Breaking News
ताज़ातरीन
Big Breaking: एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन की बड़ी जीत…विपक्ष में मची हलचल…
नई दिल्ली।
भारत को नया उपराष्ट्रपति मिल गया है। एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे सी.पी. राधाकृष्णन ने विपक्षी उम्मीदवार जस्टिस सुदर्शन रेड्डी को हराकर उपराष्ट्रपति चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है।
राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि राधाकृष्णन को 452 प्रथम वरीयता मत मिले, जबकि सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट ही हासिल हुए। इस तरह राधाकृष्णन ने 152 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
अब संभालेंगे राज्यसभा सभापति का पद
सीपी राधाकृष्णन अब उपराष्ट्रपति पद के साथ-साथ राज्यसभा के सभापति की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। उनके नामांकन के बाद से ही यह माना जा रहा था कि एनडीए की स्थिति मजबूत है और अंततः परिणाम ने इसकी पुष्टि कर दी।
पीएम मोदी देंगे बधाई
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ देर में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पहुंचेंगे, जहां भावी उपराष्ट्रपति को बधाई देने सांसदों का जमावड़ा भी होगा।
किसने की क्रॉस वोटिंग?
चुनाव से पहले INDIA गठबंधन का दावा था कि उनके उम्मीदवार को 315 वोट मिलेंगे। लेकिन नतीजे सिर्फ 300 पर रुक गए। इसका सीधा मतलब है कि करीब 14–15 विपक्षी सांसदों ने क्रॉस वोटिंग की।
हालांकि, अभी तक इन सांसदों के नाम सामने नहीं आए हैं, लेकिन इस मुद्दे पर विपक्षी खेमे में हलचल तेज हो गई है।
धरसेड़ी आंगनबाड़ी केंद्र के औचक निरीक्षण पर बोलीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े – पोषण और स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सूरजपुर।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरसेड़ी में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता और उपलब्धता, आंगनबाड़ी परिसर की स्वच्छता, बच्चों की उपस्थिति और शैक्षिक गतिविधियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
कार्यकर्ताओं को सख्त निर्देश
मंत्री राजवाड़े ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को निर्देशित किया कि बच्चों को समय पर पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाए और केंद्र में स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आंगनबाड़ी बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास की नींव हैं, इसलिए यहां किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
गर्भवती व धात्री माताओं पर भी जोर
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों को पूरक पोषण आहार, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, गर्भवती एवं धात्री माताओं को योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के मिले, इस पर विशेष निगरानी रखी जाए।
ग्रामीणों से संवाद
निरीक्षण के दौरान मंत्री राजवाड़े ने ग्रामीणों से भी बातचीत की और केंद्र की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा और पोषण योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक रहने का आग्रह किया।
सरकार की प्रतिबद्धता
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला और बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सतत प्रयास जारी हैं।
निरीक्षण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
दूरस्थ अंचल मूंगवाल के 50 बच्चों को मिला जीवन का पहला दस्तावेज, जन्म प्रमाण पत्र पाकर खुश हुए ग्रामीण
रायपुर, 09 सितम्बर 2025।
जिला प्रशासन की पहल से कोंडागांव विकासखंड अंतर्गत मर्दापाल तहसील के सुदूर ग्राम पदनार और मूंगवाल के 50 बच्चों को आखिरकार उनका जन्म प्रमाण पत्र मिल गया। यह दस्तावेज पाकर न केवल बच्चों के अभिभावकों को राहत मिली, बल्कि ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति आभार भी जताया।
जनदर्शन से मिली थी समस्या की जानकारी
ग्रामीणों ने जनदर्शन कार्यक्रम में बताया था कि 50 बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन पाने से उनकी आधार आईडी, छात्रवृत्ति और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार मर्दापाल और जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) को तत्काल प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
प्रशासन की त्वरित कार्यवाही
निर्देश मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 50 बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर प्राथमिक शाला मूंगवाल में वितरित किए। इस पहल से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।
क्यों जरूरी है जन्म प्रमाण पत्र?
जन्म प्रमाण पत्र न केवल बच्चे की कानूनी पहचान है, बल्कि यह शिक्षा, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी जरूरी है। अब इन बच्चों को भी शिक्षा और अन्य योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सकेगा।
जन्म/मृत्यु पंजीयन की प्रक्रिया
-
जन्म/मृत्यु की सूचना 21 दिनों के भीतर नि:शुल्क पंजीकृत कराई जा सकती है।
-
शासकीय अस्पताल में जन्म/मृत्यु होने पर वहीं से प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा सकता है।
-
घर या निजी अस्पताल में जन्म/मृत्यु होने पर संबंधित ग्राम पंचायत/नगर निगम/नगर पालिका में सूचना देनी होती है।
-
शिशु का नाम जन्म पंजीयन की तारीख से 12 महीने के भीतर नि:शुल्क जोड़ा जा सकता है।
आवश्यक दस्तावेज
-
पहचान प्रमाण: आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस आदि।
-
निवास प्रमाण: बिजली बिल, आधार, राशन कार्ड आदि।
-
मृत्यु पंजीयन हेतु: मृत्यु तिथि व स्थान का प्रमाण (चिकित्सक का प्रमाण पत्र/पंचनामा)।
ऑनलाइन सुविधा
जन्म/मृत्यु पंजीयन हेतु नागरिक crsorgi पोर्टल के माध्यम से भी सूचना दे सकते हैं। लॉगिन कर आवश्यक फॉर्म भरने और दस्तावेज अपलोड करने के बाद प्रमाण पत्र की जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल पर उपलब्ध हो जाती है।
रायपुर में गणेश विसर्जन यात्रा ने रचा इतिहास! झांकियों में दिखा राफेल से लेकर पौराणिक प्रसंग तक, रातभर उमड़ा जनसैलाब…
रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन यात्रा इस बार बेहद खास रही। विविध पौराणिक प्रसंगों और आधुनिक घटनाओं पर आधारित भव्य झांकियों ने न केवल शहरवासियों बल्कि आसपास के ग्रामीणों को भी आकर्षित किया। देर रात तक रायपुर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा और ऐतिहासिक परंपरा का यह नजारा देखने हजारों लोग जुटे।
मुख्यमंत्री ने किया अभिनंदन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी 8 सितंबर की देर रात जयस्तंभ चौक स्थित नगर निगम के स्वागत मंच पर पहुंचे और झांकियों का अभिनंदन किया। उन्होंने इसे रायपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बताया और विघ्नहर्ता गणेश से प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
राफेल विमान बनी आकर्षण का केंद्र
झांकियों में इस बार विशेष आकर्षण रहा—राफेल विमान का दृश्य। ऑपरेशन सिंदूर, पौराणिक कथाएं और छत्तीसगढ़ी पारंपरिक परिधान में विराजमान बप्पा की झांकी ने लोगों का दिल जीत लिया।
भव्य जुलूस का मार्ग
शाम 8 बजे शारदा चौक से झांकियों को टोकन दिए गए और वे तेलघानी नाका, राठौर चौक, तात्यापारा से होते हुए जयस्तंभ चौक पहुंचीं। इसके बाद झांकियां मालवीय रोड, सदर बाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती, लाखेनगर, अश्वनी नगर, सुंदर नगर और रायपुरा मार्ग से होती हुईं महादेव घाट तक पहुंचीं।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम महापौर मती मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।
रायपुर की यह भव्य गणेश विसर्जन यात्रा हर साल की तरह इस बार भी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक धरोहर का अनोखा संगम बनी।
पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा का बड़ा अपडेट! 14 सितंबर से पहले तुरंत चेक करें अपना एडमिट कार्ड, नहीं तो हो सकती है बड़ी दिक्कत…
रायपुर। छत्तीसगढ़ के हजारों युवाओं के लिए एक अहम खबर आई है। व्यावसायिक परीक्षा मंडल (Vyapam) ने पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा का प्रवेश पत्र (Admit Card) जारी कर दिया है।
उम्मीदवार Vyapam की आधिकारिक वेबसाइट vyapam.cgstate.gov.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
कब और कैसे होगी परीक्षा?
-
परीक्षा की तारीख: 14 सितंबर 2025
-
समय: सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक
-
अवधि: 2 घंटे 15 मिनट
-
कुल प्रश्न: 100 अंक के
Vyapam ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर 2 घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा।
किन दस्तावेजों के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश
उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में एडमिट कार्ड के साथ एक फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना होगा। इनमें से कोई भी दस्तावेज मान्य होगा:
-
वोटर आईडी
-
ड्राइविंग लाइसेंस
-
पैन कार्ड
-
आधार कार्ड
-
पासपोर्ट
-
विद्यालय का फोटोयुक्त परिचय पत्र
बिना पहचान पत्र और एडमिट कार्ड के किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं मिलेगा।
12 सितम्बर को लगेगा महासमुंद में रोजगार का मेला! 3500 से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती, जानिए कौन-कौन पा सकता है मौका…
महासमुंद। बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी है। जिला प्रशासन की ओर से 12 सितम्बर 2025 को महासमुंद में बड़ा रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। यह मेला शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।
3500 से अधिक पद खाली
इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के नियोक्ता विभिन्न पदों के लिए लगभग 3505 रिक्तियों पर भर्ती करेंगे। इनमें कंप्यूटर ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, फील्ड ऑफिसर, मार्केटिंग, बीमा एजेंट, बीमा सखी, बैंक एजेंट, ग्रामीण बैंक मित्र, बैंक रिलेशनशिप मैनेजर, टेक्नीशियन, इलेक्ट्रिकल फिटर जैसे पद शामिल हैं।
चयनित उम्मीदवारों को ₹7,000 से लेकर ₹32,000 तक मासिक वेतन दिया जाएगा। आवेदन के लिए पात्रता 8वीं पास से लेकर स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बी.ई. और एमबीए तक रखी गई है।
कई कंपनियां होंगी शामिल
रोजगार मेले में दर्जनों प्रतिष्ठित कंपनियां भर्ती करेंगी।
-
एलर्ट एसजीएस प्रा. लि. रायपुर – 250 सिक्योरिटी गार्ड, 20-20 सुपरवाइजर और मार्केटिंग पद, 15 एजेंट
-
बॉम्बे इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी रायपुर – 150 सिक्योरिटी गार्ड, 10 सुपरवाइजर
-
भारतीय जीवन बीमा निगम महासमुंद – 500 बीमा सखी, 500 से अधिक एजेंट पद
-
एयरटेल पेमेंट बैंक रायपुर – 25 ग्रामीण बैंक मित्र
-
नीट लिमिटेड भिलाई – आईसीआईसीआई, एक्सिस और एचडीएफसी बैंक रिलेशनशिप मैनेजर के 60 पद
-
टीव्हीएस ट्रेनिंग एंड सर्विस चेन्नई – 500 अप्रेंटिसशिप ऑपरेटर
-
राजस्थान टेक्सटाइल मिल – 500 मशीन ऑपरेटर
इसके अलावा कई और कंपनियां भी विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी।
आवेदन और इंटरव्यू प्रक्रिया
इच्छुक उम्मीदवारों को क्यूआर कोड के माध्यम से आवेदन करना होगा और निर्धारित तिथि को स्थल पर साक्षात्कार के लिए उपस्थित होना होगा। अभी तक 4800 युवक-युवतियां पंजीकरण कर चुके हैं। उम्मीदवारों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति साथ लानी होगी।
शराब घोटाले का बड़ा खिलाड़ी? ED ने हाईकोर्ट में पेश किए पुख्ता सबूत, चैतन्य बघेल की जमानत पर अब टल गया फैसला…
बिलासपुर। बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार चैतन्य बघेल की जमानत याचिका पर सोमवार को हाईकोर्ट में करीब एक घंटे तक लंबी बहस हुई। इस दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अदालत को बताया कि बघेल के षड्यंत्र में शामिल होने से संबंधित पुख्ता दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं।
गिरफ्तारी को बताया गैरकानूनी
चैतन्य बघेल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी है। उनका कहना है कि इस तरह की जांच कानूनन गलत है और पूरी कार्रवाई निरस्त की जानी चाहिए।
ED ने खोला राज
ईडी की ओर से पेश दस्तावेजों में दावा किया गया है कि बघेल की भूमिका सिर्फ सीमित नहीं बल्कि षड्यंत्र का अहम हिस्सा है। पहले एसीबी ने शराब घोटाले में अपराध दर्ज किया था और उसके बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस अलग से दर्ज किया।
सुनवाई फिर टली
सोमवार को हुई बहस के बाद हाईकोर्ट ने सुनवाई आगे बढ़ा दी। इससे पहले की सुनवाई में बघेल की ओर से अदालत को बताया गया था कि उन्हें जेल में बुखार, साफ पानी और जरूरी सुविधाओं की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस पर हाईकोर्ट ने ईडी और जेल अधीक्षक को स्वास्थ्य व सुविधाओं की जांच कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
अब सभी की निगाहें अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि चैतन्य बघेल को जमानत मिलेगी या उन्हें जेल में ही रहना होगा।
41 लाख कैश गायब! बीजापुर में डिलीवरी कंपनी का एजेंट निकला गबन का खिलाड़ी, पुलिस ने ऐसे किया भंडाफोड़…
बीजापुर। थाना कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 41 लाख रुपए से अधिक की राशि गबन करने वाले आरोपी कैश कलेक्शन एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लखेश्वर मांझी के रूप में हुई है, जो सीएमएस इन्फो सिस्टम लिमिटेड कंपनी में कैश कलेक्शन का काम करता था।
ऐसे खुला गबन का राज
जांच में सामने आया कि आरोपी ने जून और जुलाई 2025 के दौरान डिलीवरी कंपनी से नगद राशि एकत्र की थी। लेकिन उसने ₹41,23,054 कंपनी के खाते में जमा नहीं किए। इसके बजाय उसने रकम को अपने निजी कार्यों में खर्च कर डाला।
जैसे ही कंपनी को इसकी भनक लगी, तुरंत थाना बीजापुर में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान लखेश्वर मांझी ने गबन की बात कबूल कर ली।
अब सलाखों के पीछे
बीजापुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उसे न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया है।
इस घटना ने डिलीवरी और कैश कलेक्शन कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुकमा में सीआरपीएफ जवान ने खुद को मारी गोली! 6 पन्नों का सुसाइड नोट खोल सकता है बड़ा राज…
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से सीआरपीएफ कैंप के भीतर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंजरम में तैनात 219 बटालियन के जवान नीलेश कुमार गर्ग ने बीती रात अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली।
यह घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज सुनते ही कैंप में अफरा-तफरी मच गई। साथी जवानों ने अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद तुरंत मौके पर जांच टीम पहुंची।
6 पेज का सुसाइड नोट बरामद
जवान के पास से 6 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसने रहस्य और गहरा कर दिया है। हालांकि सुसाइड नोट में क्या लिखा है, यह अभी सामने नहीं आया है। अधिकारियों का कहना है कि पत्र की जांच की जा रही है और जल्द ही आत्महत्या की वजहों का खुलासा किया जाएगा।
मध्यप्रदेश का रहने वाला था जवान
नीलेश कुमार गर्ग मध्यप्रदेश का रहने वाला था। उसने किस वजह से यह कठोर कदम उठाया, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है। सीआरपीएफ और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है।
इस घटना से जवानों में शोक की लहर है और कैंप में तनाव का माहौल बना हुआ है।
5 महीने से बंद ऑपरेशन थिएटर! सक्ती के अस्पताल में ताला क्यों पड़ा है, कौन सा ‘डॉक्टर दंपत्ति’ बना वजह?
सक्ती जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के मातृ एवं शिशु अस्पताल में पिछले 5 महीने से ऑपरेशन थिएटर पर ताला लटका हुआ है। नतीजा यह है कि गर्भवती महिलाओं का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा है और मरीजों को गंभीर परेशानी झेलनी पड़ रही है।
दरअसल, अस्पताल में पदस्थ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कल्पना राठौर अप्रैल से छुट्टी पर हैं। उनकी गैरमौजूदगी में अस्पताल के बीएमओ और उनके पति डॉ. सूरज राठौर ने अब तक किसी दूसरे चिकित्सक की व्यवस्था नहीं की। बताया जा रहा है कि वे नहीं चाहते कि उनकी पत्नी की जगह कोई और डॉक्टर काम करे।
डॉक्टर दंपत्ति की मनमानी!
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस सरकार के समय डॉ. सूरज राठौर को सक्ती जिले का सीएमएचओ बनाया गया था। इसी दौरान उन्होंने अपनी पत्नी डॉ. कल्पना राठौर को सरकारी अस्पताल में 36 लाख के सालाना पैकेज पर जॉइनिंग दिलवाई। सरकार बदलने के बाद सूरज राठौर को सीएमएचओ से बीएमओ बना दिया गया, लेकिन उनके तौर-तरीकों में कोई बदलाव नहीं आया।
अब उनकी पत्नी छुट्टी पर हैं, तो बीएमओ राठौर ने नए डॉक्टर की नियुक्ति करने के बजाय सीधे ऑपरेशन थिएटर में ताला डाल दिया। इस फैसले से मातृ एवं शिशु अस्पताल की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और मरीजों को निजी अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
मरीज बेहाल, व्यवस्था सवालों के घेरे में
पांच महीने से ऑपरेशन न होने से गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई परिवार आर्थिक तंगी के बावजूद निजी अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और डॉक्टर दंपत्ति की मनमानी पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
मध्य प्रदेश: नदी में कार गिरने के 55 घंटे बाद भी दो पुलिसकर्मी लापता, सर्च ऑपरेशन जारी
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में उफनती क्षिप्रा नदी में कार गिरने के बाद 55 घंटे से ज़्यादा समय बीत चुका है. लेकिन अभी भी कार सवार दो पुलिसकर्मियों का कुछ पता नहीं चला. उन दोनों का पता लगाने के लिए बचाव एजेंसियां ताबड़तोड़ प्रयास कर रही हैं.
पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि तीन पुलिसकर्मियों को ले जा रही कार शनिवार रात करीब 9 बजे एक पुल से नदी में गिर गई थी. सूचना मिलने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई थी. लेकिन पानी का तेज़ बहाव तलाशी अभियान को मुश्किल बना रहा था.
जिआवाजी गंज शहर की पुलिस अधीक्षक पुष्पा प्रजापति ने पीटीआई को बताया कि उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा (58) की लाश रविवार सुबह बरामद कर ली गई थी, जबकि उप-निरीक्षक मदन लाल (57) और कांस्टेबल आरती पाल (लगभग 30 वर्ष) का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है.
एसपी पुष्पा प्रजापति ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के 25, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के 25 और लगभग 10 स्थानीय गोताखोरों सहित 50 से ज़्यादा बचावकर्मी दोनों लापता पुलिसकर्मियों की तलाश में जुटे हैं.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस सर्च ऑपरेशन में नाव और मशीनी नावें और दो ड्रोन भी तैनात किए गए हैं. उन्होंने कहा, ‘ये स्थानीय गोताखोर, जो पलक झपकते ही आगंतुकों द्वारा नदी में फेंके गए सिक्कों को ढूंढ़ लेते हैं, हमारे दो साथियों का पता लगाने में भी असमर्थ हैं.’
पुलिस अधीक्षक पुष्पा प्रजापति ने बताया कि पानी का बहाव कम करने के लिए बांध के निचले हिस्से को बंद कर दिया गया था, लेकिन तेज़ बहाव तलाशी अभियान में बाधा डाल रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब कार बिना रेलिंग वाले पुल से गिरी, तब कांस्टेबल पाल कार चला रहे थे.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ज़िला मुख्यालय से 50 किलोमीटर दूर स्थित उन्हेल पुलिस स्टेशन के तीन कर्मचारी एक लापता व्यक्ति के मामले की जांच करने जा रहे थे, जब यह दुर्घटना हुई.
रिकॉर्ड तोड़ कमाई! 920 करोड़ की शराब 10 दिन में गटक गए इस राज्य के लोग
इस साल ओणम के त्योहार पर केरल के लोगों ने शराब की बिक्री के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। केरल राज्य पेय पदार्थ निगम लिमिटेड (BEVCO) के आंकड़ों के अनुसार ओणम के 10 दिनों में कुल 920.74 करोड़ रुपये की शराब बेची गई जो पिछले साल की बिक्री से 9.34% ज्यादा है।
बिक्री का सबसे बड़ा धमाका
ओणम की सबसे बड़ी खरीदारी उतरादम (ओणम के 10वें दिन) पर हुई जब एक ही दिन में 137.64 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड-तोड़ बिक्री हुई। यह अब तक की सबसे ज्यादा एक दिन की बिक्री है। इसके अलावा अवित्तम (12वें दिन) को भी बिक्री 2024 के मुकाबले 94.36 करोड़ रुपये तक पहुंच गई जो पिछली साल से काफी अधिक थी।
रिकॉर्ड तोड़ कमाई
BEVCO की प्रबंध निदेशक हर्षिता अट्टालुरी ने बताया कि 6 दुकानों ने 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की। इनमें से मनोरमा सुपर प्रीमियम दुकान ने अकेले 67 लाख रुपये कमाए जो पिछले साल के मुकाबले 5 गुना ज्यादा है। यह बताता है कि केरल में त्योहारों के दौरान शराब की मांग कितनी बढ़ जाती है।
कंज्यूमरफेड का भी बढ़ा कारोबार
शराब के साथ-साथ कंज्यूमरफेड ने भी इस ओणम सीजन में रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की। उन्होंने 187 करोड़ रुपये का कारोबार किया जिसमें 1,579 ओणम बाजारों और 164 त्रिवेणी सुपरमार्केट के जरिए जरूरी सामान बेचे गए। परिवारों को राहत देने के लिए 13 जरूरी सामानों पर रियायती कीमतें और अन्य चीजों पर 10 से 40% तक की छूट भी दी गई थी।
नेपाल प्रशासन ने कर्फ्यू में दी ढील, सीमा पर समान्य हुए हालात, भारतीय टूरिस्टों को मिली एंट्री
नेपाल में सोशल मीडिया पर बैन के खिलाफ लोगों का जबदस्त देखनो मिला है, नेपाल में कई जगहों पर हिंसक प्रदर्शन हुए हैं. नेपाल में बैन के खिलाफ तनाव का असर भारत-नेपाल सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में भी देखने को मिला है. तनाव की वजह से रूपनदेही जिले के भैरहवा और बुटवल में स्थानीय प्रशासन ने कर्फ्यू लागू कर दिया था. हालांकि कर्फ्यू में ढील दे दी गई है.
जानकारी के मुताबिक, भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र रूपनदेही जिले के बुटवल में तनाव के बीच राहत की खबर है, रूपनदेही जिला प्रशासन ने सुबह 6 बजे से कर्फ्यू में ढील दी है. भैरहवा और बुटवल में लगा कर्फ्यू हटा कर अनिश्चित समय के लिए निषेधाज्ञा लगा दिया. भारतीय पर्यटकों को एंट्री नेपाल में एंट्री दे दी गई है, वहीं कुछ वाहन चालकों ने जाने से मना कर दिया है.
हड़ताल, धरना पर रोक बरकरार
इस दौरान पांच से अधिक लोगों को इकट्ठा होने और विरोध कार्यक्रम हड़ताल, धरना, घेराव, जुलूस, प्रदर्शन पर रोक रहेगी. सीमा खुलने के बाद सुबह नेपाल प्रशासन ने आवश्यक माल वस्तु डीजल प्रेट्रोल गेस खाद्यान्य सब्जियों के वाहनो को सुबह 9 बजे तक लेकर फिर भंसार गेट पर ताला लगा दिया.
सरकार सोशल मीडिया से हटाया बैन
देशभर में जारी विरोध और तमाम तरह की हिंसक घटनाओं के बाद नेपाल सरकार ने सोशल मीडिया ऐप्स पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया है. सोशल मीडिया पर बैन के खिलाफ हुए हिंसक प्रदर्शन में 19 लोगों की मौत हो गई. नेपाल के संचार, सूचना और प्रसारण मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने आपातकालीन कैबिनेट बैठक के बाद कहा, “सरकार ने जेन-जेड की मांग को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया को खोलने का फैसला पहले ही कर लिया है.”
छत्तीसगढ़ में बादलों का बड़ा वार? मौसम विभाग का अलर्ट—आज बरस सकती है आफत!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट बदली है। सोमवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में रुक-रुककर बारिश हुई, जिससे लोगों को झुलसाती गर्मी से बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। लेकिन अब मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि मंगलवार को हालात और बदल सकते हैं।
मौसम विभाग ने रायपुर, महासमुंद, बलौदा बाजार, दुर्ग, सूरजपुर, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजधानी रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं बिलासपुर और रायपुर में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अनुमान जताया है।
किसानों और ग्रामीण इलाकों के लोगों को खास सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा भी मंडरा रहा है।
अब सवाल यही है—क्या यह बारिश सिर्फ राहत लाएगी, या फिर आफत बनकर बरसेगी?
लाल रंग में नहाया आसमान… 122 साल बाद दिखा पितृपक्ष संग ‘ब्लड मून’ का अद्भुत नजारा
नई दिल्ली। साल 2025 का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण शनिवार रात देशभर में अद्भुत नजारा लेकर आया। रात 9:58 बजे शुरू हुआ यह ग्रहण देर रात 1:26 बजे तक चला। इस दौरान आसमान में चांद लाल रंग में चमकता दिखाई दिया, जिसे वैज्ञानिक ‘ब्लड मून’ कहते हैं।
खगोलविदों के मुताबिक पृथ्वी के वातावरण में मौजूद धूल और गैसें सूर्य की रोशनी को रोक देती हैं और केवल लाल किरणें चंद्रमा तक पहुंच पाती हैं। यही वजह रही कि इस बार पूरा चांद खून-सा लाल नजर आया। खास बात यह रही कि 122 वर्षों बाद यह घटना पितृपक्ष के महासंयोग में घटी।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण के समय मंत्र-जप और भजन करना शुभ माना गया है। ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि ग्रह दोषों से राहत पाने और पितरों की आत्मा की शांति के लिए ग्रहण के मोक्ष काल यानी रात 2:24 बजे दान करना अत्यंत फलदायी होगा।
विशेषज्ञों ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और वृद्धजनों को ग्रहण के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। इस अद्भुत खगोलीय घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि विज्ञान और अध्यात्म का संगम चांदनी रात में कितना रहस्यमयी हो सकता है।
देर रात खून से सनी सड़क… पिता-पुत्र पर चाकू-रॉड से हमला, मां को भी बेरहमी से पीटा
दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र में आधी रात परिवार पर हुआ हमला इलाके में दहशत फैलाने वाला रहा। युवक विकास मिश्रा पर पहले चाकू से वार किया गया, फिर बीच-बचाव करने आए पिता और मां पर भी आरोपियों ने ताबड़तोड़ हमला किया। पिता के कंधे पर गहरा घाव लगा और उन्हें दुर्ग रेफर करना पड़ा। मां को बाल पकड़कर पीटा गया जबकि विकास की आंख के पास चोट आई।
पुलिस ने तीनों आरोपी – पंकज साहू, सागर और आकाश राजपूत उर्फ लालू – को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ BNS की धारा 109(2)-BNS (जानलेवा हमला) और धारा 3(5)-BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की नीयत से हमला किया और कठोर सजा दिलाने की कार्रवाई होगी।
दिल्ली में जुटे 41 सांसद… स्वच्छता से लेकर सूर्य घर योजना तक, सामने आए चौंकाने वाले नवाचार
रायपुर/दिल्ली। भारत को स्वच्छ, स्वस्थ और टिकाऊ शहरों का देश बनाने के संकल्प के साथ रविवार को नई दिल्ली में एक अभूतपूर्व कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें 14 राज्यों के 41 सांसदों ने भाग लिया और शहरी स्वच्छता, ऊर्जा, स्वास्थ्य, खेल और संस्कृति से जुड़ी योजनाओं पर अपने अनुभव साझा किए।
कार्यशाला का संचालन रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा—
“पिछले 10 वर्षों में हमारे शहरों में जो बदलाव आया है, वह अभूतपूर्व है। आज हम उसी सकारात्मक बदलाव को और मजबूत करने पर चर्चा के लिए एकत्रित हुए हैं। स्वच्छता ही एक स्वस्थ और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है।”
कार्यशाला का मुख्य फोकस स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) पर रहा। वर्ष 2014 में जहां कचरा प्रसंस्करण मात्र 18% था, वहीं आज यह 75% से अधिक हो गया है। ODF से लेकर ODF++ और Water+ प्रमाणन ने स्वच्छता को एक स्थायी आदत बना दिया है। 'स्वच्छ सर्वेक्षण' और 'स्वच्छता ऐप' जैसे डिजिटल नवाचारों ने इस अभियान को नई ऊंचाइयां दी हैं।
इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) पर भी चर्चा हुई, जिसका लक्ष्य 2026 तक 131 शहरों में वायु प्रदूषण को 40% तक कम करना है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना पर भी सांसदों ने अपने विचार साझा किए। जुलाई 2025 तक 16.5 लाख से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल चुका है और 58 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 2015 से 2023 के बीच टीबी के मामलों में 17.7% और मृत्यु दर में 21.4% की कमी दर्ज की गई।
सांसदों ने खेल, स्वास्थ्य और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई सांसद खेल स्पर्धा, तंदुरुस्त बालक स्पर्धा और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस कार्यशाला को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने सांसदों को विकसित भारत की दिशा में नए नवाचार अपनाने और अपने क्षेत्रों में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के अंत में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा—
“एक-दूसरे से सीखना हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आज की चर्चा ने साबित किया है कि जब हम साथ आते हैं तो सर्वोत्तम समाधान ढूंढ सकते हैं। यही हमें एक स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत की दिशा में आगे ले जाएगा।”
रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने को CM साय की भावभीनी श्रद्धांजलि… कहा- समाज के लिए अपूरणीय क्षति
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को राजधानी रायपुर के पुलिस लाइन स्थित निवास पहुँचे और रायपुर की पहली महिला विधायक एवं समाजसेवी स्वर्गीय रजनी ताई उपासने को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने रजनी ताई के योगदानों को स्मरण करते हुए शोक संतप्त परिजनों से भेंट की और उन्हें सांत्वना दी।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, संतोष शर्मा, जगदीश उपासने सहित परिजन भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा—
“रजनी ताई का निधन पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। आपातकाल के कठिन दौर में उनका साहस और धैर्य प्रेरणादायी रहा है। अपने कार्यकाल में उन्होंने हमेशा जनता के हितों और रायपुर के विकास को प्राथमिकता दी। सादगी, ईमानदारी और समाज से गहरे जुड़ाव के कारण वे हमेशा लोगों के दिलों में रहेंगी। महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष याद किया जाएगा।”
साय ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की।
गौरतलब है कि रजनी ताई उपासने का हाल ही में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वर्ष 1977 में जनता पार्टी से चुनाव जीतकर उन्होंने इतिहास रचते हुए रायपुर की पहली महिला विधायक बनने का गौरव प्राप्त किया। उस दौर में जब राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बेहद सीमित थी, तब जनता का विश्वास जीतना उनके साहस और संघर्ष का प्रतीक था।
धमतरी में खून से सनी घरेलू रंजिश: बाइक को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई पर कैंची से किया हमला
धमतरी। जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बाइक को लेकर हुए विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया। बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई पर कैंची से हमला कर हत्या की कोशिश की।
मामला थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सोरिद शांति चौक का है। आरोपी की पहचान तेजराम देवांगन उर्फ चुक्कू (35 वर्ष) पिता स्व. रामकुमार देवांगन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार तेजराम और उसके छोटे भाई चंद्रकांत उर्फ पिंटू के बीच मोटरसाइकिल को लेकर अक्सर विवाद होता था। बताया गया कि चंद्रकांत बार-बार बाइक लेकर जाता और उसे खराब हालत में लौटाता, जिससे दोनों भाइयों के बीच पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था।
घटना 06 सितंबर 2025 की रात लगभग 10:30 बजे की है। इसी विवाद को लेकर गुस्से में आए तेजराम ने घर में रखी कैंची उठाई और छोटे भाई चंद्रकांत के पेट व पीठ पर वार कर दिए। हमले में चंद्रकांत गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया। गवाहों की मौजूदगी में घटना में प्रयुक्त कैंची जप्त की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 109 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
162 करोड़ का फर्जीवाड़ा! मोक्षित कॉरपोरेशन और 85 फर्मों पर GST इंटेलिजेंस की बड़ी कार्रवाई
रायपुर। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस, रायपुर ज़ोनल यूनिट ने मेसर्स मोक्षित कॉरपोरेशन और उससे जुड़ी 85 फर्मों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने इन फर्मों को 162.22 करोड़ रुपये के कर योग्य मूल्य पर 28.46 करोड़ रुपये के अनुचित इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का नोटिस जारी किया है।
फरवरी 2024 से शुरू हुई जांच में खुलासा हुआ कि मोक्षित कॉरपोरेशन ने फर्जी इनवॉइस के जरिए बड़े पैमाने पर GST अपवंचन किया। जांच के दौरान विभागीय टीमों ने छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में कई ठिकानों पर तलाशी और निरीक्षण किया।
जांच में सामने आया कि कंपनी के पार्टनर शशांक चोपड़ा ने अपने रिश्तेदारों के नाम पर दर्जनों फर्जी फर्में बनाईं। इन फर्मों के जरिए अनुचित ITC का दुरुपयोग, मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध लेन-देन को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं, इस पूरे नेटवर्क में 200 से अधिक बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया।
विभाग ने मोक्षित कॉरपोरेशन पर 28.46 करोड़ रुपये की कर मांग की है और संबद्ध 85 फर्मों को दंड नोटिस जारी किए हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह कार्रवाई न केवल बड़े पैमाने पर चल रहे GST फर्जीवाड़े को उजागर करती है, बल्कि भविष्य में ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।












