Breaking News
खास खबर
जमाने से वोट देती आ रही हूँ, आज क्यों छोड़ू- 95 वर्षीय श्रीमती अरुंबतिया सारथी
संगवारी मतदान केंद्र के लिए रवाना हुई महिला मतदान कर्मी/नई जिम्मेदारी मिलने पर उत्साहित हैं महिलाएं, कहा बखूबी निभाएंगे जिम्मेदारी
बिलासपुर/जिले में विधानसभा निर्वाचन के लिए 06 विधानसभाओं में 60 संगवारी मतदान केन्द्र बनाएं गए हैं। इन केन्द्रों में मतदान से लेकर सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी महिलाएं ही संभालेंगी। कोनी स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर से आज मतदान दलों को सामग्री वितरण कर मतदान केन्द्रों की ओर रवाना किया गया। संगवारी मतदान केन्द्र की जिम्मेदारी मिलने पर महिलाएं उत्साहित हैं। महिलाओं ने कहा कि मतदान कराने की इस महती जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे।
मतदान सामग्री के साथ मतदान दल उत्साह से हुए रवाना/कलेक्टर ने दिखाई हरी झण्डी, मतदान दलों को दी शुभकामनाएं/17 नवंबर को सवेरे 8 बजे से शुरू होगा मतदान
15 लाख 73 हजार से ज्यादा मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का इस्तेमाल
बिलासपुर/जिले में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा निर्वाचन लिए 06 विधानसभा क्षेत्रों के 1691 मतदान केन्द्रों के लिए आज कोनी स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर से मतदान सामग्री का वितरण सुबह 08 बजे से किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवनीश शरण ने आज सामग्री वितरण व्यवस्था का जायजा लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। कलेक्टर ने मतदान दलों के वाहन को हरी झण्डी दिखाकार रवाना करते हुए दलों को अपनी शुभकामनाएं दी है। उन्होंने मतदान दलों से मिलकर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने कहा है। इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर श्री कुणाल दुदावत और सीईओ श्री अजय अग्रवाल भी मौजूद थे।
जिले के 06 विधानसभा क्षेत्रों के लिए सामग्री वितरण के लिए 76 काउंटर बनाए गए हैं। सामग्री वितरण के लिए 300 अधिकारी-कर्मचारी नियुक्त किए गए है। प्रत्याशियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोला गया। तत्पश्चात विधानसभावार बनाए गए काउंटर से मतदान दल के पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारीयों ने अपने-अपने मतदान केंद्र के लिए सामग्री प्राप्त की और अपने दल के साथ निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए। उनके साथ सेक्टर अधिकारी भी रवाना हुए। दल के साथ एक-एक सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे। जिले में निर्वाचन संपन्न कराने के लिए 6 हजार 36 मतदान कर्मी और 1 हजार 509 मतदान कर्मी रिजर्व में रखे गए हैं, इस प्रकार कुल 7 हजार 545 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगायी गयी है।
गौरतलब है कि जिले में कुल 60 संगवारी मतदान केंद्र बनाए गए है। इसमें पीठासीन से लेकर मतदान दल क्रमांक 1, 2 और 3 सभी महिला कर्मचारी हैं। इसी तरह सभी 06 विधानसभा क्षेत्र में 1-1 मतदान केन्द्र दिव्यांग और 1-1 मतदान केन्द्र युवा प्रबंधित मतदान केन्द्र बनाए गए है। आदर्श मतदान केन्द्र 30 होंगे। 17 नवंबर को सुबह 08 बजे से शाम 05 बजे तक मतदान होगा। जिले के 15 लाख 73 हजार 905 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
जिले के 06 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण जारी
बिलासपुर/ जिले में विधानसभा आम निर्वाचन हेतु मतदान सामग्री वितरण का कार्य सुचारू रूप से जारी है। कोनी स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में आज सुबह से ही मतदान दल के अधिकारी कर्मचारी मतदान सामग्री स्थल में पहुंचकर निर्धारित काउंटर से मतदान सामग्री प्राप्त कर रहे हैं। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवनीश शरण ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान कर्मियों से बातचीत कर जानकारी भी ली। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर श्री कुणाल दुदावत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अजय अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिव कुमार बनर्जी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मतदान के दिन उम्मीदवारों को केवल 3 वाहनों के उपयोग की मिलेगी अनुमति
मनेन्द्रगढ/विधानसभा का चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार मतदान के दिन केवल तीन वाहन का ही उपयोग कर सकेंगे। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वाहनों के दुरूपयोग को रोकने निर्वाचन अपराधों को नियंत्रित करने और मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक वाहनों से लाने-ले-जाने पर रोक लगाने के लिए जारी निर्देशों में कहा गया है। विधानसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्येक उम्मीदवार को मतदान के दिन संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र में किसी भी प्रकार के दो, तीन या चार पहिया वाहनों में से केवल तीन वाहनों के उपयोग की अनुमति होगी। आयोग ने कहा है कि इसमें से एक वाहन का उपयोग उम्मीदवार खुद अपने लिए कर सकेगा। जबकि दूसरे वाहन का उपयोग उसके निर्वाचन अभिकर्ता और तीसरे वाहन का उपयोग कार्यकर्ताओं के लिए किया जा सकेगा। तीन से अधिक वाहनों के संचालन की स्थिति में इसे भ्रष्ट आचरण माना जायेगा व निर्वाचन नियमों के तहत दोषी उम्मीदवार के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी । निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को मतदान के दिन खुद के लिए, निर्वाचन अभिकर्ता के लिए और कार्यकर्ताओं के लिए प्रयुक्त किये जाने वाले तीनों वाहनों के लिए अग्रिम रूप से संबंधित रिटर्निंग अधिकारी या प्राधिकृत अधिकारी से अनुज्ञा पत्र प्राप्त कर लेनी चाहिए। आयोग ने कहा है कि इन अनुमति प्राप्त वाहनों में ड्राइवर सहित पांच से अधिक व्यक्ति सवार नहीं हो सकेंगे। इसी तरह उम्मीदवार या उसके चुनाव एजेंट की अनुपस्थिति में इन वाहनों का उपयोग नहीं किया जा
जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रेसवार्ता कर दी निर्वाचन से संबंधित जानकारी
मनेन्द्रगढ़/ किसी भी मतदान क्षेत्र में मतदान समाप्ति के लिए निर्धारित समय के साथ समाप्त होने वाली 48 घंटों की अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के वाहनों पर या किसी भी अन्य तरीके से लगे लाउडस्पीकर का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी। मतदान, पुनर्मतदान के अंतिम 48 घंटों के दौरान शराब की दुकान बंद रहेंगी। धारा (लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की 135 सी)। अंतिम 48 घंटों के दौरान यानी मतदान बंद होने से 48 घंटे पहले, चुनाव वाले निर्वाचन क्षेत्र में राजनीतिक पदाधिकारियों के जो उस क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, के रहने पर प्रतिबंध होगा। विश्राम गृह के कमरे किसी भी व्यक्ति को अंतिम 48 घंटे में आवंटित नहीं किए जाएंगे। सभी दलों और उम्मीदवारों को मतदान समाप्ति के लिए निर्धारित समय के साथ समाप्त होने वाली 48 घंटों की अवधि के दौरान सार्वजनिक सभा एवं जुलूस का आयोजन नहीं किया जाएगा। (लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 126(1), 1951)। मतदान समाप्ति के लिए निर्धारित समय के साथ समाप्त होने वाली 48 घंटे की अवधि के दौरान उम्मीदवार सिनेमैटोग्राफ, टेलीविजन या अन्य समान उपकरण के माध्यम से किसी भी निर्वाचन से संबंधित सामग्री को जनता के सामने प्रदर्शित नहीं कर सकता है। (संदर्भरू लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126)। किसी भी जनमत सर्वेक्षण या एग्जिट पोल के परिणाम को किसी भी समय प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक या किसी अन्य मीडिया द्वारा किसी भी तरीके से प्रकाशित, प्रचारित या प्रसारित करने पर 30 नवम्बर 2023 के 6.30 शायं तक प्रतिबंध होगा। प्रिंट मीडिया पर राजनैतिक विज्ञापन या प्रचार सामग्री का अंतिम 48 घंटे में प्रकाशन के पूर्व प्रमाणन आवश्यक होगा।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त विशेष प्रेक्षकों ने की चुनावी तैयारियों की समीक्षा/मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सुगम एवं समावेशी मतदान के लिए पूरी तैयारी करने दिये निर्देश/अंतिम समय में जांच एवं कार्रवाई में लाएं तेजी
बिलासपुर/भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए नियुक्त विशेष प्रेक्षकों द्वारा आज जिले में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गयी। विशेष सामान्य प्रेक्षक श्री धर्मेन्द्र गंगवार, विशेष व्यय प्रेक्षक श्री राजेश टुटेजा एवं पुलिस प्रेक्षक श्री अनिल कुमार शर्मा सहित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने आज जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में ऑब्जर्वर, रिटर्निंग अफसर, नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर 17 नवंबर को मतदान दिवस पर मतदाताओं द्वारा सुगम मतदान सुनिश्चित करने के लिए की गयी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होने मल्टीबूथ लोकेशन में भी मतदाताओं द्वारा सुगम मतदान के लिए सारी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हैप्पी वोटिंग पर जोर दिया। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए 72 घंटे में जांच एवं कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। होम वोटिंग की सुविधा लेने के बाद छूटे 80 वर्ष या उससे अधिक बुजुर्ग और दिव्यांगजनों को मतदान केन्द्र तक ले जाने के लिए परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने कहा। मतदाता मित्रों द्वारा इन्हें मतदान केन्द्र तक ले जाया जाएगा। परिवहन की सुविधा मुहैया कराए जाने की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखते हुए प्रत्याशियों को इसकी सूचना दी जाए।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवनीश शरण ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के लिए जिले में अब तक की गयी तैयारियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन के लिए पूरी तैयारी कर ली गयी है। उन्होेने बताया कि बिलासपुर जिले के 1691मतदान केन्द्रों से मतदान होगा। इनमें बिल्हा विधानसभा के 118 मतदान केन्द्र मुंगेली जिले में एवं कोटा विधानसभा के 64 मतदान केन्द्र जीपीएम जिले में आते है। जिले में 15 लाख 73 हजार 905 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रेक्षकों ने सभी 6 विधानसभा में सबसे कम मतदान वाले 10 पोलिंग बूथ को चिन्हांकित कर वहां मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप के तहत विशेष अभियान चलाने कहा। जिले के लिए नियुक्त प्रेक्षकों को भी ऐसे केन्द्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। मल्टी बूथ लोकेशन वाले मतदान केन्द्रों में मतदाताओं को पूरी सुविधा पेयजल शौचालय एवं अन्य सुविधा प्रदान करना है। मतदाताओं को मतदान केदो में कतार लगने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होना चाहिए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि प्रचार समय समाप्त होने के बाद निगरानी और तेज कर दें। कल 15 तारीख को शाम को 5 बजे प्रचार का समय समाप्त होने के बाद जिले की सीमा में चौकसी बढ़ा दी जाए। सभी वाहनों की कड़ाई से जांच करें। मतदान दिवस अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दिन मतदाताओं को लुभाने चाली चीजों का वितरण किए जाने की संभावना को देखते हुए विशेष तौर पर स्लम एरिया में एफएसटी की टीम तैनात करें। शाम होने के पहले सभी मतदान दल अपने गंतव्य तक पहुंच जाए। सामग्री वितरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए सेक्टर ऑफिसर की ड्यूटी लगा दे। कल शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा और स्टार प्रचारक की रैली पर जिला प्रशासन को नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार सिंह ने चुनाव मे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की गयी तैयारियों की जानकारी दी। पुलिस प्रेक्षक ने निर्देश दिए कि विशेष अभियान चलाकर 3 दिन निगरानी दल विशेष तौर पर सतर्क रहें। संदिग्ध लगने पर सरकारी वाहन और एम्बुलेंस की भी जांच की जाए। नकद रकम के अलावा जनधन खाते में अचानक अधिक राशि के ट्रांजेक्शन पर बारीकी से नजर रखें। इसकी मॉनिटरिंग के लिए अलग से किसी अधिकारी को नियुक्त किया जाए।
मिल रहा है जनता का प्रेम और समर्थन जीत के करीब - महेश प्रसाद
मनेंद्रगढ़ विधान सभा भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के प्रत्यासी महेश ने कहा मनेंद्रगढ़ विधान सभा के सभी मेरे भाई बंधु माताओं बहनों को दीपावली की ढेर सारी शुभकामनाएं बधाई महेश प्रसाद के कहा भाजपा के प्रत्यासी रोजगार देने की बात कर रहे है मैं पूछना चाहता हु की 15 वर्ष भाजपा की सरकार थी इन लोगो ने चिरमिरी मनेंद्रगढ़ खड़गवां की जनता को कितना रोजगार दिया यह केवल छलने का काम कर रहे है आज बेरोजगारी इतनी बढ़ गई है की आम जनता इन दोनो पार्टियों से परेशान है जनता जान चुकी है की इनसे अब कुछ नही होगा महेश प्रसाद ने कहा मैं सबसे पहले अपने क्षेत्र में रोजगार कि व्यवस्था करूंगा जिसकी रणनिती बना चुका हु और चिरमिरी की स्थायित्व करना मेरा कर्तव्य है मनेंद्रगढ़ खडगवा को लघु उद्योग के माध्यम से रोजगार मिलेगा और क्षेत्र में विकास का कार्य होगा जनता जान जाएगी की इन्होंने किया क्या है महेश प्रसाद ने कहा हमारी पार्टी भ्रटाचार को जड़ से खत्म करने आई है यह आने वाला समय बताएगा की भारतीय शक्ति चेतना पार्टी का लक्ष्य क्या है।
पुलिस कर्मियों के लिए 10 से 14 नवम्बर तक डाक मतदान की व्यवस्था
बिलासपुर/कानून व्यवस्था में लगे पुलिस कर्मियों के लिए जिला कार्यालय परिसर में डाक एवं इडीसी के जरिए मतदान की व्यवस्था की गई है। मंथन सभागार के ऊपर बड़े हॉल में 10 से 14 नवम्बर तक कार्यालयीन समय में मतदान किया जा सकता है। पात्र मतदाता अपना कोई पहचान पत्र के साथ उपस्थित होकर अपने मताधिकार का उपयोग कर सकते हैं। फार्म 12 प्रस्तुत करने वाले सभी पुलिस कर्मियों को मतदान की सुविधा उपलब्ध होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवनीश शरण ने पुलिस अधीक्षक को पत्र जारी कर ड्यूटी में लगे सभी पुलिस कर्मियों को डाक मतदान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं।
शहर के तीन अपराधियों पर जिला बदर की कार्रवाई/शांतिपूर्ण मतदान के लिए कलेक्टर ने जारी किए आदेश
बिलासपुर/शांतिपूर्ण माहौल में विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अवनीश शरण ने शहर के तीन गुण्डों के विरूद्ध जिला बदर की कार्रवाई की है। उन्हें 24 घण्टे के भीतर बिलासपुर जिले से बाहर रहने के आदेश दिए हैं। इनमें सुहेल खान उम्र 22 वर्ष खपरगंज, सुनील कुर्रे अमेरी एवं राहुल माखीजा शांतिनगर सकरी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट एवं सुनवाई के उपरांत जिला दण्डाधिकारी ने 6 तारीख को जिला बदर की कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को छह महीने के लिए बिलासपुर जिला छोड़ने के आदेश दिए हैं। राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की विभिन्न धाराओं के तहत जिला दण्डाधिकारी ने आदेश जारी किये हैं। बिलासपुर राजस्व जिला सहित आसपास के जिले-जांजगीर चाम्पा, कोरबा, मंुगेली, गौरेला पेण्ड्रा मारवाही तथा बलौदाबाजार जिले की सीमा से छह महीने बाहर रहना होगा। शहर की विभिन्न थानों में इन बदमाशों के विरूद्ध मारपीट, गुण्डागर्दी, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी, चोरी, हत्या का प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मतदान दलों को किया रवाना निष्पक्षता-गोपनीयता व सावधानी से मतदान करने दिए निर्देश
शहरी मतदाताओं को मतदान करने प्रचार रथ से जनजागरण/कम मतदान केन्द्रों में ऑडियो से मतदान करने का संदेश
कोरिया/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कोरिया श्री विनय कुमार लँगेह के निर्देश पर कोरिया जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 03 बैकुण्ठपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शहरी मतदाताओं को मतदान हेतु प्रोत्साहित करने और कम प्रतिशत वाले मतदान क्षेत्रो में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से नगरपालिका क्षेत्र बैकुण्ठपुर एवं शिवपुर-चरचा नगरपालिका क्षेत्र में मतदाता प्रचार रथ के माध्यम से मतदताओं को मतदान हेतु प्रोत्साहित करने का कार्य चल रहा है।
स्वीप के नोडल अधिकारी जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि इन प्रचार रथ में आकर्षक पोस्टर्स के माध्यम से मतदाताओं को मतदान करने हेतु आमंत्रित किया गया है। मतदाता प्रचार रथ में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अपील भी लगाई गई है जिसमे क्षेत्र के मतदाताओं को बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की गई है।
प्रचार रथ में मतदाता जागरूकता के गीत के साथ साथ मतदान केंद्र में क्या करें और क्या न करें सम्बन्धी ऑडियो संदेश चलाये जा रहे हैं। प्रचार रथ में स्वीप स्लोगन एवं स्थानीय स्तर पर तैयार किये गए मतदाता गीत का भी प्रसारण चल रहा है। आगामी 15 नवम्बर तक ये प्रचार रथ नगरपालिका क्षेत्र में लगातार लोगो को मतदान के लिए जनजागरण में लगे रहेंगे।
80 बरस के बुजुर्ग और 40 प्रतिशत दिव्यांग मतदाताओं को घर में मतदान कराने की व्यवस्था/मतदान अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण/7 से 9 नवम्बर तक चलेगा अभियान
कोरिया / विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2023 के तहत विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 03, बैकुंठपुर के लिए आज जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी की मौजूदगी में जिला पंचायत सभागार में मतदान दलों को प्रशिक्षण दिया गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार बीएलओ व मतदान अधिकारियो को प्रशिक्षण में बताया गया कि अनुपस्थित श्रेणी के ऐसे मतदाता जिनकी 80 या 80 वर्ष से अधिक उम्र के हैं एवं 40 प्रतिशत दिव्यांग मतदाता प्रारूप-12 घ में आवेदन प्रस्तुत कर पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान कर सकते हैं।
ऐसे मतदाताओं के मतदान के लिए बैकुंठपुर निर्वाचन के लिए 13 व सोनहत के लिए 3 रूट तैयार की गई है। मतदान अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर डाक मतपत्र के द्वारा मतदान सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है। निष्पक्षता व गोपनीयता को बनाए रखने के लिए मतदान दलों में एक बीएलओ, माइक्रो आब्जर्वर, पुलिस व वीडियोग्राफर भी साथ में रहेंगे। जानकारी के मुताबिक राजनीतिक दल, प्रत्याशी या अधिकृत प्रतिनिधि भी शामिल रह सकते हैं।
जिन मतदान दलों का गठन किया गया है, वह 7 से 9 नवम्बर तक सुबह 10 से शाम 5 बजे तक घर-घर जाकर कार्य करेंगे। बता दे बैकुंठपुर विधानसभा निर्वाचन में दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 2 हजार 90 है और 80 वर्ष ये उससे अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1 हजार 231 है।
डॉ. चतुर्वेदी ने मतदान अधिकारी से कहा कि फार्म भरवाते समय बहुत ही सावधानी पूर्वक दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जो लिफाफे दिया गया है, उसी लिफाफे में फार्म जमा करना है।
7 नवम्बर से 30 नवम्बर तक एक्जिट पोल के आयोजन और प्रसारण पर रहेगा प्रतिबंध
कोरिया/ छत्तीसगढ़ सहित पांच राज्यों में विधानसभा आम निर्वाचन के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग ने 7 नवम्बर से 30 नवम्बर तक किसी भी तरह के एक्जिट पोल के आयोजन तथा प्रसारण को प्रतिबंधित किया है। आयोग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों के तहत आयोग द्वारा इस अवधि के दौरान एक्जिट पोल के आयोजन तथा प्रसारण पर रोक लगाई गई है।
7 नवम्बर को सुबह सात बजे से 30 नवम्बर की शाम साढ़े छह बजे तक की अवधि को एक्जिट पोल के आयोजन और प्रसारण पर प्रतिबंधित अवधि के रूप में अधिसूचित किया है। इस अवधि में विधानसभा आम निर्वाचन के संदर्भ में किसी भी तरह के एक्जिट पोल का आयोजन करने तथा प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया द्वारा इसके परिणाम के प्रकाशन, प्रचार या किसी भी अन्य तरीके से प्रसारण पर रोक रहेगी।
आयोग ने अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया है कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 (1) (ख) के अधीन पांच राज्यों में साधारण निर्वाचन एवं उप निर्वाचन में संबंधित मतदान क्षेत्रों में मतदान की समाप्ति के लिए नियत समय पर समाप्त होने वाले 48 घंटों के दौरान किसी भी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में किसी भी ओपिनियन पोल या किसी अन्य मतदान सर्वेक्षण के परिणामों सहित किसी भी प्रकार के निर्वाचन संबंधी मामले के प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा।
अमित शाह का धमाका, मोदी का गारंटी 2023 लांच घोषणा पत्र पर भाजपा कोरिया की प्रेसवार्ता हुई संपन्न
कोरिया- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए मोदी गारंटी 2023 लॉन्च करते हुए बड़े राजनीतिक धमाके किए। भाजपा का संकल्प पत्र जारी करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करती है। हमने इस संकल्प पत्र में जो घोषणाएं की हैं, वह पूरी ईमानदारी के साथ लागू की जाएंगी। समय सीमा में लागू की जाएंगी और पूरी तरह लागू की जाएंगी।

सामान्य, पुलिस व व्यय प्रेक्षक ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों की ली बैठक
मनेन्द्रगढ़/ विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक श्री ललीत मोहन रयाल, पुलिस प्रेक्षक श्री के. वी. मोहनराव तथा व्यय प्रेक्षक श्री सौरभ नारायण नायक की उपस्थिति में शुक्रवार को निर्वाचन कार्य के लिए नियुक्त समस्त नोडल अधिकारी के साथ-साथ समस्त रिटर्निंग ऑफिसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की बैठक जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई थी। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, अपर कलेक्टर श्री अनिल सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री निमेश बरैया सहित निर्वाचन संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में व्यय प्रेक्षक श्री सौरभ नारायण नायक ने बताया कि प्रथम चरण मतदान समाप्ति के बाद दूसरे चरण के लिए निर्वाचन की अनेक गतिविधियां बढ़ जायेगी। इस लिए जिले के समस्त एफसीटी टीम एवं एसएसटी और अधिक सक्रिय हो जाये। इस दौरान कई निरीक्षण भी प्रारम्भ हो जायेंगे। समस्त नोडल अधिकारियों को व्यय से संबंधित लेखा जोखा को जांच परख कर तैयार करने के निर्देश दिये।
पुलिस प्रेक्षक के.वी. मोहन राव ने समस्त नोडल अधिकारी एवं निर्वाचन कार्य में रिटर्निंग अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा आम सभा, रैली, वाहन, साउण्ड सिस्टम के लिए उचित अनुमति हो। बिना अनुमति के कोई आम सभा, रैली, चुनाव प्रचार का कार्य किया जाता है तो उन पर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार त्तकाल कार्यवाई करें। कोई भी किसी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र का उपयोग न कर पाये इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होेंने एफएसटी टीम और एसएसटी टीम को जांच नाका पर सक्रियता बढ़ाने के साथ सजग रहने कहा। जिससे किसी प्रकार का मादक पदार्थ जिले में प्रवेश न कर पाये। उन्होंने आदर्श आचार संहिता के प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए संबंधितों को निर्देशित किया ताकि शुरुवात से ही निर्वाचन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जा सके।
सामान्य प्रेक्षक श्री ललीत मोहन रयाल ने समस्त अधिकारियों को मताधिकार का प्रयोग करने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि पोस्टल बैलेट पेपर कार्य काफी जटिल होता है। अधिकारी उसकी तैयारी अच्छे कर लें। उसका प्रमाणन भी अच्छे से कर लें। सारे लिफाफे सही क्रम में हो। वोटर स्लीप को बंडल में वितरण ना करें, बल्कि डोर टू डोर जाकर घर-घर वितरण कराये। उन्होंने बताया कि वितरण के दौरान उक्त वोटर इन्फॉरमेशन स्लीप का मतदाताओं से पंजी रजिस्टर में पावती अवश्य ले। साथ ही उन्होंने मतदाताओं तथा पोलिटिकल पार्टियों को मतदान देने के लिए एपीक कार्ड के अलावा 12 प्रकार के पहचान पत्र की जानकारी भी देने के निर्देश देते हुए कहा कि चुनाव स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण हो।
इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले में निर्वाचन के लिए किये गये तैयारियों की जानकारी देते हुए उन्होंने विधानसभा वार पोलिंग स्टेशन, वेब कास्टिंग, शैडो एरिया, जिले में निर्वाचन के लिए लगने वाले अमलों की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने 30 महिला मतदान केन्द्र, 10 मॉडल मतदान केन्द्र, 02 युवा मतदान केन्द्र तथा 02 पीडब्ल्यूडी मतदान केन्द्र के बारे में बताया। उन्होंने लोगों के लिए प्रारम्भ किये गये वोटर हेल्पलाइन, सक्षम, सी-वीजील, नो यौर कैंडिडेट, वोटर टर्न ऑउट तथा वोटर्स सर्विस पोर्टल तथा राजनीतिक दल के लिए सुविधा(अभ्यर्थी एप्प) के बारे में बताया। उन्होंने स्ट्रॉग रूम की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 466 मतदान केन्द्रों के लिए 04 स्ट्रॉग रूम मनेन्द्रगढ़, सी.जी. एसडब्ल्यूसी मनेन्द्रगढ़, कोटाडोल तथा बैकुण्ठपुर को बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने प्रेक्षकों का जिला से लगने वाली समस्त सीमाओं पर लगे एसएसटी टीम की जानकारी देते कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार कार्यवाहियां की जा रही है। उन्होंने मध्य प्रदेश से आने वाली शराब, मादक पदार्थ गांजा तथा सोने-चांदी पकडे़ जाने की कार्यवाहियों के बारे में बताया। इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, विवेचक तथा आरक्षकों को निर्वाचन के दौरान किस प्रकार ड्यूटी करना है तथा पुलिस को क्या करना है और क्या नहीं करना है की जानकारी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल को वितरण के लिए चुनाव संबंधी निर्देशिका का विमोचन प्रेक्षकों उपस्थिति में कराया।
सामान्य प्रेक्षक की अध्यक्षता में मशीनों का अंतिम रेंडमाइजेशन
मनेन्द्रगढ़/सामान्य प्रेक्षक श्री ललीत मोहन रयाल की अध्यक्षता में आज जिला कायार्लय सभा कक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा रिटर्निंग अधिकारी विधानसभा क्रमांक 01 तथा विधानसभा क्रमांक 02 की उपस्थिति में मतदान केन्द्रों में निर्वाचन हेतु उपयोग होने वाले मशीनों का अंतिम रेंडमाईजेशन किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को रेंडमाईजेशन की प्रक्रिया से अवगत कराया। आर ओ मूल चंद चोपड़ा, श्रीमती अभिलाषा पैकरा, डिप्टी कलेक्टर प्रवीण कुमार भगत, डीआईओ अभिजीत कौशिक, राज कुमार खाती रेंडमाईजशन में उपस्थित रहे।
सर्व प्रथम विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 01 भरतपुर-सोनहत के लिए मशीनों का रेंडमाइजेशन करते हुए प्रोग्रामर श्री उपेन्द्र कुमार ने बताया कि इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 310 मतदान केन्द्र है। जिसके लिए 372 बीयू, 372 सीयू तथा 403 वी.वी. पैट मशीनों का एलोकेशन किया गया है। 03 बार रेंडमाईजेशन करने के पश्चात् प्रतिनिधियों की सहमति से रेंडमाईजेशन को फाइनलाईज किया गया। इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 02 मनेन्द्रगढ़ के कुल 156 मतदान केन्द्र बनाया गया है। जिसके लिए 187 बीयू, 187 सीयू तथा 202 वी.वी.पैट मशीनों का ऐलोकेशन किया गया है। इस विधानसभा के लिए एक बार रेंडमाइजेशन करने के बाद प्रतिनिधियों की सहमति पश्चात रेंडमाइजेशन फाइनलाइज किया गया है। इसके बाद फाइनलाइज किये गये रेंडमाइजेशन का प्रिंट आउट निकाला गया। तत्पश्चात प्रेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग ऑफिसर तथा उपस्थित समस्त अभ्यार्थियों के प्रतिनिधियों से हस्ताक्षर कराने के बाद उन्हें फाइनल रेंडमाइजेशन की प्रतियां प्रदान की गयी।
रेंडमाईजेशन के दौरान अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों में कांग्रेस से सौरभ मिश्रा, राजेश साहू, भाजपा से मनोज शुक्ला, राम नरेश राय, जेसीसीजे से के.दुर्गा राव, शिरीष नायर, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से केवल सिंह मरकाम, गण सुरक्षा पार्टी से अरूणा पनिका, छत्तीसगढ़िया पार्टी से अयोध्या प्रसाद, संतोषी, भारतीय राष्ट्रीय चेतना पार्टी से ओमकार पाण्डेय, निर्दलीय से राम रंगीला साहू, रघुवीर चौहान उपस्थित थे।
प्रेक्षकों की उपस्थिति में मतदान दलों का द्वितीय रेंडमाइज़ेशन सम्पन्न
मनेन्द्रगढ़/ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-01 भरतपुर सोनहत एवं क्षेत्र-02 मनेंद्रगढ़ के सामान्य प्रेक्षक श्री ललीत मोहन रयाल, व्यय प्रेक्षक श्री सौरभ नारायण नायक तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार दुग्गा की उपस्थिति में शुक्रवार को जिला कार्यालय के सभा कक्ष में एमसीबी के 388 मतदान केन्द्रों में निर्वाचन कराने हेतु मतदान दलों का द्वितीय जिला स्तरीय रेण्डमाईजेशन किया गया। जिले के 388 मतदान दलों में से पिंक मतदान दल 30, दिव्यांग मतदान दल 2 और युवा मतदान दल 2 का द्वितीय रेण्डमाईजेशन किया गया। 110 मतदान केंद्रों में मतदान अधिकारी क्रमांक 3 के रूप में महिलाओं को नियोजित किया जाएगा। मतदान दलों का द्वितीय रेण्डमाईजेशन के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनिल कुमार सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमेश बरैया, रिटर्निंग आफिसर श्रीमती अभिलाषा पैकरा एवं श्री मूलचंद चोपड़ा, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रवीण भगत, श्री प्रीतेश राजपूत एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। रेंडमाईजेशन की समस्त कार्यवाही डीआईओ श्री अभिजीत कौशिक के द्वारा किया गया।
एफएसटी टीम की कार्रवाई, चेकिंग के दौरान 69 हजार नगद बरामद
बिलासपुर/जिले में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवनीश शरण के मार्गदर्शन में स्वतंत्र, निष्प्क्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन कराने के लिए एफएसटी एवं एसएसटी की टीम पूरी मुस्तैदी और सतर्कता से काम कर रही है। इन टीमों द्वारा अवैध नगद और सामग्री जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। मस्तूरी एफएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज दोपहर को रिसदा चेक पोस्ट से चेकिंग के दौरान 69 हजार रूपए नगद बरामद किए हैं। रिसदा चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच के दौरान एफएसटी टीम के श्री आर के गुप्ता ने सारंगढ़ जिले के ग्राम बरमकेला निवासी श्री लाभोराम सिदार के वाहन की तलाशी के दौरान 69 हजार रूपए नगद बरामद किए हैं। उनसे जब इस नगदी के बारे में पूछताछ की गयी तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए जिसके आधार पर नोटिस जारी कर वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर जब्ती की कार्रवाई की गयी।
मतदान के 48 घंटे पूर्व बंद रहेगी मदिरा दुकानें
बिलासपुर/जिले में विधानसभा आम चुनाव 2023 को निर्विघ्न एवं निष्पक्षतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से 15 नवम्बर से 17 नवम्बर मतदान समाप्ति तक जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया है। इस दौरान जिले की सभी मदिरा दुकानें बंद रखने के आदेश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बिलासपुर श्री अवनीश शरण ने छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 की उपधारा (1) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले में स्थित समस्त देशी मदिरा एवं विदेश मदिरा फुटकर दुकानों, रेस्टोरेण्ट, बार, क्लब आदि की समस्त दुकानों, भण्डारण, भण्डार गृह गतौरी बिलासपुर को मतदान समाप्ति के 48 घंटे के पूर्व अर्थात 15 नवम्बर 2023 की शाम 5 बजे से 17 नवम्बर 2023 को मतदान समाप्ति तक शुष्क अवधि/शुष्क दिवस घोषित किया है एवं समस्त मदिरा दुकानों को उक्त अवधि में पूर्णतः बंद रखे जाने का आदेश दिया है। उपरोक्त आदेश का पालन कड़ाई से किये जाने के निर्देश कलेक्टर द्वारा पुलिस विभाग एवं आबकारी विभाग को दिये गये है।












