Breaking News
ताज़ातरीन
एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बने सी.पी. राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई
रायपुर। भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस महत्वपूर्ण घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा:
"सी.पी. राधाकृष्णन का व्यक्तित्व सुयोग्य, कर्मठ और प्रेरणादायी है। उन्होंने हमेशा संगठन और समाज को मजबूत करने का कार्य किया है। ऐसे अनुभवी नेता का उपराष्ट्रपति पद के लिए चयन लोकतंत्र और राष्ट्र के लिए गौरव की बात है।"
एक समर्पित और सादा जीवन जीने वाले नेता
सी.पी. राधाकृष्णन भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और संगठनात्मक कार्यों में दशकों से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वह तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में सेवा दे रहे हैं। अब एनडीए द्वारा उन्हें देश के द्वितीय सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए उम्मीदवार बनाए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर है।
राजनीतिक अनुभव और सादगी उनकी ताकत
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राधाकृष्णन का गहन प्रशासनिक अनुभव, संगठनात्मक दक्षता और सादगीपूर्ण कार्यशैली उन्हें उपराष्ट्रपति जैसे गरिमामयी पद के लिए उपयुक्त बनाती है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भरोसा जताया कि:
“राधाकृष्णन जी अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से देश को नई दिशा देंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत करेंगे।”
छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश की चेतावनी, 18 से 21 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश के आसार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बीते तीन दिनों से रात में जमकर बारिश हो रही है, जिससे मौसम में हल्की ठंडक घुल गई है। हालांकि दिन में तेज धूप और उमस से लोग परेशान हैं।
अब मौसम विभाग ने एक और चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में 18 अगस्त के आसपास नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है, जिससे प्रदेश में झमाझम बारिश होने के पूरे आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, 18 से 21 अगस्त के बीच छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। विशेष रूप से रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, कांकेर, जगदलपुर और अंबिकापुर जैसे जिलों में अच्छी बारिश की संभावना है।
रात की बारिश, दिन में धूप और उमस
राज्य के दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग में पिछले कुछ दिनों से हल्की बारिश हो रही है। रविवार रात को भी रायपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, दिन में चटक धूप और अधिक नमी के कारण गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल पा रही है।
अगले 3–4 दिन सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने नागरिकों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है। जलभराव वाले क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है, और किसानों को भी बारिश के मद्देनज़र सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।
बीजापुर में नक्सलियों ने किया IED ब्लास्ट, DRG का एक जवान शहीद, तीन घायल
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक दर्दनाक और चिंताजनक खबर सामने आई है। नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED बम में हुए विस्फोट में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) का एक जवान शहीद हो गया है, जबकि तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीजापुर जिले के उसूर क्षेत्र के उल्लूर जंगल में हुआ, जहाँ DRG की टीम नक्सल विरोधी सर्चिंग ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED विस्फोटक में जोरदार धमाका हो गया।
घायलों को तुरंत इलाज के लिए भोपालपटनम अस्पताल ले जाया गया है, जबकि एक जवान ने मौके पर ही शहादत दे दी। बाकी तीन घायल जवानों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, लेकिन वे खतरे से बाहर हैं।
सुरक्षा बलों ने इलाके में सघन सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है। घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिए गए हैं, ताकि दोबारा किसी प्रकार की नक्सली हरकत को रोका जा सके।
सरकारी प्रतिक्रिया का इंतजार:
अब तक किसी वरिष्ठ अधिकारी या प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन इस हमले को सुरक्षा बलों पर कायराना हमला माना जा रहा है।
शहीद जवान को नमन। उनकी वीरता और बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा।
मंत्री ओपी चौधरी ने केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को दी जन्मदिन की बधाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी ने सोमवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। मंत्री चौधरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा:
"केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व और समर्पण ने देश की आर्थिक प्रगति को नई दिशा दी है। आपके कुशल मार्गदर्शन में भारत निरंतर समृद्धि की ओर अग्रसर हो। प्रभु श्रीराम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं।"
मंत्री चौधरी के इस संदेश को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से सराहा जा रहा है।
92 नक्सलियों का सफाया करने वाले जांबाज अफसर लक्ष्मण केंवट को मिलेगा शौर्य चक्र, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पखांजूर के वीर पुलिस अधिकारी लक्ष्मण केंवट को उनकी अद्वितीय बहादुरी और अदम्य साहस के लिए भारत सरकार द्वारा शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जल्द ही उन्हें यह सम्मान प्रदान करेंगी।
लक्ष्मण केंवट ने अब तक 36 से ज्यादा बड़े ऑपरेशनों का नेतृत्व करते हुए 92 कुख्यात नक्सलियों को ढेर किया है। 2007 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए लक्ष्मण की पहली बस्तर पोस्टिंग 2012 में बीजापुर जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र में हुई थी, जहाँ का भयावह माहौल देख वह भी दुविधा में पड़ गए थे — लेकिन चुनौतियों से भागने के बजाय उन्होंने जंग का रास्ता चुना।
"अगर हम डर कर नौकरी छोड़ देंगे तो यहां के आम लोग किस पर भरोसा करेंगे?" — इस सोच ने उन्हें नक्सलियों के खिलाफ़ लड़ने का संकल्प दिलाया।
2014 में पहला एनकाउंटर, फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा
23 मार्च 2014 को उन्होंने अपना पहला सफल एनकाउंटर किया, जिसमें उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिला। इसके बाद वह लगातार एक के बाद एक अभियानों में शामिल होते रहे।
कलपर पहाड़ी ऑपरेशन बना टर्निंग पॉइंट
16 अप्रैल 2023 को लक्ष्मण केंवट ने कलपर की पहाड़ियों में 187 जवानों की टीम का नेतृत्व करते हुए 29 नक्सलियों का सफाया किया। इस ऑपरेशन के बाद पूरे बस्तर में पुलिस बल का मनोबल नई ऊंचाइयों पर पहुंचा और कई सफल कार्रवाइयां की गईं।
बुलेट पर गिनती खुद लिखवाते हैं
हर एनकाउंटर के बाद लक्ष्मण अपनी बुलेट पर मारे गए नक्सलियों की संख्या खुद अंकित करवाते हैं। अभी तक उनकी बाइक पर लिखा है “अब तक 83…”, हालांकि वह कहते हैं कि, “92 इतनी जल्दी हो गया कि अपडेट ही नहीं करवा पाया।”
हाल ही के बड़े ऑपरेशन में मारे गए टॉप नक्सली
मानपुर क्षेत्र में हाल ही में हुए एक ऑपरेशन में दो कुख्यात नक्सली विजय रेड्डी और लोकेश सलाम को भी मार गिराया गया। अब लक्ष्मण अपने 100 नक्सलियों को ढेर करने के लक्ष्य से महज 8 कदम दूर हैं।
यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, पूरे बस्तर की बहादुरी और संघर्षशीलता की पहचान है।
टीआई लक्ष्मण केंवट जैसे अफसरों की बहादुरी ही है जो नक्सल प्रभावित इलाकों में एक नया विश्वास जगा रही है।
सीपी राधाकृष्णन NDA के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार होंगे,नड्डा ने किया ऐलान..
महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन NDA के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे। रविवार को हुई भाजपा संसदीय दल की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी। नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राधाकृष्णन के नाम का ऐलान किया।
DMF घोटाला: 4 अधिकारी और 4 ठेकेदारों पर FIR, माया वारियर पहले से जेल में
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हुए बहुचर्चित खनिज न्यास मद (DMF) घोटाले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस ने इस मामले में चार शासकीय अधिकारियों और चार ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस घोटाले में पूर्व सहायक आयुक्त माया वारियर पहले से ही जेल में बंद हैं।
यह मामला वर्ष 2021-22 का है, जब केंद्र सरकार ने कोरबा जिले के जर्जर छात्रावासों और आश्रमों के जीर्णोद्धार के लिए राशि स्वीकृत की थी। उस दौरान कलेक्टर रानू साहू कोरबा में पदस्थ थीं, जिन्होंने अपने करीबी माया वारियर को आदिवासी विकास विभाग का सहायक आयुक्त नियुक्त कराया। इसके बाद डीएमएफ फंड में भारी आर्थिक अनियमितताओं की शुरुआत हुई।
80 लाख की कार्य योजना में गड़बड़ी
सूत्रों के मुताबिक, छात्रावासों की मरम्मत के लिए केंद्र की राशि मिलने के बावजूद, अधिकारियों ने उसी काम के लिए DMF फंड से भी बजट स्वीकृत करवा लिया। कुल मिलाकर 80 लाख रुपये की कार्य योजना बनाई गई और कार्य का आवंटन साईं ट्रेडर्स, पालीवाल बुक डिपो, आईटीआई रामपुर, श्री साईं कृपा बिल्डर्स छुरी, एसएसए कंस्ट्रक्शन चैतमा, और बालाजी इंफ्रास्ट्रक्चर कटघोरा जैसी फर्मों को किया गया।
जांच में सामने आया कि चार कार्य तो शुरू ही नहीं किए गए, लेकिन उनका भुगतान कर दिया गया। बाकी कार्यों की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई, फिर भी भौतिक सत्यापन के बिना भुगतान कर दिया गया। यह भी खुलासा हुआ कि कई मामलों में आदेशों की प्रति और सरकारी दस्तावेज तक गायब कर दिए गए हैं।
जांच के बाद FIR, कई बड़े नाम घिरे
प्रशासनिक स्तर पर की गई जांच के बाद मामला गंभीर पाया गया। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर सिविल लाइन थाने (रामपुर) में आर्थिक अनियमितता और दस्तावेज गायब करने के आरोपों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
माया वारियर, तत्कालीन सहायक अभियंता, उप अभियंता, और डाटा ऑपरेटर, साथ ही चार ठेकेदारों पर अब मामला दर्ज हो चुका है।
400 करोड़ के घोटाले की परतें खुल रही हैं
बताया जा रहा है कि कांग्रेस शासनकाल में यह घोटाला करीब 400 करोड़ रुपये तक का हो सकता है। माया वारियर की गिरफ्तारी के बाद अब अन्य अधिकारियों और ठेकेदारों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। इस मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है।
नक्सल फंडिंग को बड़ा झटका: 14 लाख कैश जब्त, 19 लाख के 4 इनामी नक्सलियों ने किया सरेंडर
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल विरोधी अभियान को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षा बलों के समक्ष आज डीवीएस सदस्य दीपक मंडावी समेत चार इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इन पर कुल मिलाकर 19 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वालों में दो पुरुष और दो महिला नक्सली शामिल हैं, जिनमें दीपक मंडावी के साथ-साथ कैलाश, रानिता और सुजाता के नाम प्रमुख हैं।
ये सभी नक्सली धमतरी-गरियाबंद-नुआपड़ा डिवीजन कमेटी में वर्ष 2013 से सक्रिय थे। आत्मसमर्पण के बाद नक्सलियों की निशानदेही पर करीब 14 लाख रुपये नकद, 31 जिंदा कारतूस, दो खाली मैगजीन, डेटोनेटर, 8 बीजीएल शेल, 12 बोर राउंड और नक्सली साहित्य बरामद किया गया। बताया गया कि यह रकम नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखी गई थी, जिसका उपयोग नक्सली गतिविधियों और फंडिंग में किया जाना था।
नक्सली संगठन में बढ़ती टूट
रायपुर रेंज आईजी अमरेंद्र मिश्रा और आईजी नक्सल ऑपरेशन अंकित गर्ग ने गरियाबंद मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस साल जनवरी में केंद्रीय समिति सदस्य जयराम उर्फ चलपथी समेत 16 नक्सलियों के मारे जाने के बाद नक्सली संगठन में आंतरिक टूट और मनोबल में गिरावट देखी जा रही है।
सुरक्षा बलों के मुताबिक, सक्रिय माओवादी नेटवर्क पर आर्थिक चोट से भी संगठन की कमर टूट रही है। नक्सल फंडिंग की बड़ी रकम जब्त होने से यह स्पष्ट है कि संगठन की वित्तीय रीढ़ को कमजोर किया जा रहा है।
राज्य सरकार की पुनर्वास नीति का असर
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने सरकार की पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों की रणनीति से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है। प्रशासन द्वारा इन्हें कानून के तहत सभी आवश्यक सहायता और पुनर्वास पैकेज उपलब्ध कराया जाएगा।
बीमारियों के उपचार में नई तकनीकों की अहम भूमिका: राज्यपाल रमेन डेका
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि सभ्यता के विकास के साथ बीमारियाँ भी बढ़ी हैं और हमारी बदलती जीवनशैली ने स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव डाला है। उन्होंने कहा कि बीमारियों के निदान और उपचार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक सर्जरी और अन्य आधुनिक तकनीकों की भूमिका आज अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है।
राज्यपाल डेका एम्स रायपुर में आयोजित नाक, कान, गला (ENT) विशेषज्ञों के वार्षिक सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। यह तीन दिवसीय सम्मेलन 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के दिन शुरू हुआ, जिसे राज्यपाल ने राष्ट्रीय गौरव से जोड़ते हुए विशेष बताया।
राज्यपाल ने कहा कि यह सम्मेलन स्वास्थ्य और चिकित्सा अनुसंधान के लिए एक प्रभावी मंच है। उन्होंने ENT से जुड़े उन जटिल मामलों की ओर ध्यान दिलाया, जो सिर व गले के कैंसर से संबंधित हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में तंबाकू सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति को चिंताजनक बताते हुए इस दिशा में समाज और विशेषज्ञों को मिलकर काम करने का आव्हान किया।
जनजागरूकता और नवाचार पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि बहरापन जैसी समस्याएँ जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित करती हैं, लेकिन सरकार द्वारा संचालित कई योजनाएं इस चुनौती से निपटने में मदद कर रही हैं। उन्होंने आशा जताई कि यह सम्मेलन जनजागरूकता बढ़ाने और क्षमता निर्माण में भी अहम भूमिका निभाएगा।
एम्स रायपुर की सराहना करते हुए राज्यपाल डेका ने कहा कि संस्थान तेजी से चिकित्सा और स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में एक उत्कृष्ट केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन नवाचार को प्रोत्साहित करते हैं और उभरती चुनौतियों के समाधान तलाशने में सहायक होते हैं।
सम्मेलन में विशेषज्ञों का जमावड़ा
कार्यक्रम में देश और विदेश से आए चिकित्सा विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और गर्मजोशी भरे आतिथ्य का उल्लेख किया।
इस अवसर पर एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. अशोक जिंदल ने सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, वहीं पूर्व निदेशक डॉ. नीतिन नागरकर और डॉ. रेणु राजगोपाल ने भी अपने विचार साझा किए।
ऑपरेशन बाज में बड़ी सफलता: ब्राउन शुगर और चरस के साथ दो तस्कर पकड़े गए, एक नाबालिग भी शामिल
रायपुर। भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के तहत छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत रायपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस विशेष अभियान में ब्राउन शुगर और चरस की तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक एस.आर. घृतलहरे व नवनीत पाटिल के पर्यवेक्षण में 16 अगस्त 2025 को यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक बिलासपुर से मोटरसाइकिल पर ब्राउन शुगर और चरस की तस्करी करते हुए मुंगेली की ओर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर थाना जरहागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम छतौना (थाना जरहागांव) में मेन रोड पर घेराबंदी कर शाम 7:05 बजे संदिग्ध बाइक को रोका गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत गवाहों के समक्ष तलाशी ली गई।
बरामद सामग्री:
-
ब्राउन शुगर – 4.03 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹8,000
-
चरस – 20.18 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹40,000
-
2 मोबाइल फोन, जिनमें एक आईफोन (कुल कीमत ₹1,10,000)
-
तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक – कीमत ₹50,000
कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत ₹2,80,000 आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
-
दिवी उर्फ बाबू पाठक (24 वर्ष), निवासी रामगोपाल वार्ड, मुंगेली
-
विधि से संघर्षरत बालक (नाम उजागर नहीं किया गया)
दिवी पाठक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि नाबालिग को कानूनी प्रक्रिया के तहत अभिरक्षा में लेकर सामाजिक पृष्ठभूमि का परीक्षण किया गया। दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21, 22 के तहत थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 111/15 दर्ज किया गया है। दोनों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं को आखिरी अल्टीमेटम, कोर्ट ने दी संपत्ति कुर्की की अनुमति – पेश नहीं हुए तो होगी बड़ी कार्रवाई
रायपुर। राजधानी रायपुर के कुख्यात सूदखोर हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई ने अब निर्णायक मोड़ ले लिया है। न्यायालय ने पुलिस द्वारा दाखिल संपत्ति कुर्की याचिका को मंजूरी दे दी है और रायपुर कलेक्टर को चार संपत्तियों की कुर्की के लिए प्रतिवेदन भेजा गया है।
दोनों आरोपी — तोमर बंधु — पिछले दो महीनों से फरार चल रहे हैं। पुलिस द्वारा की गई लगातार दबिशों के बावजूद वे गिरफ्त में नहीं आए। इस पर पुलिस ने कोर्ट में उद्घोषणा की प्रक्रिया शुरू की, जिसकी अंतिम तिथि कल निर्धारित है। यदि आरोपी कल कोर्ट में पेश नहीं होते, तो उनकी संपत्तियों को कुर्क करने की कार्यवाही तत्काल शुरू कर दी जाएगी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इससे पहले सूदखोरी से जुड़े मामलों में उनकी पत्नियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के मुताबिक तोमर बंधु लंबे समय से उच्च ब्याज दर पर पैसे देकर जबरन वसूली कर रहे थे, और उन पर कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस जांच के दौरान आरोपियों के निवास से अवैध हथियार भी बरामद किए गए थे, जिससे इनकी गतिविधियों के आपराधिक स्वरूप की पुष्टि होती है। तोमर बंधुओं पर रायपुर के विभिन्न थानों में सूदखोरी, धमकी, वसूली और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोप हैं।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या आरोपी कल कोर्ट में आत्मसमर्पण करेंगे या फिर प्रशासन उनके खिलाफ संपत्ति कुर्की की बड़ी कार्रवाई करेगा।
CG Cabinet Meeting: 19 अगस्त को साय कैबिनेट की बैठक, लिए जा सकते हैं कई महत्वपूर्ण फैसले
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आगामी 19 अगस्त को मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक मुख्यमंत्री साय के विदेश दौरे से पहले होगी और इसका आयोजन मंत्रालय, महानदी भवन में सुबह 11 बजे से किया जाएगा।
बैठक में राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिए जाने की संभावना है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि इसमें कई प्रमुख विषयों को शामिल किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी निर्णय होंगे, उनकी जानकारी बैठक के बाद साझा की जाएगी।
इस बैठक को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में खासा ध्यान है, क्योंकि यह मुख्यमंत्री साय की विदेश यात्रा से पूर्व होने वाली आखिरी कैबिनेट मीटिंग है।
GRP को मिली बड़ी सफलता: दुर्ग रेलवे स्टेशन से अपहृत 18 माह का बालक तमिलनाडु से सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर/दुर्ग। शासकीय रेल पुलिस (GRP) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दुर्ग रेलवे स्टेशन से अपहृत 18 माह के मासूम बच्चे को तमिलनाडु के तंजावूर से सकुशल बरामद कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी अरुमुगम (45 वर्ष), निवासी तिरूनिलपुडी, तंजावूर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह घटना 26 जुलाई की रात की है जब सूर्या मानिकपुरी अपनी पत्नी सोनू मानिकपुरी और दो छोटे बच्चों (3 वर्ष एवं 18 माह) के साथ दुर्ग रेलवे स्टेशन स्थित टिकट बुकिंग काउंटर के पास सो रहे थे। सुबह करीब 4 बजे नींद खुलने पर उन्होंने पाया कि उनका 18 माह का बेटा लापता है। तुरंत सूचना देने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइन के अनुसार अपहरण का मामला कायम किया।
रेल पुलिस अधीक्षक रायपुर श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा एवं उप पुलिस अधीक्षक एस.एन. अख्तर के निर्देशन में टीम ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में आरोपी अरुमुगम को मासूम के साथ पुरी-गांधीधाम एक्सप्रेस की बोगी में चढ़ते देखा गया। बाद में वह नागपुर स्टेशन पर भी बच्चे के साथ नजर आया। चंद्रपुर स्टेशन पर जब आरपीएफ ने पूछताछ की तो आरोपी ने बच्चा अपना बताकर आधार कार्ड दिखाया, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।
पुलिस ने सघन छानबीन जारी रखते हुए आरोपी की लोकेशन तमिलनाडु के तंजावूर में ट्रेस की। उप निरीक्षक जनकलाल तिवारी के नेतृत्व में एक टीम वहां पहुंची और बच्चे को सकुशल बरामद कर उसकी मां सोनू मानिकपुरी को सौंपा। मां को देखते ही बच्चा रोते हुए उसकी गोद में चला गया, यह दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था।
आरोपी अरुमुगम को 10 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ बनेगा विश्व मंच का सितारा, ओसाका वर्ल्ड एक्सपो 2025 में धमाकेदार प्रस्तुति!
रायपुर: छत्तीसगढ़ अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। 13 अप्रैल से 13 अक्टूबर 2025 तक जापान के ओसाका में आयोजित होने वाले वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और तेजी से विकास की कहानी प्रस्तुत करेगा। इस बड़े आयोजन में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को विशेष आमंत्रण मिला है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।
एक्सपो का मुख्य विषय है “Designing Future Society for Our Lives” जिसमें “Saving Lives”, “Empowering Lives” और “Connecting Lives” उप-विषय शामिल हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भागीदारी न केवल राज्य की तकनीकी और सांस्कृतिक प्रगति को विश्व पटल पर प्रदर्शित करेगी, बल्कि इसे औद्योगिक विकास के मानचित्र पर भी मजबूती से स्थापित करेगी।
वर्ल्ड एक्सपो को नवाचार और सतत विकास का वैश्विक मंच माना जाता है, जिसमें 160 से अधिक देश और 9 अंतरराष्ट्रीय संगठन भाग ले रहे हैं। भारत की ओर से स्थापित “भारत मंडप” में योग, भरतनाट्यम, बॉलीवुड, और चंद्रयान मिशन को दिखाया जाएगा, जबकि छत्तीसगढ़ अपनी विश्वप्रसिद्ध ढोकरा कला और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) पहल के तहत अपनी अनूठी शिल्पकला के जरिए सबका दिल जीतने को तैयार है।
ओसाका के युमेशिमा आइलैंड पर छत्तीसगढ़ का स्टॉल भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) के आमंत्रण पर लगाया जाएगा, जहां राज्य की आधुनिक प्रगति और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के सहयोग से भी काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, "यह अवसर छत्तीसगढ़ के लिए वैश्विक औद्योगिक विकास के मानचित्र पर अपनी जगह बनाने का है। हम अपनी सांस्कृतिक और औद्योगिक उपलब्धियों को पूरी दुनिया के सामने पेश करेंगे।"
17 अगस्त को भारत लौटेंगे अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, PM मोदी से होगी खास मुलाकात!
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर अपनी ऐतिहासिक 18-दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद, भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला 17 अगस्त को भारत वापसी कर रहे हैं। मिशन के अनुभव साझा करने के लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने वाले हैं।
शुभांशु ने अपने एक्सिओम-4 मिशन के दौरान अमेरिका में लगभग एक साल का प्रशिक्षण लिया था। ISS पर तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ 18 दिन तक विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोग किए। भारत के लिए गर्व की बात यह है कि पीएम मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से शुभांशु का नाम लेकर उनके मिशन की तारीफ की थी।
शुभांशु ने इंस्टाग्राम पर अपनी मुस्कुराती तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा कि वे अपने मिशन के साथ जुड़े सभी दोस्तों और परिवार को याद कर भावुक हैं, लेकिन देश लौटकर अनुभव साझा करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
भारत लौटने के बाद शुभांशु लखनऊ जाएंगे और 22-23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में भाग लेंगे।
शुभांशु ने मिशन से जुड़ी एक लाइन याद दिलाई, जो उनकी कमांडर पैगी व्हिटसन की कही थी, "अंतरिक्ष उड़ान में एकमात्र स्थिर चीज परिवर्तन है," जो जीवन की सच्चाई भी है।
रायपुर: काशीनगर में ड्रग्स सौदे से पहले 3 युवक गिरफ्तार, इलेक्ट्रॉनिक तराज़ू और हेरोइन जब्त
रायपुर:राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीनगर में नशे के सौदागरों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन ड्रग्स पेडलर्स को हेरोइन (चिट्टा) बेचने की फिराक में गिरफ्तार किया है।
टीम ने इनके पास से:
-
6.30 ग्राम हेरोइन (चिट्टा)
-
इलेक्ट्रॉनिक तराज़ू
-
नकदी रकम
-
तीन मोबाइल फोन
बरामद किए हैं। ज़ब्ती की कुल कीमत 1.20 लाख रुपये आंकी गई है।
सूचना, प्लानिंग और एक्शन
मुखबिर से सूचना मिली थी कि काशीनगर स्थित मुक्ति धाम के पास कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, संदीप मित्तल, संजय सिंह, और नरेश पटेल के नेतृत्व में दबिश की योजना बनाई गई। मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी और पता:
-
अर्पित लाल मरकाम (31 वर्ष)
-
निवासी: बूढ़ापारा, शीतला भवन मार्ग, रायपुर
-
-
मनीष राजपाल (24 वर्ष)
-
निवासी: अमलीडीह, सेन्ट जोसेफ स्कूल के पास, रायपुर
-
-
नयन भाटिया (19 वर्ष)
-
निवासी: कटोरा तालाब, गली नं. 02, भाटिया बेकरी, रायपुर
-
कानूनी कार्यवाही:
तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(बी), 29 के तहत थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 516/25 दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।
पुलिस की अपील:
नशे से संबंधित कोई भी जानकारी नजदीकी थाना या गुप्त रूप से एंटी क्राइम यूनिट को दें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
राजनीति में पद नहीं, पहचान थे ला. गणेशन – गवर्नर डेका ने दी नम आँखों से श्रद्धांजलि
रायपुर : छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने आज राजभवन में नागालैण्ड के दिवंगत राज्यपाल ला. गणेशन अय्यर को श्रद्धांजलि अर्पित की। गणेशन जी का निधन बीते दिन हुआ था, जिसके बाद पूरे देश में शोक की लहर है।
राज्यपाल डेका ने पुष्प अर्पित करते हुए कहा –
“गणेशन जी का जीवन केवल पदों का सफर नहीं था, बल्कि सेवा, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति निष्ठा का जीवंत उदाहरण था। वे जनसंपर्क में सहज, व्यवहार में विनम्र और निर्णयों में अडिग थे।”
जनसेवक का जीवन परिचय
-
जन्म: 16 फरवरी 1945
-
मृत्यु: अगस्त 2025
-
राज्यपाल रहे: मणिपुर, पश्चिम बंगाल और नागालैंड
-
नागालैंड में कार्यकाल: 20 फरवरी 2023 से जीवन के अंतिम क्षणों तक
ला. गणेशन ने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा को ही धर्म माना। वे संगठन और प्रशासन दोनों में दक्ष थे। उनकी विचारधारा और सादगी, कई युवा नेताओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी रही।
राजभवन में गूंजा मौन…
श्रद्धांजलि सभा में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, उप सचिव निधि साहू, और राजभवन के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को नमन किया।
राजनीति के संत थे गणेशन
राज्यपाल डेका ने कहा:
"ला. गणेशन जी की राजनीति सत्ता नहीं, संवेदना पर आधारित थी। वे हर पद पर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते थे। आज देश ने एक सच्चा कर्मयोगी खो दिया है।"
पत्नी को बताया ‘मानसिक रोगी’, तलाक की अपील लेकर पहुंचा हाईकोर्ट... लेकिन मिला झटका!
बिलासपुर:एक पति ने अपनी पत्नी पर गंभीर मानसिक बीमारी (सिजोफ्रेनिया) छिपाकर शादी करने का आरोप लगाते हुए विवाह रद्द करने और तलाक की मांग की, लेकिन छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उसकी अपील खारिज कर दी है। कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि सिर्फ मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन से बीमारी साबित नहीं होती, इसके लिए डॉक्टर की गवाही और पुख्ता सबूत जरूरी हैं।
क्या था मामला?
-
भिलाई निवासी दंपती की शादी 3 मार्च 2008 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।
-
शादी के बाद पति को पत्नी के व्यवहार में असामान्यता दिखी – अचानक चिल्लाना, सामान तोड़ना, बच्चों को पीटना आदि।
-
पति को बाद में पता चला कि पत्नी मनोवैज्ञानिक दवाइयां लेती है।
-
उसने दावा किया कि पत्नी जन्म से ही सिजोफ्रेनिया की मरीज थी, और यह तथ्य शादी से पहले छिपाया गया।
क्या कहा कोर्ट ने?
-
पति ने फैमिली कोर्ट में विवाह रद्द करने की याचिका दायर की थी, लेकिन 4 जनवरी 2023 को वह खारिज हो गई।
-
कोर्ट ने कहा कि मानसिक बीमारी साबित करने के लिए केवल प्रिस्क्रिप्शन नहीं, डॉक्टर की गवाही और मेडिकल रिकॉर्ड भी जरूरी हैं, जो पति पेश नहीं कर पाया।
-
पत्नी एक बेटी को लेकर अक्टूबर 2018 में मायके चली गई और फिर नहीं लौटी।
-
अब हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच (जस्टिस रजनी दुबे और जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद) ने भी फैमिली कोर्ट के फैसले को सही ठहराया।
कानूनी नजरिए से बड़ा संदेश
यह केस एक मिसाल है कि:
❗ मानसिक बीमारी का आरोप केवल शब्दों से नहीं, ठोस मेडिकल एविडेंस से ही साबित होता है।
CM साय बोले- ‘मैं आपके डिबेट्स देखता हूँ लगातार’, बीजेपी प्रवक्ता उज्जवल दीपक के लिए बना गर्व का लम्हा!
रायपुर | छत्तीसगढ़:भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता उज्जवल दीपक के लिए बीती रात एक गर्व और सम्मान से भरा लम्हा लेकर आई, जब उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। इस दौरान सीएम साय ने उनके राजनीतिक विश्लेषण और डिबेट्स की खुले मंच पर सराहना की।
मुख्यमंत्री साय ने उज्जवल दीपक से कहा – "मैं आपके डिबेट्स लगातार देखता हूँ।"
इस मुलाकात की जानकारी खुद उज्जवल दीपक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में Twitter) पर साझा की। उन्होंने लिखा:
"कल रात्रि माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भेंट कर प्रदेश प्रवक्ता के नवीन दायित्व हेतु मुझे आशीर्वाद प्राप्त हुआ। जब उन्होंने यह कहा कि ‘मैं आपके डिबेट्स लगातार देखता हूँ’, तो मन सचमुच प्रफुल्लित हो गया। यह मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता के लिए गर्व का क्षण है।"
बीजेपी एक परिवार, और परिवार के मुखिया ऐसे हों तो…
उज्जवल दीपक ने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है जहाँ नेतृत्व हर सदस्य के कार्यों को ना केवल देखता है, बल्कि सम्मानित भी करता है।
उन्होंने लिखा:
"हमारी भाजपा एक परिवार है और इसके मुखिया अपने परिवार के हर सदस्य को ना सिर्फ ध्यान से देखते हैं, बल्कि पीठ थपथपा कर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।"
उज्जवल दीपक कौन हैं?
-
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता
-
राष्ट्रीय टीवी डिबेट्स में भाजपा का मुखर और तथ्यों पर आधारित प्रतिनिधित्व
-
युवाओं में लोकप्रिय और सोशल मीडिया पर सक्रिय राजनीतिक आवाज़
-
क्या आप जानते हैं… आपके पते में 'छत्तीसगढ़' शब्द क्यों है?
रायपुर | छत्तीसगढ़ : क्या आपने कभी सोचा है कि जब आप अपना पता लिखते हैं और उसमें 'छत्तीसगढ़' शब्द लिखते हैं, तो उस शब्द की असली पहचान और उसे दिलाने वाला कौन था?
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज इसका जवाब दिया — “यह श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की देन है।”
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह में बोलते हुए सीएम साय ने कहा —
“आज हम सब गर्व से अपने पते में 'छत्तीसगढ़' लिखते हैं। यह हमारे राज्य निर्माता अटल जी के कारण संभव हुआ। उन्होंने हमारी पहचान गढ़ी।”
'अटल निर्माण वर्ष' की घोषणा
मुख्यमंत्री ने बताया कि:
-
अटल जी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 2025 को ‘अटल निर्माण वर्ष’ घोषित किया गया है।
-
25 सप्ताह तक छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण का रजत महोत्सव मनाया जाएगा।
-
हर विभाग को अटल जी के विजन के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
अधोसंरचना विकास के लिए अलग से बजट भी जारी किया गया है।
विजन 2047 की झलक
सीएम साय ने आगे बताया:
“अटल जी के सपनों के अनुरूप छत्तीसगढ़ तेजी से प्रगति कर रहा है। हमने अगले 25 वर्षों में विकसित राज्य बनने का संकल्प लिया है और इसके लिए 'छत्तीसगढ़ अंजोर विजन-2047' भी तैयार कर लिया गया है।”
सीएम का निजी संस्मरण
विष्णु देव साय भावुक होते हुए बोले:
-
"जब अटल जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, मैं पहली बार सांसद बना था।"
-
"उनकी बातों का, संसद में उनके संबोधन का हम बेसब्री से इंतजार करते थे।"
-
"उनकी भाषा, शैली और दृष्टिकोण ने हमें लोकतंत्र का असली मतलब सिखाया।"
अटल जी के विचारों की गूंज
मुख्यमंत्री ने कहा:
“अटल जी ने सिखाया कि राजनीति सिर्फ सत्ता का खेल नहीं, बल्कि संवाद, सहमति और संवेदना की पराकाष्ठा है। उनके सिद्धांत आज भी हमारे पथप्रदर्शक हैं।”
कार्यक्रम में शामिल अन्य हस्तियां:
-
विधायक पुरंदर मिश्रा
-
राज्य खाद्य नागरिक एवं आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव
सभी ने अटल जी के विचारों को स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।












