निर्माताओं के लिए एक बड़ा अवसर फ्रांसीसी निर्देशक फैज करीमपोर  |   मनेन्द्रगढ़ में जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन  |   नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी रायपुर में एक्लेक्टिका 2026 का शुभारंभ  |   तोखन साहू और श्रीमती आशा लकड़ा के बीच जनजातीय समाज के विकास एवं अधिकारों से जुड़े विषयों पर चर्चा  |   समय के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं का उन्नयन जरूरी : मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल  |   आइडियाथॉन 2026” में विद्यार्थियों ने दिखाया नवाचार का दम, डॉग्स के लिए स्मार्ट वॉच को मिला प्रथम पुरस्कार  |   नेपाल का ‘रक्त-चरित्र’: हथियारों से लैस प्रदर्शनकारी, जलते नेताओं के घर, बंद हुआ काठमांडू एयरपोर्ट, जानें ताज़ा अपडेट  |   समस्त क्षेत्रवासी एवं प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं विनीत - राम नरेश राय महापौर चिरमिरी  |   बैकुंठपुर में स्कूटी चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चोरी गई एक्टिवा बरामद  |   कोरिया में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21 वाहनों से वसूला 16,400 रुपये जुर्माना स्कूली   |   पितृ पक्ष में भूलकर भी ना करें इन 6 चीज़ों का दान… वरना पितर हो जाएंगे नाराज़ और शुरू हो जाएंगी मुश्किलें!  |  

ताज़ातरीन

अंबिकापुर से निकलेगी पावन तीर्थ यात्रा, खाटू श्याम सहित कई प्रसिद्ध धामों के होंगे दर्शन

अंबिकापुर से निकलेगी पावन तीर्थ यात्रा, खाटू श्याम सहित कई प्रसिद्ध धामों के होंगे दर्शन

अंबिकापुर। धार्मिक आस्था, भक्ति और सेवा भाव से ओतप्रोत एक भव्य पावन तीर्थ यात्रा का आयोजन आगामी 8 जून 2026 से किया जा रहा है। कमला एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित इस विशेष तीर्थ यात्रा में श्रद्धालुओं को देश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस पुण्य यात्रा में शामिल होने की अपील की है।

इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को मध्यप्रदेश और राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा में प्रमुख रूप से कुबेश्वर धाम, महाकालेश्वर मंदिर, सांवरिया सेठ मंदिर तथा खाटू श्याम मंदिर जैसे प्रसिद्ध आस्था केंद्र शामिल हैं। श्रद्धालुओं को विधिवत दर्शन, पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन का अवसर भी प्राप्त होगा।
आयोजकों ने बताया कि यह यात्रा पूर्णतः सेवा भाव और भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए एक समय के भोजन की व्यवस्था निशुल्क रूप से की जाएगी। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए सर्वसुविधायुक्त लग्जरी बस की व्यवस्था की गई है, जिसमें स्लीपर, लोअर सीट एवं आरामदायक यात्रा की विशेष सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। पूरी यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुखद बनाने के लिए विशेष प्रबंधन किया गया है।
कमला एकादशी के शुभ अवसर पर आयोजित यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और आध्यात्मिक एकता का भी संदेश देगी। आयोजकों का कहना है कि तीर्थ यात्रा के माध्यम से भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होगी तथा जीवन में सकारात्मकता का संचार होगा। यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालु विभिन्न पवित्र स्थलों पर दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
यात्रा 8 जून 2026 को अंबिकापुर से प्रारंभ होगी। श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर यात्रा में सहभागी बनने की अपील की गई है। आयोजकों ने कहा कि यह यात्रा केवल दर्शन का माध्यम नहीं बल्कि भक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति से जुड़ने का एक पावन अवसर है। सभी श्रद्धालु एवं भक्तजन सादर आमंत्रित हैं।
continue reading
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, साथ में बैठकर लिया न्यौता भोज का आंनद

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, साथ में बैठकर लिया न्यौता भोज का आंनद

कोरिया, 26 मई 2026/ कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव आज बैकुंठपुर के तलवापारा स्थित बालगृह (बालक) में जन्म दिन मनाया और न्यौता भोज कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीय बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई, खेलकूद और बालगृह में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने बच्चों से पूछा कि वे कौन-कौन से खेल खेलते हैं। बच्चों ने बताया कि वे नियमित रूप से क्रिकेट, शतरंज, वॉलीबॉल और योगाभ्यास करते हैं। उन्होंने बच्चों से यह भी पूछा कि कौन-से विषय उन्हें कठिन या सरल लगते हैं और बड़े होकर वे क्या बनना चाहते हैं। इस पर बच्चों ने भाला फेंक खिलाड़ी, प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने की इच्छा जताई।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने बच्चों को बताया कि उन्होंने भी सरकारी स्कूल से पढ़ाई की है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन का उद्देश्य केवल पढ़-लिखकर बड़ा व्यक्ति बनना नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान बनकर अपने सपनों को साकार करना है। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए कठिन मेहनत के साथ विनम्र व्यवहार और सहयोग की भावना भी जरूरी है।
उन्होंने बच्चों को गणित और अंग्रेजी जैसे विषयों से नहीं घबराने, बल्कि उन्हें मेहनत से सीखने और समझने की सलाह दी। 

कलेक्टर ने कहा कि जीवन में सीखा गया हर ज्ञान और हुनर किसी न किसी समय उपयोगी साबित होता है। इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, कला, विज्ञान, संगीत, नृत्य और योग जैसी गतिविधियों में भी रुचि लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

कलेक्टर ने समय के महत्व पर जोर देते हुए बच्चों को समय का सदुपयोग करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि एक बार बीता हुआ समय वापस नहीं आता, इसलिए हर पल का सही उपयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ योगाभ्यास प्रस्तुत किया तथा सामूहिक गान भी सुनाया। इस अवसर पर बच्चों को पौष्टिक भोजन और फल वितरित किए गए। न्यौता भोज कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 
continue reading
माननीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने एसईसीएल के कार्यों की समीक्षा की

माननीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने एसईसीएल के कार्यों की समीक्षा की

एक-दिवसीय दौरे के दौरान आधारभूत संरचना एवं अस्पताल प्रबंधन से जुड़े डिजिटल पोर्टलों का किया शुभारंभ, अत्याधुनिक 5-पार्ट हेमेटोलॉजी एनालाइज़र यूनिट का किया लोकार्पण

माननीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री, भारत सरकार श्री सतीश चन्द्र दुबे ने आज एसईसीएल के एक दिवसीय दौरे के दौरान कंपनी के कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने डिजिटल परिवर्तन एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ एवं लोकार्पण भी किया।

एसईसीएल मुख्यालय पहुँचने पर सर्वप्रथम माननीय मंत्री ने एसईसीएल मुख्यालय परिसर स्थित कोयला श्रमिक स्मारक पर माल्यार्पण कर कोयला श्रमिकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र निर्माण एवं देश की ऊर्जा सुरक्षा में उनके अमूल्य योगदान को नमन किया।

इसके पश्चात एसईसीएल मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए माननीय मंत्री ने कोयला उत्पादन, डिस्पैच, गुणवत्ता प्रबंधन, सुरक्षा, कोल गैसीफिकेशन, माइन क्लोजर, पर्यावरणीय पहलों, डिजिटलीकरण, सीएसआर गतिविधियों तथा भविष्य की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन, निदेशकगण, सीवीओ, विभागाध्यक्ष, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। 

माननीय मंत्री ने सुरक्षित एवं सतत खनन को बढ़ावा देने, परिचालन दक्षता में वृद्धि तथा आधुनिक तकनीकों के अधिकाधिक उपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि एसईसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है तथा उत्पादन, गुणवत्ता, सुरक्षा एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के क्षेत्रों में कंपनी द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सीएसआर के माध्यम से कोयलांचल के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है।

इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कोल इंडिया द्वारा अब तक किए गए 100 मिलियन टन उत्पादन में एसईसीएल ने 26.86 मिलियन टन के सर्वाधिक योगदान के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई एवं कोयला मंत्रालय के मार्गदर्शन में राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए एसईसीएल निरंतर प्रतिबद्ध है।
डिजिटल परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

समीक्षा बैठक के दौरान माननीय मंत्री द्वारा ई-डाडास (डिज़ाइन एंड ड्राविंग्स एप्रूवल इन एसईसीएल) पोर्टल एवं हॉस्पिटल मैनेजमेंट एंड इन्फॉर्मेशन सिस्टम पोर्टल का शुभारंभ किया गया। यह पहल एसईसीएल में डिजिटल परिवर्तन, कार्यकुशलता एवं पारदर्शिता को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

ई-डाडास पोर्टल के माध्यम से एफएमसी, सीएचपी-साइलो, रेलवे साइडिंग, इन-पिट कन्वेयर सिस्टम सहित अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं से संबंधित इंजीनियरिंग डिज़ाइन एवं ड्रॉइंग्स की ऑनलाइन जाँच, परीक्षण, निगरानी एवं अनुमोदन प्रक्रिया को डिजिटल बनाया जाएगा। इससे परियोजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं दक्षता सुनिश्चित होगी।

वहीं, एचएमआईएस पोर्टल के माध्यम से एसईसीएल चिकित्सालयों में स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण, मरीजों के रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित प्रबंधन, त्वरित चिकित्सा सुविधा तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवा निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक हेमेटोलॉजी यूनिट का लोकार्पण

दौरे के दौरान माननीय मंत्री ने बिलासपुर स्थित इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित अत्याधुनिक 5-पार्ट हेमेटोलॉजी एनालाइज़र यूनिट का लोकार्पण भी किया। यह मशीन श्वेत रक्त कोशिकाओं की 5-पार्ट डिफरेंशियल जाँच के माध्यम से संक्रमण एवं विभिन्न रोगों की अधिक सटीक पहचान सुनिश्चित करेगी।

स्वचालित परीक्षण प्रणाली से युक्त यह अत्याधुनिक मशीन तेज़, सटीक एवं त्रुटिरहित रिपोर्ट उपलब्ध कराने में सहायक होगी, जिससे अस्पताल एवं प्रयोगशाला सेवाओं की गति और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। 
लोकार्पण उपरांत माननीय मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र का भ्रमण कर विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सेवाओं का जायजा लिया एवं स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना की। 

जनसम्पर्क अधिकारी 
एसईसीएल बिलासपुर
continue reading
बीएसपी की यूनिवर्सल रेल मिल ने दैनिक उत्पादन का नया सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड बनाया

बीएसपी की यूनिवर्सल रेल मिल ने दैनिक उत्पादन का नया सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड बनाया

 भिलाई स्टील प्लांट की यूनिवर्सल रेल मिल ने रेल रोलिंग में अब तक का सबसे अधिक एक दिवसीय उत्पादन दर्ज करके रेल उत्पादन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। 260 मीटर लंबे रेल पैनल बनाने वाली इस मिल ने 22 मई, 2026 को R260-60E1 रेल प्रोफाइल में 462 ब्लूम सहित 3,867 टन रेल का उत्पादन करके एक नया "दिवसीय उत्पादन रिकॉर्ड" बनाया। यह उपलब्धि 12 मार्च, 2025 को बनाए गए 455 ब्लूम सहित 3,852 टन के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ती है।

इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए, एसएआईएल-भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रभारी निदेशक श्री चित्तरंजन मोहपात्रा और कार्यकारी निदेशक (कार्य) श्री राकेश कुमार ने यूनिवर्सल रेल मिल के सभी कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और समन्वित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कर्मचारियों से चालू वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित उत्पादन लक्ष्यों को प्राप्त करने में इसी भावना और समर्पण को बनाए रखने और भविष्य में नए मुकाम हासिल करने का आह्वान किया।

मुख्य महाप्रबंधक और विभागाध्यक्ष (ब्लूमिंग और रेल मिल एवं यूनिवर्सल रेल मिल), श्री योगेश शास्त्री ने इस उपलब्धि को यूनिवर्सल रेल मिल की पूरी टीम द्वारा निरंतर निगरानी, ​​प्रभावी समन्वय और अथक परिश्रम का परिणाम बताया। उन्होंने स्टील मेल्टिंग शॉप-2, स्टील मेल्टिंग शॉप-3, यातायात विभाग, उत्पादन योजना एवं नियंत्रण, रेल शीतलन लाइन, इंस्ट्रूमेंटेशन, ऑटोमेशन एवं ड्राइव्स, केंद्रीय विद्युत, केंद्रीय यांत्रिक टीमों और तृतीय-पक्ष निरीक्षण एजेंसी, आरआईटीईईएस सहित संबद्ध विभागों द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण सहयोग को भी स्वीकार किया।

श्री शास्त्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यूनिवर्सल रेल मिल आने वाले वर्षों में कई नए मुकाम हासिल करती रहेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे मिल का प्रमुख ग्राहक बना हुआ है और संयंत्र उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों और समय पर उत्पादन के माध्यम से 100 प्रतिशत ग्राहक संतुष्टि सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।

भिलाई स्टील प्लांट के यूनिवर्सल रेल मिल में निर्मित 260 मीटर लंबे रेल पैनल रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और देश भर में राष्ट्रीय रेल नेटवर्क के विस्तार में तेजी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

continue reading
नशा मुक्ति अभियान एवं संगीन अपराधों में उत्कृष्ट कार्यवाही पर स्वास्थ्य मंत्री के हाथों बंसल न्यूज़ ने थाना प्रभारी चिरमिरी निरीक्षक विजय सिंह को किया सम्मानित

नशा मुक्ति अभियान एवं संगीन अपराधों में उत्कृष्ट कार्यवाही पर स्वास्थ्य मंत्री के हाथों बंसल न्यूज़ ने थाना प्रभारी चिरमिरी निरीक्षक विजय सिंह को किया सम्मानित

 चिरमिरी (एमसीबी)। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, नशा एवं सूखा नशा के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करने तथा संगीन अपराधों के त्वरित खुलासे में उल्लेखनीय योगदान देने वाले थाना प्रभारी चिरमिरी निरीक्षक विजय सिंह को बंसल न्यूज़ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में स्वास्थ्य मंत्री के हाथों सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक विजय सिंह को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें चिरमिरी क्षेत्र में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान, सूखा नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और चर्चित “निर्भया-2” जैसे संवेदनशील मामले में अंबिकापुर पहुंचकर आरोपी की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रदान किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने थाना प्रभारी विजय सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाजहित में पुलिस द्वारा किए जा रहे ऐसे कार्य युवाओं और आम नागरिकों के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस की सक्रिय भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
ज्ञात हो कि थाना चिरमिरी पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, सूखा नशा कारोबारियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था मजबूत हुई है तथा आमजन में सुरक्षा का वातावरण बना है।
स्वास्थ्य मंत्री के हाथों मिले इस सम्मान से चिरमिरी पुलिस सहित पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने इसे चिरमिरी पुलिस की उत्कृष्ट कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण का सम्मान बताया है।
continue reading
चिरमिरी के श्री श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर पहुंचे जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी, पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद

चिरमिरी के श्री श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर पहुंचे जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी, पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद

एमसीबी जिले के चिरमिरी स्थित प्रसिद्ध श्री श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर में उस समय भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया, जब जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी मंदिर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, धर्मप्रेमी एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल स्वास्थ्य मंत्री छत्तीसगढ़ उपस्थित रहे।


जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी जी के दर्शन किए तथा विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर देश, प्रदेश और समस्त मानव समाज के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं भक्ति संगीत के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर उन्होंने मंदिर के बाबा महंत श्री पुरुषोत्तम पुरी जी से सौजन्य मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। दोनों संतों के बीच धर्म, संस्कृति एवं समाजहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी ने बाबा महंत के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

मंदिर समिति एवं श्रद्धालुओं द्वारा जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी का आत्मीय स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने उनका आशीर्वाद प्राप्त कर स्वयं को सौभाग्यशाली बताया। उनके आगमन से मंदिर परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा एवं भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।

गौरतलब है कि चिरमिरी में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी लगातार विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर रहे हैं। उनके प्रवास को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।
continue reading
सुशासन तिहार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चिरमिरी में की प्रेसवार्ता जनकल्याणकारी योजनाओं, कानून व्यवस्था और विकास कार्यों पर रखी सरकार की प्राथमिकताएं

सुशासन तिहार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चिरमिरी में की प्रेसवार्ता जनकल्याणकारी योजनाओं, कानून व्यवस्था और विकास कार्यों पर रखी सरकार की प्राथमिकताएं

एमसीबी,चिरमिरी। सुशासन तिहार के तहत एमसीबी, कोरिया और सूरजपुर जिले के दौरे पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चिरमिरी में रात्रि विश्राम  करने के बाद अगले दिन आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, कानून व्यवस्था, प्रशासनिक पारदर्शिता और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इससे पहले प्रदेश के मुखिया चिरमिरी में स्थित जगत के नाथ जगन्नाथ स्वामी के दरबार पहुंचे यहाँ उन्होंने विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की और प्रदेश के खुशहाली की कामना की।


पत्रकारों के संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि “सुशासन तिहार” केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और शासन के बीच विश्वास को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से अधिकारी और जनप्रतिनिधि सीधे गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा मौके पर ही उनके निराकरण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार संवेदनशील प्रशासन, पारदर्शी व्यवस्था और जवाबदेही के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।

प्रेसवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी दिशा में “डायल 112” जैसी आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डायल 112 सेवा आम जनता के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है, जिससे संकट की स्थिति में लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार तकनीक आधारित पुलिसिंग और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को लगातार मजबूत कर रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों के हित में भी सरकार लगातार निर्णय ले रही है और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए कई योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास को केवल शहरों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ सरकार योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा कर रही है ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।

प्रेसवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के विभिन्न सवालों के जवाब भी दिए और कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सीधे जनता से संवाद स्थापित कर प्रशासन को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाया जा रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले, बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े, विशेष सचिव रजत बंसल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और शासन की विभिन्न योजनाओं को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
continue reading
भाकृअनुप एनआईबीएसएम (ICAR NIBSM) द्वारा रायपुर में उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

भाकृअनुप एनआईबीएसएम (ICAR NIBSM) द्वारा रायपुर में उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

 विज्ञान-आधारित पोषक तत्व प्रबंधन (उर्वरकों का संतुलित उपयोग) अपनाने के राष्ट्रीय जागरूकता अभियान के तहत, 'मेरा गांव मेरा गौरव' (MGMG) कार्यक्रम के अंतर्गत आज रायपुर जिले के अदसेना गांव में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों के बीच टिकाऊ कृषि, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, प्राकृतिक खेती और वैज्ञानिक पोषक तत्व प्रबंधन प्रथाओं के प्रति जागरूकता पैदा करना था।

इस अवसर पर वैज्ञानिकों ने मिट्टी की उर्वरता और फसल उत्पादकता में सुधार के लिए संतुलित उर्वरक अनुप्रयोग, मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड (Soil Health Card), फसल चक्र, हरी खाद, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन (INM), केंचुआ खाद (वर्मीकंपोस्टिंग) और कुशल जल प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही, किसानों को बीजामृत, जीवामृत और घनजीवामृत तैयार करने और उनके उपयोग के बारे में प्रशिक्षित किया गया, साथ ही मृदा स्वास्थ्य को बनाए रखने में हरी खाद के रूप में ढैंचा की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। वैज्ञानिकों ने किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग के साथ जैविक और प्राकृतिक इनपुट को एकीकृत करके पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस जागरूकता कार्यक्रम में गांव के सरपंच डॉ. तेज राम पाल सहित लगभग 35 किसानों ने भाग लिया और टिकाऊ कृषि प्रौद्योगिकियों और पोषक तत्व प्रबंधन प्रथाओं पर वैज्ञानिकों के साथ सक्रिय रूप से विचार-विमर्श किया। यह कार्यक्रम भाकृअनुप-एनआईबीएसएम (ICAR-NIBSM) के वरिष्ठ वैज्ञानिकों डॉ. श्रीधर जे., डॉ. मल्लिकाजुर्न जे. और डॉ. विनोद वासनिक के साथ डॉ. पी. मूवेंथन, वरिष्ठ वैज्ञानिक (कृषि विस्तार) द्वारा समन्वित किया गया था, जबकि एमजीएमजी (MGMG) कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. ए. अमरेंद्र रेड्डी हैं।

continue reading
कृषि सीजन और उपभोक्ताओं की भारी मांग के बावजूद पेट्रोल डीज़ल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध वर्तमान में आपूर्ति दल परिवहन नेटवर्क टर्मिनल संचालन तथा चयनित रिटेल आउटलेट्स 24 घंटे कार्यरत

कृषि सीजन और उपभोक्ताओं की भारी मांग के बावजूद पेट्रोल डीज़ल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध वर्तमान में आपूर्ति दल परिवहन नेटवर्क टर्मिनल संचालन तथा चयनित रिटेल आउटलेट्स 24 घंटे कार्यरत

विभिन्न राज्यों में इस समय जारी मौसमी कृषि गतिविधियों और फसल कटाई के तेज कार्यों के चलते हाल के दिनों में पेट्रोलियम उत्पादों की मांग एवं उठाव में व्यापक वृद्धि दर्ज की गई है। इस कृषि सीजन के कारण ईंधन की मांग में आई इस तीव्र तेजी को देखते हुए सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियाँ (OMCs) — इंडियनऑयल, बीपीसीएल (BPCL) एवं एचपीसीएल (HPCL) — देश भर में अपने परिचालन एवं लॉजिस्टिक समन्वय के माध्यम से पेट्रोल (MS), डीज़ल (HSD) एवं एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने में मुस्तैदी से जुट गई हैं। इंडियनऑयल के रायपुर डिविजनल रिटेल सेल्स हेड (DRSH) एवं छत्तीसगढ़ के राज्य स्तरीय समन्वयक श्री नितिन चव्हाण द्वारा साझा की गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कृषि क्षेत्र की इस उच्च मांग के बावजूद देश और राज्य की पूरी आपूर्ति व्यवस्था को बिना किसी रुकावट के सुचारु रूप से जारी रखा गया है।

श्री नितिन चव्हाण ने स्पष्ट किया कि खेतों में जारी व्यस्तताओं के अतिरिक्त, अन्य निजी आपूर्तिकर्ताओं की तुलना में कम और नियंत्रित कीमतों के कारण भी आम उपभोक्ताओं का रुझान सार्वजनिक क्षेत्र के रिटेल आउटलेट्स की ओर काफी बढ़ गया है। इसके साथ ही, कई संस्थागत एवं वाणिज्यिक उपभोक्ताओं द्वारा भी अब सीधे रिटेल ईंधन आउटलेट्स की ओर रुख किया गया है। इस अभूतपूर्व मांग को प्रभावी ढंग से संभालने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की यह कंपनियाँ अपने व्यापक राष्ट्रीय नेटवर्क — जिसमें टर्मिनल, डिपो, पाइपलाइन, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट एवं रिटेल आउटलेट्स शामिल हैं — के माध्यम से अपनी बैक-एंड व्यवस्था को निरंतर मजबूत कर रही हैं। वर्तमान में इन कंपनियों के आपूर्ति दल, परिवहन नेटवर्क, टर्मिनल संचालन तथा चयनित रिटेल आउटलेट्स चौबीसों घंटे (24x7) कार्यरत हैं ताकि उत्पादों की निर्बाध आवाजाही एवं समयबद्ध रीफिलिंग सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा, ईंधन की इस सुचारु सप्लाई चेन को बनाए रखने के लिए स्थानीय राज्य प्रशासनों के साथ भी लगातार निकट समन्वय स्थापित किया गया है।

मई 2026 के दौरान ऑटोमोटिव ईंधन की बिक्री में बेहद मजबूत बढ़त देखी गई है, जिसके तहत पेट्रोल की बिक्री में लगभग 4% तथा डीज़ल की बिक्री में लगभग 17% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त, यदि पिछले माह की तुलना में देखा जाए तो पेट्रोल बिक्री की कुल मात्रा में लगभग 22% का उछाल आया है, जबकि डीज़ल की बिक्री में लगभग 17% की वृद्धि दर्ज की गई है। ऑटोमोटिव ईंधनों की मांग में यह अस्थायी वृद्धि मुख्यतः ग्रामीण क्षेत्रों में जारी कृषि सीजन के साथ-साथ शहरी व अर्ध-शहरी उपभोक्ताओं द्वारा कुछ स्थानों पर की जा रही पैनिक बाइंग (आशंका जनित खरीदारी) का नतीजा है।


घरेलू एलपीजी (रसोई गैस) की आपूर्ति को भी तेल कंपनियों द्वारा शीर्ष प्राथमिकता पर रखा गया है तथा एलपीजी बैकलॉग में कोई विशेष वृद्धि नहीं होने दी गई है। वर्तमान में बैकलॉग की स्थिति महज 3.5 दिनों की है, जो पूरी तरह सामान्य श्रेणी में आती है। बिक्री के ये अंतिम आंकड़े स्पष्ट रूप से प्रमाणित करते हैं कि छत्तीसगढ़ राज्य के भीतर ऑटोमोटिव ईंधनों और एलपीजी दोनों की ही आपूर्ति बिना किसी बड़े व्यवधान के लगातार सामान्य रूप से बनी हुई है।

श्री नितिन चव्हाण ने तेल उद्योग की ओर से देश और राज्य के सभी उपभोक्ताओं को पूरी तरह आश्वस्त करते हुए कहा है कि देश भर में पेट्रोल, डीज़ल एवं एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक बफ़र में उपलब्ध है और इसे बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। तेल विपणन कंपनियाँ रोजाना स्टॉक की स्थिति की समीक्षा कर रही हैं तथा इस बढ़ी हुई मांग को समय पर पूरा करने हेतु अपनी लॉजिस्टिक्स एवं वितरण योजना पर कड़ा नियंत्रण रखे हुए हैं।

अतः नागरिकों से विशेष अनुरोध है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, अपना सामान्य खरीद व्यवहार बनाए रखें एवं किसी भी प्रकार की अनावश्यक पैनिक बाइंग से बचें। इसके साथ ही उपभोक्ताओं से यह भी आग्रह किया जाता है कि वे ईंधन की उपलब्धता से संबंधित सही और सटीक जानकारी के लिए केवल अधिकृत एजेंसियों एवं तेल विपणन कंपनियों द्वारा समय-समय पर जारी की जाने वाली आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।कार्यरत हैं

continue reading
कोल इंडिया के मध्य एवं पश्चिम क्षेत्र के पावर एवं एनआरएस सेक्टर के कोयला उपभोक्ताओं की बैठक एसईसीएल मुख्यालय में आयोजित

कोल इंडिया के मध्य एवं पश्चिम क्षेत्र के पावर एवं एनआरएस सेक्टर के कोयला उपभोक्ताओं की बैठक एसईसीएल मुख्यालय में आयोजित

दिनांक 19 मई 2026 कोल इंडिया के मध्य एवं पश्चिम क्षेत्र के पावर एवं एनआरएस सेक्टर के कोयला उपभोक्ताओं की बैठक का आयोजन आज एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में किया गया। उपभोक्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, कोल सप्लाई, गुणवत्ता प्रबंधन एवं परिचालन संबंधी विषयों पर संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस कंज़्यूमर मीट का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर एसईसीएल के सीएमडी श्री हरीश दुहन, कोल इंडिया के निदेशक (विपणन) श्री मुकेश चौधरी, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार एवं निदेशक (योजना/परियोजना) श्री रमेशचंद्र महापात्र उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में एसईसीएल के सीएमडी श्री हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल अपने उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण कोयला उपलब्ध कराने एवं समयबद्ध डिस्पैच सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कंपनी का इस वर्ष 195 मिलियन टन उत्पादन तथा 200 मिलियन टन ऑफटेक का लक्ष्य है, जिसे एसईसीएल पूरी प्रतिबद्धता एवं दक्षता के साथ प्राप्त करेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि एसईसीएल निरंतर बेहतर गुणवत्ता का कोयला उपलब्ध कराने तथा उपभोक्ता संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में कोल इंडिया के निदेशक (विपणन) श्री मुकेश चौधरी ने कहा कि कोल इंडिया अपने उपभोक्ताओं को निर्धारित गुणवत्ता का कोयला उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य उपभोक्ताओं को निर्बाध कोल सप्लाई सुनिश्चित करना तथा गुणवत्ता संबंधी समस्याओं एवं ग्रेड स्लिपेज को न्यूनतम स्तर पर रखना है। उन्होंने उपभोक्ताओं द्वारा बैठक के दौरान दिए गए सुझावों एवं फीडबैक का स्वागत करते हुए कहा कि सभी महत्वपूर्ण विषयों पर त्वरित एवं सकारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

कंज़्यूमर मीट में विभिन्न पावर एवं एनआरएस सेक्टर की उपभोक्ता कंपनियों के लगभग 125 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान कोल सप्लाई, गुणवत्ता प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स एवं बेहतर आपसी समन्वय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपभोक्ताओं द्वारा अपने सुझाव एवं फीडबैक भी साझा किए गए, जिन पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया।

बैठक में महाप्रबंधक (विक्रय एवं विपणन) श्री अजित चौधरी सहित एसईसीएल एवं कोल इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके उपरांत संध्या एसईसीएल मुख्यालय स्थित सीएमडी कॉन्फ्रेंस हॉल में कोल इंडिया के निदेशक (विपणन) श्री मुकेश चौधरी एवं एसईसीएल के सीएमडी श्री हरीश दुहन ने छत्तीसगढ़ स्पॉन्ज आयरन मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन तथा स्पॉन्ज आयरन उद्योग से जुड़े उपभोक्ताओं के साथ बैठक की एवं उद्योग से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

जनसम्पर्क अधिकारी 
एसईसीएल बिलासपुर 
continue reading
जिला प्रशासन का सख्त निर्देश: सिर्फ वाहनों को ही मिलेगा पेट्रोल-डीजल; अवैध खरीद-बिक्री पर होगी कड़ी कार्रवाई

जिला प्रशासन का सख्त निर्देश: सिर्फ वाहनों को ही मिलेगा पेट्रोल-डीजल; अवैध खरीद-बिक्री पर होगी कड़ी कार्रवाई

जिले में ईंधन की जमाखोरी को रोकने और सुचारू आपूर्ति बनाए रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कार्यालय द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है 
अपर कलेक्टर अनिल सिदार द्वारा जारी इस आदेश के तहत जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
सिर्फ वाहनों को मिलेगा ईंधन
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल पंप संचालक केवल वाहनों में ही डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति करेंगे ।
 किसी भी स्थिति में खुले बर्तनों, जरिकेन या अवैध रूप से ईंधन देने पर पाबंदी रहेगी ।
आवश्यक सेवाओं के लिए रहेगा रिजर्व स्टॉक
एम्बुलेंस, शासकीय वाहनों और सुरक्षा बलों के वाहनों के लिए ईंधन की कोई कमी नहीं होनी चाहिए ।
इन आवश्यक सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए सभी पंपों को पर्याप्त रिजर्व स्टॉक रखना अनिवार्य होगा ।
स्टॉक की दैनिक रिपोर्टिंग अनिवार्य
सभी पेट्रोल पंप संचालकों को अपने दैनिक स्टॉक की जानकारी अनिवार्य रूप से जिला कार्यालय की खाद्य शाखा को भेजनी होगी ।
यदि किसी पंप पर प्रतिदिन की औसत बिक्री के अनुसार दो दिन से कम का स्टॉक बचता है, तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को देनी होगी ।
नए स्टॉक के लिए लोड बुक किए जाने की जानकारी भी लगातार खाद्य शाखा को देना अनिवार्य किया गया है ।
जिले में वर्तमान स्टॉक की स्थिति
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में जिले में ईंधन और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है 
पेट्रोल: 1,91,684 लीटर 
डीजल: 1,93,700 लीटर 
घरेलू गैस सिलेंडर (LPG): 1,572 नग
अवैध व्यवसाय करने वालों पर लगेगा 'आवश्यक वस्तु अधिनियम'
जिला प्रशासन गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल के अवैध कारोबार पर पैनी नजर रख रहा है । यदि कोई भी संचालक या व्यक्ति ईंधन की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या नियमों का उल्लंघन करते पाया गया, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 (Essential Commodities Act) और संबंधित नियंत्रण आदेशों के तहत बेहद कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।
continue reading
लोकतंत्र में मीडिया की बड़ी भूमिका, प्रशासन और जनता के बीच सेतु- कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव प्रेस कांफ्रेंस में कलेक्टर ने कहा-पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता

लोकतंत्र में मीडिया की बड़ी भूमिका, प्रशासन और जनता के बीच सेतु- कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव प्रेस कांफ्रेंस में कलेक्टर ने कहा-पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता

कोरिया, 12 मई 2026/* जिले की नवपदस्थ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती रोक्तिमा यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य करती है।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने बताया कि करीब 21 वर्षों के शासकीय सेवा अनुभव में सरगुजा संभाग में कार्य करने का यह उनका पहला अवसर है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने में मीडिया का अहम योगदान होता है। साथ ही मीडिया प्रशासन को आईना दिखाने का भी कार्य करती है, जिससे कार्यप्रणाली में सुधार और पारदर्शिता बनी रहती है।
 
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कोरिया जिले में विकास की अपार संभावनाएं हैं और टीम वर्क के माध्यम से जिले के समग्र विकास के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।कलेक्टर ने कहा कि मुख्यालय एवं कार्यालयों में अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को आवश्यक बनाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की फ्लैगशिप योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
 
सुशासन तिहार शिविरों के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन का गंभीरता और बारीकी से परीक्षण कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री डी.डी. मण्डावी ने जिले में संचालित जनगणना कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। 
 
प्रेस कांफ्रेंस में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एडीएम श्री सुरेन्द्र वैद्य, जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
continue reading
नवपदस्थ एमसीबी कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े मीडिया से हुईं रूबरू,मीडिया प्रतिनिधियों से औपचारिक मुलाकात

नवपदस्थ एमसीबी कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े मीडिया से हुईं रूबरू,मीडिया प्रतिनिधियों से औपचारिक मुलाकात

एमसीबी जिले की नवपदस्थ कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने आज पहली बार जिले के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से औपचारिक मुलाकात की। कलेक्टोरेट सभा गृह में आयोजित इस प्रेस वार्ता में उन्होंने जिले के विकास, प्रशासनिक प्राथमिकताओं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर बनने के बाद मीडिया के साथ उनकी यह पहली आधिकारिक बैठक रही, जिसमें जिले के पत्रकारों और विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।क


लेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में दोपहर 2 बजे आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नवपदस्थ कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने मीडिया को प्रशासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु बताते हुए कहा कि शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान, पारदर्शिता और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करेगा।इ


स दौरान कलेक्टर ने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और राजस्व संबंधी मामलों को प्राथमिकता में रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करेगा।

प्रेस वार्ता में मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा जिले की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों को भी उठाया गया, जिन पर कलेक्टर ने सकारात्मक रूप से चर्चा करते हुए सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि मीडिया द्वारा उठाए गए जनसमस्याओं के मुद्दों पर प्रशासन गंभीरता से कार्य करेगा और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।
सुश्री जांगड़े ने कहा कि जिले में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ आम नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देने की बात भी कही।
प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य मीडिया के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना, शासन की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना तथा जिले की समस्याओं और संभावनाओं पर सामूहिक रूप से विचार-विमर्श करना रहा।
इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ पत्रकार, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
continue reading
चिरमिरी को मिलेगी 'रोशनी की आज़ादी' — 75 साल बाद पहली बार पहुंचेगी शहर के सभी वार्डो में सरकारी बिजली मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संकल्प और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से बदल रही है चिरमिरी की तस्वीर

चिरमिरी को मिलेगी 'रोशनी की आज़ादी' — 75 साल बाद पहली बार पहुंचेगी शहर के सभी वार्डो में सरकारी बिजली मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संकल्प और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से बदल रही है चिरमिरी की तस्वीर

एम सी बी, 09 मई 2026/ कल्पना कीजिए — देश आज़ाद हुआ, दशक बदले, सरकारें बदलीं, लेकिन चिरमिरी के एस.ई.सी.एल. क्षेत्र के आस पास के हज़ारों परिवार आज तक एक बुनियादी सुविधा से महरूम रहे — वो सुविधा जिसे हम सब बहुत जरूरी मानते हैं...अपनी खुद की सरकारी बिजली।

 
*75 साल की यह दास्तान अब खत्म हो रही है*
 
चिरमिरी के एस.ई.सी.एल. क्षेत्र में रहने वाले लोग पीढ़ियों से कोयले की खदानों के बीच रहते आए, लेकिन छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (CSPDCL) की सरकारी बिजली उनके घरों तक कभी नहीं पहुंची। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग यही सोचते रहे कि उन्हें शायद कोयला खदान की उस बिजली के भरोसे ही रहना होगा जो आती कम और जाती ज्यादा है।
 
*मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय का वादा, अब हकीकत बना*
 
09 दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला मनेन्द्रगढ़- चिरमिरी- भरतपुर के प्रवास के दौरान नगर निगम चिरमिरी में CSPDCL से बिजली आपूर्ति की घोषणा की थी। यह महज एक राजनीतिक घोषणा नहीं थी — यह उन लाखों आंखों की उम्मीद थी जो दशकों से टकटकी लगाए बैठी थीं।
 
*अब वह वादा पूरा हो रहा है*
 
8 मई 2026 को जारी आदेश के अनुसार राज्य शासन की मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत 30 मार्च 2026 को ₹53.08 करोड़ की राशि चिरमिरी नगर निगम को आवंटित की गई। पुराने बजट की शेष ₹0.49 करोड़ की राशि मिलाकर कुल ₹53.57 करोड़ से अधोसंरचना विकास कार्य अब वर्ष 2026-27  में प्रारंभ होगा।
 
 *स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जताया मुख्यमंत्री का आभार*
 
क्षेत्र के स्थानीय विधायक और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा —
 
*"यह सिर्फ सरकारी बिजली नहीं है, यह चिरमिरी के लोगों को उनका हक मिलना है। आज़ादी के बाद से जो सपना अधूरा था, मुख्यमंत्री जी की दूरदृष्टि और संवेदनशीलता से वो पूरा हो रहा है। मैं क्षेत्र की जनता की ओर से उनका अभिनंदन करता हूं।"*
 
 *अब बदलेगी ज़िंदगी, एक ऐतिहासिक क्षण*
 
₹53.08 करोड़ की इस परियोजना से चिरमिरी के एस.ई.सी.एल. क्षेत्र के सभी वार्डो में CSPDCL का पूर्ण विद्युत अधोसंरचना नेटवर्क बिछाया जाएगा। जिस धरती ने देश को कोयले से रोशन किया, आज उसी धरती के लोगों को बिजली का उजाला मिलने जा रहा है। चिरमिरी के डोमनहिल, गेल्हापानी, कोरिया कॉलरी व पोड़ी जैसे दूरस्थ क्षेत्र जहां सरकारी बिजली एक सपने जैसा था, वो क्षेत्र भी अब सरकारी बिजली से रोशन होने वाले है । यह छत्तीसगढ़ के इतिहास में एक सुनहरा अध्याय है। चिरमिरी की आंखों में आज जो चमक है वो किसी बल्ब की नहीं, उनकी उम्मीद पूरी होने की रोशनी है।
continue reading
सुशासन तिहार 2026- 5 मई से जिलास्तरीय शिविर, अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य शिविरों में मौके पर होगा समाधान, हितग्राहियों को मिलेगा सीधा लाभ

सुशासन तिहार 2026- 5 मई से जिलास्तरीय शिविर, अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य शिविरों में मौके पर होगा समाधान, हितग्राहियों को मिलेगा सीधा लाभ

कोरिया, 4 मई 2026/* जिले में सुशासन तिहार-2026 के तहत जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 5 मई से जिलास्तरीय शिविरों की शुरुआत की जा रही है। कलेक्टरेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने इस अभियान को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
 
सीईओ डॉ. चतुर्वेदी ने सभी जिलास्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को 5 मई से 9 जून तक आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जाए तथा हितग्राही मूलक सामग्रियों का भी वितरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में नागरिकों के साथ व्यवहार को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। सीईओ ने निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले ग्रामीणों से विनम्रता और शालीनता के साथ संवाद किया जाए तथा यदि आवेदन में कोई कमी हो तो उन्हें भरने में सहयोग किया जाए। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि एक आवेदन में केवल एक ही समस्या या मांग का उल्लेख करें, ताकि उसका त्वरित और प्रभावी निराकरण किया जा सके।
 
प्रशासन द्वारा शिविरों में प्राप्त आवेदनों की डिजिटल प्रक्रिया को भी प्राथमिकता दी जा रही है। निर्देश दिए गए हैं कि सभी आवेदनों को मौके पर ही स्कैन कर ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाए और मूल आवेदन संबंधित जनपद पंचायत को भेजे जाएं। इसके साथ ही ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया है। जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) श्री सुखदेव पटेल ने अधिकारियों को पोर्टल संचालन, यूजर आईडी एवं अपलोड प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
 
सीईओ ने बताया कि बैकुण्ठपुर एवं सोनहत जनपद पंचायत क्षेत्रों के क्लस्टरवार ग्रामों में 11 दिवसीय शिविर आयोजित किए जाएंगे, जबकि जिले के तीनों नगरीय निकायों बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा तथा पटना में तीन दिवसीय शिविर लगाए जाएंगे। शिविर स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें साफ पेयजल, छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं शामिल हैं।
 
उन्होंने जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से सतत संपर्क बनाए रखने और उन्हें शिविरों में आमंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को समय पर शिविर स्थलों पर पहुंचकर अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी आमजन को देने को कहा गया।
 
गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी गई है, ताकि वे पूरी ऊर्जा के साथ इस जनहितकारी अभियान को सफल बना सकें।
continue reading
भारत सरकार के मिशन कर्मयोगी – साधना सप्ताह में SECL को राष्ट्रीय स्तर पर टॉप 10 में स्थान सीएमडी  हरीश दुहन को क्षमता निर्माण आयोग द्वारा प्रशंसा-पत्र प्राप्त

भारत सरकार के मिशन कर्मयोगी – साधना सप्ताह में SECL को राष्ट्रीय स्तर पर टॉप 10 में स्थान सीएमडी हरीश दुहन को क्षमता निर्माण आयोग द्वारा प्रशंसा-पत्र प्राप्त

साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL), कोल इंडिया लिमिटेड की प्रमुख सहायक कंपनी, को मिशन कर्मयोगी – साधना सप्ताह 2026 के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए देश के टॉप 10 परफॉर्मिंग संगठनों में स्थान प्राप्त हुआ है।
 
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए भारत सरकार के क्षमता निर्माण आयोग (Capacity Building Commission) द्वारा SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) श्री हरीश दुहन को प्रशंसा-पत्र प्रेषित किया गया है। प्रशंसा-पत्र में SECL की सक्रिय सहभागिता, कोर्स पूर्णता में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा क्षमता निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की गई है  ।
प्रशंसा-पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि साधना सप्ताह (2–10 अप्रैल 2026) के दौरान SECL की प्रभावी भागीदारी तथा iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर व्यापक जुड़ाव, संगठन में निरंतर सीखने की संस्कृति एवं क्षमता निर्माण के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
 
iGOT (Integrated Government Online Training) कर्मयोगी भारत सरकार का एक डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म है, जिसे मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों को सतत् सीखने, कौशल उन्नयन एवं क्षमता निर्माण के लिए एकीकृत मंच प्रदान करना है।
 
इसी दिशा में SECL द्वारा iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर कर्मचारियों के कौशल विकास हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, सतत एवं धारणीय विकास तथा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) से संबंधित विषय प्रमुख हैं, जो कर्मचारियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बना रहे हैं।
 
इस अवसर पर SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहान ने कहा:
 
“यह सम्मान पूरे SECL परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह हमारे कर्मयोगियों की प्रतिबद्धता, सीखने की ललक एवं उत्कृष्टता के प्रति समर्पण को दर्शाता है। हम आगे भी क्षमता निर्माण, डिजिटल लर्निंग एवं सतत विकास के क्षेत्र में अपने प्रयासों को और सशक्त करते रहेंगे।”
 
SECL की यह उपलब्धि कोल इंडिया लिमिटेड के उस व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसके अंतर्गत एक जिम्मेदार, दक्ष एवं भविष्य उन्मुख संगठन के रूप में देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ बेहतर सार्वजनिक सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
 
 
*जनसंपर्क अधिकारी*
एसईसीएल

 

continue reading
मनेंद्रगढ़ में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का एक्शन, आरोपी गिरफ्तार

मनेंद्रगढ़ में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का एक्शन, आरोपी गिरफ्तार

जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में मनेंद्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्कूटी से अवैध शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम श्रीलाल बसोर (45 वर्ष) निवासी लालपुर बसोरपारा, वार्ड क्रमांक 13, थाना मनेंद्रगढ़ बताया।
???? जप्त सामग्री:
87 नग अंग्रेजी शराब (गोवा कंपनी)
प्रत्येक बोतल 180 एमएल
कुल मात्रा 15,660 एमएल
कुल कीमत ₹11,745
एक स्कूटी (मेजेस्ट्रो) कीमत लगभग ₹50,000
⚖️ कानूनी कार्रवाई: आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे 23 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
????‍♂️ पुलिस की अपील: पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तुरंत दें, ताकि समय पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।
continue reading
तपती गर्मी में बच्चों की मजबूरी! चिलचिलाती धूप में स्कूल जाने को मजबूर नन्हे कदम

तपती गर्मी में बच्चों की मजबूरी! चिलचिलाती धूप में स्कूल जाने को मजबूर नन्हे कदम

16-Apr-2026 179

भीषण गर्मी में भी नहीं मिल रही स्कूली बच्चों को राहत, तपती धूप में स्कूल जाने को मजबूर नौनिहाल अ

अप्रैल माह की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद स्कूली बच्चों को अभी तक किसी प्रकार की राहत नहीं मिल पा रही है। एक ओर जहां तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है, वहीं दूसरी ओर कई स्कूल—विशेषकर DAV और केंद्रीय विद्यालय—अब भी अपने निर्धारित समय पर ही संचालित हो रहे हैं। इस कारण छोटे-छोटे नौनिहालों को भीषण गर्मी और लू के बीच दोपहर करीब 3 बजे घर लौटना पड़ रहा है।

गर्मी का सबसे अधिक असर बच्चों पर ही पड़ता है। अप्रैल के महीने में ही पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाना अब सामान्य हो गया है। ऐसे में स्कूल से लौटते समय बच्चों को चिलचिलाती धूप, तपती सड़कें और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ता है। इससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है। डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, अत्यधिक थकान और लू लगने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं।

इधर, अभिभावकों की चिंता भी लगातार बढ़ती जा रही है। वे स्कूल प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग कर रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि या तो स्कूलों के समय में बदलाव किया जाए या फिर कुछ समय के लिए अवकाश घोषित किया जाए। देश के कई राज्यों में सरकारें भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूल समय में परिवर्तन या छुट्टियां घोषित कर चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ संस्थानों में अभी भी पुराने समय के अनुसार कक्षाएं जारी हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की परिस्थितियों का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ता है। अत्यधिक गर्मी के कारण बच्चों की एकाग्रता क्षमता कम हो जाती है, जिससे उनके सीखने की प्रक्रिया प्रभावित होती है।
ऐसे में समय की मांग है कि स्कूल प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर स्थिति को समझें और तुरंत ठोस कदम उठाएं। सुबह के समय कक्षाएं आयोजित करना, स्कूल समय में कटौती करना या अस्थायी अवकाश देना जैसे निर्णय बच्चों को इस भीषण गर्मी से राहत दिला सकते हैं।
अंततः, बच्चों का स्वास्थ्य और सुरक्षा सर्वोपरि है। शिक्षा का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब विद्यार्थी स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई कर सकें। इसलिए आवश्यक है कि इस दिशा में संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र उचित निर्णय लिए जाएं, ताकि नौनिहालों को इस झुलसाती गर्मी से राहत मिल सके।

 

continue reading
जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल का उर्वरक प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण अनियमितता पाए जाने पर विक्रय पर रोक, कलेक्टर के निर्देश पर सख्त कार्रवाई

जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल का उर्वरक प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण अनियमितता पाए जाने पर विक्रय पर रोक, कलेक्टर के निर्देश पर सख्त कार्रवाई

एमसीबी/08 अप्रैल 2026/* किसानों को समय पर एवं उचित दर पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सख्त रुख अपनाते हुए उर्वरक विक्रेताओं के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर के निर्देश पर विकासखंड मनेन्द्रगढ़ में जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा विभिन्न निजी एवं सहकारी उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके उर्वरक विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। उड़नदस्ता दल को कई स्थानों पर गंभीर अनियमितताएं एवं नियमों की अनदेखी देखने को मिली।
जांच में प्रमुख रूप से स्टॉक बोर्ड एवं मूल्य सूची का प्रदर्शन नहीं करना, स्टॉक रजिस्टर का संधारण नहीं करना, बिना वैध प्राधिकार पत्र के उर्वरक विक्रय, पी.ओ.एस. मशीन से रसीद जारी नहीं करना तथा स्टॉक में अंतर जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इन उल्लंघनों के चलते संबंधित प्रतिष्ठानों के उर्वरक स्टॉक के विक्रय पर 21 दिनों के लिए प्रतिबंध लगाया गया है तथा 7 दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। अवैध भंडारण पाए जाने पर स्टॉक को नियंत्रित कर विक्रय रोक दिया गया।
 
निरीक्षण के दौरान केल्हारी स्थित फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, ग्राम दुगला में 61 बैग एसएसपी ( तुलसी फॉस्फेट लिमिटेड) का अवैध भंडारण, स्टॉक रजिस्टर में लापरवाही एवं पी.ओ.एस. संबंधी अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते संबंधित स्टॉक का विक्रय प्रतिबंधित किया गया। वहीं रवि बीज भंडार, केल्हारी में बिना प्राधिकार पत्र उर्वरक विक्रय एवं बिना प्रिंसिपल सर्टिफिकेट कीटनाशी विक्रय करते पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए एनपीके (2 बैग), एसएसपी (5 बैग) एवं एमओपी (10 किलोग्राम) के अवैध भंडारण पर भी रोक लगाई गई।
यह संपूर्ण कार्रवाई उप संचालक कृषि, जिला एमसीबी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। दल में जिला स्तरीय उर्वरक निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी महेश पैकरा, उर्वरक निरीक्षक, जितेन्द्र झा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। उप संचालक कृषि ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं किसी भी प्रकार की अनियमितता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लाइसेंस निरस्तीकरण सहित कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही क्रय करें तथा पी.ओ.एस. मशीन से रसीद अवश्य प्राप्त करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता या अधिक मूल्य वसूली की सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें।
किसानों के हितों की रक्षा हेतु प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
 
*समाचार क्रमांक/25/लोकेश/फोटो 02 से 03*
continue reading
कोकराझार लोकसभा में प्रवासी प्रभारी के रूप में चुनावी प्रबंधन संपन्न; माँ कामाख्या का दर्शन कर तोखन साहू दिल्ली प्रस्थान

कोकराझार लोकसभा में प्रवासी प्रभारी के रूप में चुनावी प्रबंधन संपन्न; माँ कामाख्या का दर्शन कर तोखन साहू दिल्ली प्रस्थान

गुवाहाटी/नई दिल्ली: असम के कोकराझार लोकसभा क्षेत्र में प्रवासी प्रभारी के रूप में नियुक्त किए गए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने लगभग दो माह तक सघन चुनावी प्रबंधन का सफल संचालन किया।

 
इस दौरान श्री साहू ने क्षेत्र में लगातार प्रवास करते हुए दिन-रात अथक मेहनत के साथ प्रत्याशी चयन, क्राइसिस मैनेजमेंट, व्यापक जनसंपर्क अभियान, बूथ मैनेजमेंट एवं प्रचार-प्रसार जैसे महत्वपूर्ण आयामों पर भूमिका निभाई। उन्होंने एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रभावी चुनावी माहौल तैयार करने हेतु जमीनी स्तर पर सुदृढ़ रणनीति लागू की।
 
उनके प्रवास क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं सहित कई स्टार प्रचारकों की जनसभाएं आयोजित हुईं, जिनमें व्यापक जनसहभागिता और उत्साह देखने को मिला।
 
चुनावी प्रबंधन संपन्न होने के उपरांत वापसी के दौरान श्री साहू ने गुवाहाटी स्थित माँ कामाख्या मंदिर में दर्शन-पूजन कर देशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
continue reading

dpboss